
Exclusive Investigation : मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को शराब से भरे मिनी ट्रक से कुचलने की घटना महज एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश से गुजरात तक फैले अवैध शराब कारोबार के बड़े नेटवर्क की कहानी खोल रही है। एसआईटी की जांच में तस्करी के ऐसे तौर-तरीके सामने आ रहे हैं, जिनसे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शराब को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने के लिए पूरा नेटवर्क अलग-अलग स्तर पर काम कर रहा था। कहीं ट्रक से शराब पहुंचाई जाती थी तो कहीं ड्राइवर बदल दिए जाते थे।
आलीराजपुर में खेप उतारकर दोपहिया वाहनों से गुजरात सीमा पार कराने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है। जांच में कुक्षी से आलीराजपुर और फिर गुजरात तक शराब पहुंचाने के कई रास्तों और ठिकानों की जानकारी मिली है। तस्करी के दौरान हाईवे से बचने के लिए ग्रामीण और आंतरिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाता था। शराब से भरे ट्रक के आगे कार से एस्कॉर्ट करने की जिम्मेदारी भी नेटवर्क के एक अहम किरदार मध्य प्रदेश के केरम सिंह के पास बताई जा रही है। रास्ते में पुलिस की चेकिंग या किसी अन्य खतरे की आशंका होने पर चालक को सूचना देकर वाहन का रास्ता बदलवाया जाता था।
एसआईटी अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। ट्रक के फास्टैग का छह महीने का रिकॉर्ड, आरोपियों के मोबाइल, लैपटॉप, बैंक खातों और जब्त दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। हरदा जिले के टिमरनी में आरोपी मास्टमाइंड राहुल जायसवाल के कार्यालय से मिले 35 लाख रुपए ने भी कारोबार के आर्थिक आकार को लेकर जांच एजेंसियों के सामने नए सवाल खड़े किए हैं।
एसआईटी की पूछताछ में तस्करी के एक ऐसे तरीके की जानकारी सामने आई है, जिसमें शराब को एक ही वाहन से गुजरात तक नहीं पहुंचाया जाता था। सूत्रों के अनुसार, शराब की खेप पहले मालवांचल के कुक्षी क्षेत्र तक पहुंचाई जाती थी। इसके बाद ट्रकों के जरिए आलीराजपुर ले जाकर निर्धारित ठिकानों पर डंप किया जाता था। यहां से शराब को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर दोपहिया वाहनों के जरिए अलग-अलग रास्तों से गुजरात पहुंचाने की बात सामने आई है। इस व्यवस्था के पीछे मकसद बड़ी खेप को एक साथ सीमा पार ले जाने के जोखिम से बचना बताया जा रहा है। बड़े वाहन की जगह छोटे वाहनों का इस्तेमाल होने से आवाजाही पर नजर रखना भी मुश्किल हो सकता था। गुजरात से सटे आलीराजपुर में स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है। केरम सिंह का नाम इस कड़ी में अहम रूप से सामने आया है। हालांकि पुलिस ने इस पूरे मॉड्यूल की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है।
तस्करी के नेटवर्क का एक और अहम तरीका ट्रक के ड्राइवर बदलने से जुड़ा है। पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार, शराब की खेप को आलीराजपुर तक पहुंचाने वाला ड्राइवर ही उसे गुजरात तक नहीं ले जाता था। आलीराजपुर पहुंचने के बाद ट्रक की जिम्मेदारी दूसरे ड्राइवर को सौंप दी जाती थी। इसके बाद दूसरा चालक ट्रक को गुजरात की ओर ले जाता था। इस व्यवस्था से परिवहन की अलग-अलग कडिय़ां अलग-अलग लोगों के हाथ में रहती थीं। एक ही चालक के जरिए पूरी सप्लाई चेन संचालित होने के बजाय जिम्मेदारियां बांट दी जाती थीं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस व्यवस्था में कितने ड्राइवर शामिल थे और अलग-अलग खेपों के लिए कौन-कौन वाहन चलाता था।
एसआइटी की गिरफ्त में आए केरम सिंह की भूमिका केवल शराब की खेप पहुंचाने तक सीमित नहीं होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, हरदा से गुजरात की ओर शराब ले जाने वाले ट्रक के आगे केरंम सिंह कार से चलता था। उसका काम रास्ते में पुलिस चेकिंग और अन्य संभावित बाधाओं पर नजर रखना था। किसी खतरे की आशंका होने पर ट्रक चालक को सूचना दी जाती थी। मिनी ट्रक में शराब छिपाने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए थे। वाहन की बॉडी इस तरह मॉडिफाई कराई गई थी कि बाहर से देखने पर ट्रक खाली नजर आए, जबकि उसके भीतर बने गुप्त कम्पार्टमेंट में शराब भरी रहती थी। खातेगांव की घटना के बाद भी पहली नजर में ट्रक खाली दिखाई दिया था, लेकिन जांच में उसके भीतर शराब से भरा कम्पार्टमेंट मिला।
एसआइटी की पड़ताल में कुक्षी तक शराब पहुंचाने के लिए अलग-अलग रूट इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली है। इनमें इंदौर, देवास और मांडू से निकलने वाले रास्ते शामिल हैं। प्रमुख रूट इस प्रकार बताए जा रहे हैं…इन रास्तों के इस्तेमाल और संबंधित वाहनों की आवाजाही का मिलान पुलिस ट्रक के फास्टैग रिकॉर्ड से कर रही है। हालांकि इन सभी मार्गों पर तस्करी की पुष्टि और प्रत्येक रूट की भूमिका का सत्यापन अभी जांच का विषय है।
शराब तस्करी के नेटवर्क को समझने के लिए एसआइटी ने उस मिनी ट्रक के फास्टैग का करीब छह महीने का रिकॉर्ड निकलवाया है, जिससे टीआई दिलीप पुरी को कुचला गया था। पुलिस यह पता लगा रही है कि ट्रक किन-किन टोल से कब गुजरा और उसकी आवाजाही किन मार्गों पर अधिक रही। शुरुआती जांच में राऊ, पीथमपुर और आलीराजपुर वाला रूट सामने आया है। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि ट्रक की किश्त का भुगतान केरम सिंह की पत्नी के बैंक खाते और एक कियोस्क बैंक खाते से किया जा रहा था। पुलिस ट्रक की बॉडी मॉडिफाई करने वाले व्यक्ति से भी पूछताछ कर चुकी है। अब इन भुगतानों, वाहन के स्वामित्व और तस्करी में उसकी वास्तविक भूमिका के बीच संबंध तलाशे जा रहे हैं।
एसआइटी ने आरोपी राहुल जायसवाल को टिमरनी ले जाकर उसके कार्यालय की पड़ताल की थी। यहां बने कैबिन से 35 लाख रुपए नकद जब्त किए गए। यह राशि साझेदारों के बीच बांटी जानी थी और इसे महज चार दिन के कारोबार की रकम बताया जा रहा है। इस बरामदगी ने शराब कारोबार के आर्थिक लेनदेन को लेकर जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि अलग-अलग साझेदारों के बीच किस आधार पर भुगतान होता था, शराब की आपूर्ति का हिसाब कैसे रखा जाता था और अवैध परिवहन में कितनी रकम खर्च होती थी। जांच में एक्साइज ड्यूटी की चोरी की आशंका भी सामने आई है।
जांच में सामने आया है कि टिमरनी की शराब दुकानों का ठेका पाटेंद्र जायसवाल के नाम पर था, जबकि उनका संचालन राहुल, मनीष और मोहिन जायसवाल देखते थे। दूसरी ओर, बड़वानी में मनीष जायसवाल के नाम पर शराब दुकानों का ठेका होने की जानकारी मिली है, जिसका कामकाज पाटेंद्र देखता था। एसआईटी आरोपियों के बीच साझेदारी, भुगतान, कारोबार के दस्तावेज और अन्य ठेकों की जानकारी जुटा रही है। मनीष के लैपटॉप से मिले रिकॉर्ड और मोबाइल की पड़ताल भी की जा रही है। मोहिन जायसवाल के अहमदाबाद स्थित निवास और कार्यालय से जब्त दस्तावेजों की भी जांच हो रही है। मोहिन की कुछ दिन पहले ही ब्रेन हेमरेज से मौत हुई है। अब एसआइटी उसके साझेदार अल्पेश की भूमिका भी रडार पर है।
देवास के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने पत्रिका से बातचीत में कहा, टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड के बाद से ही पुलिस और एसआइटी हर एंगल के साथ हर तथ्य की जांच कर ही है। अब तक करीब 8 आरोपी पकड़े गए हैं, इनमें से 5 की भूमिका सबसे अहम है। एक आरोपी गुजरात के मोहिन जायसवाल की अस्पताल में मौत हो चुकी है, शेष में मास्टरमाइंड राहुल जायसवाल, आलीराजपुर मेंं शराब के भंडारण व तस्करी का मुख्य किरदार केरमसिंह सहित मनीष जायसवाल और इंदौर व हरदा निवासी आरोपियों से पूछताछ में भी कई अहम इनपुट मिले हैं। इनके आधार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, हम पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचेंगे और तस्करी को पूरी तरह खत्म कर देंगे।