
(पटना): बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव सरकार पर लगातार जबानी हमला कर रहे है। तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर के बालिका गृह की लड़कियों के यौन शोषण मामले में सीए नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सुशील मोदी को घेरा है। ट्वीट कर तेजस्वी ने दोनों से इस मामले में चुप्पी साधे रखने का कारण पूछा है।
तेजस्वी यादव नीतीश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। वह सरकार को घेरने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते है। वह अपने ट्वीट का इस्तेमाल हथियार की तरह कर रहे है। इस बार तेजस्वी ने मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण मामले में नीतीश कुमार और सुशील मोदी को आड़े हाथ लिया है। तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा कि:-
मुजफ्फरपुर बालिका गृह उत्पीड़न मामले में सुशील मोदी और नीतीश कुमार गंभीर चुप्पी क्यों साधे हुए है?
किन किन मंत्रियों व सरकारी अधिकारियों के यहां नाबालिग लड़कियों को भेजा जाता था, ये खुलासा करने में किसका डर है? इसलिए की सत्ताधारी दलों के दिग्गज नेताओं के नाम सुनने में आ रहे है।
तेजस्वी ने सुशील मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि लड़कियों को अफसरों और सत्ताधारी नेताओं के पास भेजने की शिकायतें सामने आई हैं। तेजस्वी ने कहा कि सुशील मोदी को बताना चाहिए कि इसमें उनकी पार्टी के कौन से लोग शामिल हैं।
ट्वीट
यह है मामला
मुजफ्फरपुर बालिका संरक्षण गृह से लड़कियों के यौन शोषण का सनसनीखेज खुलासा मुंबई की संस्था टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस ने अपने सोशल ऑडिट में पिछले दिनों किया था। इससे जिला प्रशासन के होश उड़े हुए हैं। जिला बाल कल्याण संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक ने संस्था को चलाने वाले एनजीओ राजकीय सेवा संकल्प समिति के खिलाफ महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।