पत्रिका प्लस

Rajasthan Tourist Safety : पर्यटन में राजस्थान आगे, सुरक्षा बल पीछे… प्रत्येक 11 लाख पर्यटकों पर सिर्फ 1 जवान

Rajasthan Tourist Safety : राजस्थान पर्यटकों की इस विशाल संख्या के मुकाबले उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए विशेष रूप से तैनात पर्यटक सहायता बल की संख्या महज 250 है। इनमें भी 232 सुरक्षाकर्मी हैं, जबकि शेष पदों पर समन्वयक, सुपरवाइजर, स्टेनो और वाहन चालक शामिल हैं। पढ़िए महेन्द्र त्रिवेदी की खास रिपोर्ट।
4 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 12:50 PM IST
Rajasthan Tourism
यहां पर्यटकों की संख्या के मुकाबले सुरक्षा बल की भारी कमी। (Photo+Design: Patrika+ChatGpt)

Rajasthan Tourist Safety : राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, किले-महल, धार्मिक स्थल, वन्यजीव अभयारण्य और रेगिस्तानी पर्यटन देश-दुनिया के सैलानियों को आकर्षित कर रहे हैं। पर्यटन के नक्शे पर प्रदेश की पहचान लगातार मजबूत हो रही है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2025 में राजस्थान में घरेलू और विदेशी पर्यटक यात्राओं का आंकड़ा 25 करोड़ के पार पहुंच गया।

पर्यटकों की बढ़ी तादाद, पर सुरक्षाकर्मी नहीं

पूरे साल में 25 करोड़ 44 लाख 48 हजार 500 पर्यटक यात्राएं दर्ज की गई। लेकिन पर्यटकों की इस विशाल संख्या के मुकाबले उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए विशेष रूप से तैनात पर्यटक सहायता बल की संख्या महज 250 है। इनमें भी 232 सुरक्षाकर्मी हैं, जबकि शेष पदों पर समन्वयक, सुपरवाइजर, स्टेनो और वाहन चालक शामिल हैं। एक तरफ प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही करोड़ों में है, दूसरी ओर उनकी सहायता और सुरक्षा की जिम्मेदारी सीमित संख्या में कर्मियों पर है।

पर्यटन विभाग की ओर से यह बल पर्यटकों को मार्गदर्शन देने, पर्यटन स्थलों पर गश्त करने, लपकों से बचाने तथा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगाया गया है। अब पर्यटन सीजन चल रहा है और अक्टूबर से मार्च तक प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आवाजाही बढ़ती है। ऐसे में पर्यटकों की संख्या और उनकी सुरक्षा के लिए उपलब्ध विशेष बल के बीच का अंतर चर्चा का विषय है।

एक साल में 2.22 करोड़ से ज्यादा पर्यटक बढ़े

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में राजस्थान में 23 करोड़ 21 लाख 56 हजार 605 पर्यटक यात्राएं दर्ज हुई थीं। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 25 करोड़ 44 लाख 48 हजार 500 हो गई। इस तरह एक साल में 2 करोड़ 22 लाख 91 हजार 895 पर्यटक यात्राओं की बढ़ोतरी हुई। कुल वृद्धि 9.60 प्रतिशत रही। इसमें घरेलू पर्यटकों की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। वर्ष 2025 में 25 करोड़ 25 लाख 3 हजार 432 घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज हुई। जबकि विदेशी पर्यटक यात्राओं की संख्या 19 लाख 45 हजार 68 रही। वर्ष 2024 के मुकाबले घरेलू पर्यटक यात्राओं में 9.74 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं विदेशी पर्यटक यात्राओं में 6.14 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की चुनौती

यह आंकड़े बताते हैं कि राजस्थान में पर्यटन का दायरा लगातार बढ़ रहा है। जयपुर, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, अजमेर-पुष्कर, सवाई माधोपुर, चित्तौडगढ़़, माउंट आबू और अन्य पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आवाजाही सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग-अलग तरह की चुनौतियां पैदा करती है। पर्यटन विभाग की 2025-26 की रिपोर्ट के अनुसार पर्यटक सहायता बल में कुल 250 पद स्वीकृत हैं। इनमें 232 सुरक्षाकर्मी हैं। इसके अलावा एक समन्वयक, 13 सुपरवाइजर, एक स्टेनो/पीए और तीन वाहन चालक के पद शामिल हैं।

जोधपुर में टैफ में केवल 9 जवान

जवानों की तैनाती भी सभी जिलों में समान नहीं है। जयपुर में सबसे अधिक 93 कर्मियों का स्वीकृत बल है। जैसलमेर में 21, अजमेर-पुष्कर में 15, जोधपुर में 13 और उदयपुर में 10 का प्रावधान है। वहीं कई जिलों में पांच से आठ कर्मियों के भरोसे पर्यटक सहायता की व्यवस्था है। पर्यटन अधिकारियों के अनुसार जोधपुर में वर्तमान में एक सुपरवाइजर के अलावा 8 अन्य जवानों की तैनाती है।

पर्यटन सीजन में बढ़ती है सुरक्षा की चुनौती

अक्टूबर से मार्च तक राजस्थान में पर्यटन का मुख्य सीजन रहता है। इस दौरान मौसम अनुकूल होने के कारण देशी और विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में प्रदेश पहुंचते हैं। दिसंबर और जनवरी में विशेष रूप से पर्यटन स्थलों पर भीड़ बढ़ती है। धार्मिक स्थलों पर मेलों और त्योहारों के दौरान भी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक वृद्धि होती है। ऐसे में पर्यटक सहायता बल की जिम्मेदारी केवल रास्ता बताने तक सीमित नहीं रहती। पर्यटकों को अनधिकृत गाइड, लपकों, ठगी, मनमाने किराए और अन्य परेशानियों से बचाना भी इसकी जिम्मेदारी है। विदेशी महिला पर्यटकों की सुरक्षा, अकेले घूमने वाले सैलानियों की सहायता और आपात स्थिति में पुलिस व चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच बनाना भी महत्वपूर्ण है।

सबसे ज्यादा दबाव किन महीनों में?

पर्यटन विभाग के माहवार आंकड़े बताते हैं कि पूरे साल पर्यटकों की आवाजाही एक जैसी नहीं रहती है वर्ष 2025 में दिसंबर में सर्वाधिक 3 करोड़ 9 लाख 79 हजार 950 पर्यटक यात्राएं दर्ज हुई। जुलाई में 2 करोड़ 98 लाख 57 हजार 21 और नवंबर में 2 करोड़ 56 लाख 22 हजार 822 यात्राएं दर्ज की गईं। अक्टूबर से दिसंबर के तीन महीनों में ही 7 करोड़ 67 लाख से अधिक पर्यटक आए। यह अवधि पर्यटन सीजन के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में पर्यटन विभाग और पुलिस के लिए इन महीनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना जरूरी हो जाता है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब समीक्षा जरूरी

प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढऩे के साथ पर्यटक सहायता बल की क्षमता और तैनाती की समीक्षा भी जरूरी हो गई है। गत सितंबर माह में पुलिस महानिदेशक की ओर से प्रमुख पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए थे। इसमें पर्यटक सहायता बल, सीसीटीवी कैमरे, सहायता केंद्र, यातायात प्रबंधन, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा शामिल थी। निर्देशों में यह भी कहा गया कि पर्यटक स्थलों पर पुलिस और पर्यटक सहायता बल की तैनाती वहां आने वाले पर्यटकों की संख्या के अनुरूप होनी चाहिए। लंबे सप्ताहांत और बड़े मेलों के दौरान अतिरिक्त जवान लगाने पर भी जोर दिया गया।

Updated on:
19 Nov 2026, 12:50 PM IST
Published on: