पटना

Union Budget 2026: ‘2047 के विकसित भारत की मजबूत नींव’, बजट पर बोले सम्राट चौधरी

Union Budget 2026: आम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इसे विकसित भारत के संकल्प की ओर ले जाने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट आम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना और उनकी क्षमताओं का विकास कर विकसित की भारत मजबूत बुनियाद डालेगा।
2 min read
Feb 01, 2026
Union Budget 2026 | samrat chaudhary
बजट भाषण सुनते सम्राट चौधरी (फोटो- X@SamratChaudhary)

Union Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026 पेश किया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के गृह मंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे 2047 तक विकसित भारत के लिए एक मजबूत नींव बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और विकास के उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करता है जहां अधिक मजबूती की आवश्यकता है।

यह 2047 का बजट - सम्राट चौधरी

मीडिया से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बजट 2026 सिर्फ एक साल का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा बजट है जो 2047 में भारत की नींव रखता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह साफ कर दिया है कि देश किस दिशा में विकास करेगा और किन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।

हाई-स्पीड रेल से लेकर सेमीकंडक्टर तक पर फोकस

सम्राट चौधरी ने कहा कि बजट में हाई-स्पीड रेल, सेमीकंडक्टर उद्योग, मत्स्य पालन, फैक्ट्री-आधारित विनिर्माण और जलमार्ग परियोजनाओं के लिए एक स्पष्ट रोडमैप दिया गया है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर के लिए एक पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का विजन भारत को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाएगा।

जिला स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को भी विशेष महत्व दिया गया है। जिला स्तर पर स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने और ICU जैसी सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से घोषणाएं की गई हैं, जिससे आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बजट 2026 में घोषित योजनाएं देश को तेजी से विकसित भारत की ओर ले जाएंगी।

प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को बधाई

सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने 2047 में भारत के लिए एक स्पष्ट विजन पेश किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा और उनकी क्षमताओं का विकास करेगा, जिससे देश को एक मजबूत नींव मिलेगी। उन्होंने इसे विकास, विश्वास और विजन का बजट बताया।

बीजेपी कार्यालय में बजट का सीधा प्रसारण

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में बीजेपी प्रदेश कार्यालय में पूरे बजट भाषण को लाइव सुना। बजट के इस लाइव प्रसारण के दौरान पार्टी के सीनियर नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।