पटना

पटना में किरायदार बनकर रह रहा था ​नक्सली सुबोध सिंह,पुलिस ने किया गिरफ्तार

पटना और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है...
2 min read
• •
Updated: 26 May 2018, 8:40 PM IST
file photo
file photo

(पटना/बिहार): पटना और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की इस टीम ने कुख्यात माओवादी सुबोध कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बड़े दिनों से इस आरोपी की तलाश मे थी।

पटना में किरायदार बनकर रह रहा था

मिली जानकारी के अनुसार झारखंड पुलिस को गुप्त सूत्रों से सुबोध के पटना में छुपे होने की सूचना मिली थी जिसके बाद उन्होंने पटना पुलिस से संपर्क किया। दोनों राज्यों की पुलिस टीम और पटना की एसटीएफ ने मिलकर सुबोध को पकड़ने की योजना बनाई। सभी गुप्तचरों को सुबोध के बारे में जानकारी जुटाने के आदेश दिए गए। पुलिस को सूचना मिली की सुबोध सिंह कंकड़बाग के भोजपुर कालोनी में रहने वाले शैलेंद्र कुमार द्विवेदी के घर पर बतौर किरायदार रह रहा है।

इलाज के लिए पटना में ठहरा था

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात सुबोध को शैलेंद्र कुमार द्विवेदी के घर से धर दबोचा। बताया जा रहा है कि सुबोध कंकड़बाग के निजी अस्पताल में अपना इलाज करवा रहा था। पुलिस सुबोध सिंह को गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल के लिए पटना के पीएमसीएच लेकर गई।

पुलिस से मुठभेड़ में घायल हो गया था सुबोध सिंह

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 11 मई 2018 को चाईबासा में झारखंड पुलिस व माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसी दौरान पहाड़ से गिरने पर सुबोध सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था। झारखंड पुलिस को तभी से सुबोध सिंह की तलाश थी।

तीन राज्यों में था मोस्ट वांटेड

सुबोध सिंह को गिरफ्तार करना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। बताया जा रहा है कि सुबोध सिंह नक्सली अरविंद के बाद दुसरा शीर्ष माओवादी लीडर है। सुबोध सिंह तीन राज्यों में मोस्ट वांटेड था। सुबोध सिंह पर इनाम भी घोषित किया हुआ था।

Published on: