पटना

विजय चौधरी ने नीतीश कुमार को बताया मुख्यमंत्री, इस्तीफे के बाद पहली बार JDU दफ्तर पहुंचे थे पूर्व सीएम

जेडीयू दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक पैंपलेट में नीतीश कुमार को अब भी बिहार का मुख्यमंत्री बताया गया है। वहीं, डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने भी मीडिया से बात करते हुए नीतीश कुमार ओ मुख्यमंत्री कहा।
2 min read
Apr 26, 2026
bihar politics, नीतीश कुमार
जदयू दफ्तर में नीतीश कुमार

Bihar Politics:बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के 12 दिन बाद रविवार को जदयू कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। जदयू कार्यालय में दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जहां पूर्व मुख्यमंत्री लगभग 10 मिनट तक रुके। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव समेत पार्टी के तमाम कद्दावर नेता जैसे अशोक चौधरी, श्रवण कुमार और लेसी सिंह मौजूद रहे।

विजय चौधरी ने नीतीश को कहा मुख्यमंत्री

जदयू कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा, 'आज मुख्यमंत्री जी (नीतीश कुमार) भामाशाह जी की जयंती के अवसर पर जो पार्टी द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया था उसमें भाग लेने आए थे और कार्यक्रम में भाग लेकर वो दूसरे कार्यक्रम में चले गए। यह पहला कार्यक्रम नहीं है, मुख्यमंत्री जी अनेक अवसरों पर पार्टी दफ्तर आते रहते हैं और कार्यकर्ताओं से मिलते रहते हैं, इससे कार्यकर्ताओं में भी उत्साहवर्धन होता है।'

कार्यकर्ताओं ने किया नीतीश कुमार का स्वागत

इससे पहले जब नीतीश कुमार जदयू ऑफिस पहुंचे तो वहां मौजूद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। करीब 10 मिनट के अपने प्रवास के दौरान नीतीश कुमार काफी खुश नजर आए। कार्यक्रम में खुद पर बने एक विशेष गाने को सुनकर वे मुस्कुराए और उन्होंने न केवल खुद ताली बजाई, बल्कि मंच पर मौजूद अन्य नेताओं से भी तालियां बजवाईं।

बांटे गए पैंपलेट

इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच एक पैंपलेट बांटा गया। हैरानी की बात यह थी कि इस आधिकारिक पैंपलेट में नीतीश कुमार को अब भी बिहार का मुख्यमंत्री बताया गया है। पैंपलेट में लिखा है, 'भामाशाह जैसे महापुरुष को आज के लोग जाने और उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा प्राप्त करते रहे, इसके लिए बिहार के यशस्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई कदम उठाए हैं।'

नीतीश कुमार के 5 संदेश

जेडीयू दफ्तर में बांटे गए पैंपलेट में भामाशाह के परिचय के साथ-साथ नीतीश कुमार के पांच प्रमुख संदेशों का जिक्र किया गया है। ये संदेश नीतीश कुमार की राजनीति के विजन को स्पष्ट करते हैं।

  • काम की राजनीति: मैं काम करता हूं, मेरा काम ही बोलता है।
  • सेवा का संकल्प: राजनीति सेवा के लिए है, मेवा के लिए नहीं।
  • न्याय के साथ विकास: हर क्षेत्र और हर तबके का समावेशी विकास।
  • एकाग्रता का महत्व: आधे मन से कोई बड़ा काम नहीं होता।
  • बिहार की ऊंचाई: बिहार को उस ऊंचाई पर ले जाना चाहता हूं जहां से कोई उसे नीचे न ला सके।

निशांत कुमार को चांदी का मुकुट

नीतीश कुमार के कार्यक्रम से निकलने के तुरंत बाद उनके बेटे निशांत कुमार जेडीयू दफ्तर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया और उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया। इस दौरान जेडीयू परिसर में जमकर नारेबाजी हुई 'बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो।'

मंत्रिमंडल विस्तार पर बोले विजय चौधरी

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के संरक्षक और अभिभावक हैं, उनका कार्यालय आना कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भर देता है। जब उनसे आगामी सरकार की रूपरेखा और मंत्रिमंडल को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि जल्द ही बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भामाशाह जयंती के इस आयोजन के जरिए जेडीयू सामाजिक समरसता और त्याग का संदेश पूरे प्रदेश में पहुंचाना चाहती है।

Updated on:
26 Apr 2026 01:13 pm
Published on:
26 Apr 2026 01:12 pm
Also Read
View All
BJP के ‘सेवा संकल्प’ पर तेजस्वी का तंज, बोले- बाढ़ पीड़ितों के लिए पैसा नहीं, PM के जन्मदिन पर जलाएंगे 100 करोड़ का दीया-बाती

‘आपकी वजह से BJP पनपी, अब पाप धोने का वक्त आ गया’, UCC विवाद के बीच नीतीश कुमार से बोले भाई वीरेंद्र

UCC पर JDU के रुख पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले- संजय झा ने जदयू को किया बर्बाद, जो भाजपा चाहेगी वही होगा

Disha Salian Case: CBI जांच पर पूर्व मंत्री नीरज बबलू बोले- दिशा के हत्यारे पकड़े गए तो सुशांत सिंह राजपूत के कातिलों भी खुलेगा राज

UCC पर बिहार में बढ़ सकती है गृह मंत्री अमित शाह की मुश्किलें, डिप्टी सीएम और जेडीयू नेता विजय चौधरी ने कही समीक्षा की बात