पटना

गला काटा और सिर लेकर घूमता रहा हत्यारा! तेजस्वी यादव बोले- यह भाजपा की जहर की खेती का नतीजा

बिहार के अररिया में दिन-दहाड़े एक व्यक्ति का सिर काट दिए जाने और उसके बाद भीड़ द्वारा हत्यारे की लिंचिंग किए जाने के बाद राजनीति गरमा गई है। तेजस्वी यादव ने इस हत्या को लेकर सरकार पर हमला बोला है।
2 min read
Apr 09, 2026
TEJSAWI YADAV
फोटो में राजद नेता तेजस्वी यादव (सोर्स: आईएएनएस)

बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में गुरुवार को मामूली विवाद में एक सत्तू बेचने वाले ने दिन-दहाड़े एक पिकअप ट्रक ड्राइवर का गला रेत दिया। इसके बाद भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला। इस दोहरे हत्याकांड ने अब एक राजनीतिक रंग ले लिया है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं और सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने इस घटना को बिहार में व्याप्त बदहाली का एक जीता-जागता उदाहरण बताया।

तेजस्वी यादव का हमला

इस घटना को लेकर तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ये है बिहार के भयावह हालात, जहां एक शख़्स ने सरेआम बीच बाजार दूसरे शख्स का गला काट दिया और सैकड़ों लोगों के बीच उसका सिर लेकर घूमता रहा। महाचौपट राज की इससे बड़ी तस्वीर क्या हो सकती है? यह घटना साफ दिखा रही है कि बिहार में कानून व्यवस्था किस हद तक बदहाल हो चुकी है। और एक बात सिर काट कर घूमने का दृश्य अभी हाल ही में आई प्रोपगंडा फिल्म का दृश्य था, भाजपा सरकार अपने प्रोपेगेंडे के लिए जो जहर समाज में भर रही है ये भी दिल दहलाने वाला है। जहर की खेती का खामियाजा अब दिखना शुरू हो चुका है।'

चेयर के खेल में मस्त नेता, जनता पस्त

तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में हर दिन हत्या, लूट और बलात्कार हो रहे हैं, लेकिन भाजपा-जदयू के नेता केवल मुख्यमंत्री की कुर्सी कौन कब्जाएगा, इस खेल में मस्त हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि चुनाव के समय वे फिर आकर जंगलराज का बेसुरा राग अलापेंगे, लेकिन आज के इस महाचौपट राज पर चुप्पी साधे रहेंगे।'

अपराधियों को कानून का डर नहीं

तेजस्वी यादव ने आगे कहा, 'अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिनदहाड़े सरेआम हत्याएं हो रही हैं और कानून का जरा भी डर नहीं है। बालू-दारू में मस्त-व्यस्त और पस्त एनडीए शासन के कारण बिहार की आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। बिहार में एनडीए राज नहीं, महाचौपट राज है। '

क्या हुआ अररिया में?

जानकारी के अनुसार, फारबिसगंज के मार्केटिंग यार्ड के पास सत्तू विक्रेता रवि चौहान और पिकअप ड्राइवर अली हुसैन के बीच वाहन खड़ा करने को लेकर मामूली विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रवि ने धारदार हथियार से अली हुसैन का सिर धड़ से अलग कर दिया। रूह कंपा देने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी काफी देर तक हाथ में सिर लेकर लोगों के बीच घूमता रहा, जिसे देखकर पूरा बाजार दहल उठा।

वारदात के बाद आक्रोशित भीड़ ने कानून हाथ में ले लिया। आरोपी रवि चौहान जब एक घर में जाकर छिपा, तो सैकड़ों की भीड़ ने उसे बाहर खींच लिया और तब तक पीटा जब तक कि उसकी जान नहीं चली गई। सरेआम हुई इस मॉब लिंचिंग ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने इस दोहरे हत्याकांड की पुष्टि की है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Updated on:
09 Apr 2026 05:21 pm
Published on:
09 Apr 2026 05:21 pm