Viral: मर्लिन नाम के सूअर ने इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। वह बटनों के जरिए इंसानों की तरह संवाद करता है।
Internet Sensation: कभी कभी कुदरत ऐसे करिश्मे दिखाती है कि दुनिया दांतों तले अंगुलियां दबा कर रह जाती है। यह ऐसी ही एक दास्तान है। सोशल मीडिया की दुनिया में अक्सर पालतू जानवरों के वीडियो वायरल होते हैं, लेकिन मर्लिन (Merlin) नाम का यह सूअर (Internet Sensation) अपनी खास काबिलियत की वजह से पूरी दुनिया में छा गया है। मर्लिन सिर्फ एक जानवर नहीं, बल्कि अपनी मालकिन से इंसानों की तरह बात (Animal Communication) करने वाला एक स्टार बन चुका है। अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए वह रंगीन बटनों (Smart Training) का इस्तेमाल करता है, जिससे वह अब एक ग्लोबल सेलिब्रिटी (Global Celebrity) बन चुका है। हाल ही में उसकी इसी लोकप्रियता ने उसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) की लिस्ट में शामिल करवा दिया है।
अमेरिका के सैक्रामेंटो में रहने वाला 4 साल का मर्लिन अपनी मालकिन मीना अलाली से बात करने के लिए घर में लगे खास बटन्स का इस्तेमाल करता है। अगर उसे भूख लगती है, तो वह 'खाना' वाला बटन दबाता है और अगर उसे गुस्सा आता है, तो वह 'आई एम मैड' (मैं पागल/नाराज हूँ) वाला बटन दबाने से भी नहीं हिचकता। मर्लिन की मालकिन मीना का कहना है कि वह एक छोटे बच्चे की तरह प्यारा और जिद्दी है। मर्लिन ने न केवल बुनियादी जरूरतें, बल्कि अपनी भावनाओं को भी बटनों के जरिए व्यक्त करना सीख लिया है।
मर्लिन की इस अनोखी प्रतिभा ने उसे इंटरनेट का नया हीरो बना दिया है। इंस्टाग्राम पर मर्लिन के 11 लाख (1.1 मिलियन) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इसी आंकड़े की वजह से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उसे 'इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किया जाने वाला सूअर' का खिताब दिया है। जब वह अपनी मालकिन के साथ सैर पर निकलता है, तो लोग उसे देखने के लिए वैसे ही उमड़ पड़ते हैं जैसे किसी बड़े हॉलीवुड स्टार को देखने के लिए भीड़ जमा होती है।
वियतनामी पॉटबेली नस्ल के सूअर काफी बुद्धिमान माने जाते हैं। मीना ने मर्लिन को शुरुआत में 'बैठने' और 'इंतजार करने' जैसे छोटे कमांड सिखाए थे। बाद में उन्होंने आवाज रिकॉर्ड करने वाले बटनों का प्रयोग किया। मर्लिन अलग-अलग रंगों और प्रतीकों को पहचान कर सही बटन दबाता है। वह इतना समझदार है कि वह घर के अन्य जानवरों जैसे चूहों और कबूतरों के साथ खेलने के लिए भी बटन दबाकर अनुमति मांगता है। अब मर्लिन एक प्रमाणित थेरेपी पिग भी है, जो लोगों का तनाव कम करने में मदद करता है।
मर्लिन की यह कहानी साबित करती है कि अगर सही ट्रेनिंग और प्यार दिया जाए, तो जानवर भी हमारी भाषा और भावनाओं को बखूबी समझ सकते हैं। मर्लिन अगले सितंबर में अपनी मालकिन की शादी में 'रिंग बियरर' बनने वाला है, जिसकी तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है। मर्लिन की लोकप्रियता से प्रभावित होकर अब कई लोग 'माइक्रो पिग्स' को गोद लेने में रुचि दिखा रहे हैं, जिससे जानवरों के प्रति नजरिया बदल रहा है।
(वॉशिंगटन पोस्ट का यह आलेख patrika.com पर दोनों समूहों के बीच विशेष अनुबंध के तहत पोस्ट किया गया है।)