पटना

नीतीश की नई कैबिनेट में इकलौते मुस्लिम मंत्री कौन? BSP के टिकट पर पहली बार जीते थे चुनाव

Bihar New Cabinet: नीतीश कुमार की नई कैबिनेट में इकलौता मुस्लिम चेहरा जमा खान है। लेकिन सवाल यह भी है कि आखिर जमा खान कौन हैं और उनका राजनीतिक सफर कैसा रहा है? आइए जानते हैं जमा खान की राजनीतिक यात्रा और उनके मंत्री बनने तक की कहानी…
2 min read
Nov 20, 2025
bihar politics, bihar news, जमा खान
मंत्री जमा खान (फोटो - X (twitter) @BhaiZamakhan )

Bihar New Cabinet: बिहार में नीतीश कुमार की नई सरकार के गठन के साथ ही 26 मंत्रियों ने शपथ ली। इस बार कैबिनेट में सिर्फ एक ही मुस्लिम मंत्री शामिल हुए हैं जमा खान। जदयू कोटे से मंत्री बने जमा खान पिछले कार्यकाल में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग संभाल चुके हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि उन्हें इस बार कौन-सा मंत्रालय मिलता है।

कौन हैं जमा खान?

जमा खान बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं और एक मजबूत जमीनी नेता माने जाते हैं। जमा खान का जन्म चैनपुर के नौघरा गांव में एक मुस्लिम परिवार में हुआ था। हालांकि खुद जमा खान ने कई बार इंटरव्यू में कहा है कि उनके पूर्वज मूल रूप से हिंदू राजपूत थे, जिन्होंने बाद में इस्लाम धर्म अपनाया। उनके परिवार और हिंदू रिश्तेदारों के बीच आज भी मजबूत रिश्ते कायम हैं। उनकी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा वाराणसी में हुई, जहां उन्होंने 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। बाद में वे सक्रिय रूप से बिहार की राजनीति में उतर गए और लगातार चुनावी मैदान में संघर्ष करते रहे।

2010 में लड़ा था पहला चुनाव

मोहम्मद जमा खान का चुनावी सफर काफी उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। उन्होंने पहली बार 2010 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) की टिकट से कैमूर जिले की चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा, लेकिन वह चुनाव हार गए। इसके बाद 2015 में जमा खान ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) की टिकट से चुनाव लड़ा, लेकिन भाजपा के बृज किशोर बिंद से केवल 671 वोटों से हार गए। जमा खान को 58,242 वोट मिले, जबकि बृज किशोर बिंद को 58,913 वोट मिले थे।

2020 में मिली पहली जीत

2020 के विधानसभा चुनाव में जमा खान ने बहुजन समाज पार्टी की टिकट से पहली बार भारी जीत दर्ज की। उन्हें 95,245 वोट मिले, उन्होंने भाजपा के बृज किशोर बिंद को 24,294 वोटों के विशाल अंतर से हराया। 2020 में जीत के बाद 2021 में जमा खान ने बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर जनता दल यूनाइटेड (JDU) में शामिल हो गए। उन्हें कुछ समय के लिए निष्कासित भी किया गया, लेकिन बाद में उन्हें फिर से बहाल कर दिया गया। JDU में शामिल होने के बाद वह नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बन गए।

नीतीश कैबिनेट का इकलौता मुस्लिम चेहरा

2025 के विधानसभा चुनाव में जमा खान जनता दल यूनाइटेड के टिकर पर पहली बार चुनावी मैदान में उतरे और जीत हासिल की। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बृज किशोर बिंद को 8,362 वोटों के अंतर से हराया। वर्तमान में जमा खान नीतीश कुमार की नई सरकार में इकलौते मुस्लिम मंत्री हैं। ​

Updated on:
20 Nov 2025 02:31 pm
Published on:
20 Nov 2025 02:31 pm