
फैजल खान उर्फ खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले और कथित फायरिंग मामले के आरोपी प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने फैजल खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए खान सर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
तेज प्रताप यादव ने आरोप लगाया कि प्रिंस यादव की हत्या कराई गई है और इस मामले में पुलिस खान सर को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने रौशन आनंद की रिहाई की मांग करते हुए कहा कि पूरी घटना की तस्वीर साफ होने के बावजूद पुलिस फैजल खान को गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह दो गुटों के बीच का विवाद था और जिन लोगों के साथ विवाद चल रहा था, उन्हीं पर हत्या करवाने का संदेह है। तेज प्रताप यादव ने बिहार की सम्राट चौधरी सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
इससे पहले तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि ज्ञानबिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद के भाई स्वर्गीय प्रिंस यादव की संदिग्ध मृत्यु/हत्या की खबर से जनशक्ति जनता दल परिवार अत्यंत दुखी और मर्माहत है। इस दुखद घटना पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
जनशक्ति जनता दल सरकार और प्रशासन से मांग करता है कि इस मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराई जाए तथा घटना में शामिल सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
साथ ही पार्टी सरकार से यह भी आग्रह करती है कि रौशन आनंद को मानवीय आधार पर अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाए। इसके लिए उन्हें अस्थायी रिहाई अथवा आवश्यक नियमों के तहत पेरोल प्रदान किया जाए, ताकि वे अपने दिवंगत भाई को अंतिम विदाई दे सकें। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहने की शक्ति दें।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।इसके अलावा पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भी प्रिंस यादव की मौत को हत्या बताया है। इस बीच फैजल खान उर्फ खान सर ने इस पूरे मामले पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है।