पटना

बिहार में गिरा 6 लेन निर्माणाधीन पुल का स्ट्रक्चर, तेजस्वी बोले- भ्रष्टाचार के बोझ से गिरा पुल, फिर लीपापोती करेगी NDA सरकार

Bihar Bridge Collapse: बिहार के वैशाली जिले के लालगंज में गुरुवार को निर्माणाधीन पुल का बीम लॉन्चर अचानक गिर गया। हादसे को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार पर भ्रष्टाचार और निर्माण गुणवत्ता में अनियमितता के आरोप लगाए हैं।
2 min read
Sep 10, 2026
Vaishali Bridge Accident, Bihar Bridge Collapse
वैशाली में गिरा निर्माणाधीन पुल (फोटो- X@Teajshwi Yadav)

Vaishali Bridge Accident: बिहार के वैशाली जिले के लालगंज में गुरुवार को भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रहे छह लेन पुल का एक बड़ा ढांचा (बीम लॉन्चर) अचानक भरभराकर गिर गया। जलालपुर गांव के निकट गंडक नदी के पास हुए इस हादसे में कई मजदूर और निर्माण कार्य में लगे लोग घायल हो गए। पुल का ढांचा गिरते ही निर्माण स्थल पर धूल का गुबार छा गया, जिससे वहां मौजूद मजदूरों में भगदड़ मच गई।

कई मजदूर घायल, बीम चढ़ाने के दौरान हुआ हादसा

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे में फंसे घायल मजदूरों को तुरंत निकालकर लालगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में छह मजदूरों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि दो मजदूरों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा छपरा-सोनपुर-वैशाली रूट पर छह लेन सड़क और पुल के निर्माण के दौरान बीम चढ़ाने के समय हुआ।

तेजस्वी ने सरकार पर साधा निशाना

इस घटना के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, "बिहार में एक और पुल गिर गया है। वैशाली जिले में भ्रष्टाचार के बोझ से फिर एक ओर निर्माणाधीन पुल गिर जाने से करीब आधा दर्जन मजदूरों के दबने और घायल होने की खबर है। कई मजदूरों की हालत गंभीर है।"

तेजस्वी ने आरोप लगते हुए आगे लिखा, "घटिया निर्माण सामग्री, खराब क्वालिटी, मानकों की अनदेखी, निरीक्षण में गड़बड़ी और NDA नेताओं का भ्रष्ट रवैया ही पुलों के बार-बार गिरने की मुख्य वजहें हैं। उम्मीद के मुताबिक, भ्रष्ट NDA सरकार एक बार फिर अपने भ्रष्टाचार की लीपापोती करेगी।"

प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में क्रेन और मशीनों की मदद से गिरे हुए भारी ढांचे और मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। मौके पर मौजूद बचाव दलों ने यह सुनिश्चित करने के लिए काम किया कि मलबे के नीचे कोई और फंसा न रहे। सुरक्षा कारणों से निर्माण स्थल के पास लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है और संभावित तकनीकी लापरवाही की जांच की जा रही है।

Updated on:
10 Sept 2026 02:44 pm
Published on:
10 Sept 2026 02:34 pm