Patrika Special News

Crocodile Sanctuary : 1500 मगरमच्छों का आशियाना जबलपुर, पर ‘सेंचुरी’ का सपना 15 साल से फाइलों में दफन

Crocodile Sanctuary : जबलपुर में परियट नदी से खंदारी जलाशय और नर्मदा तक 1,300 से ज्यादा मगरमच्छों का बसेरा है। अब ये रिहायशी बस्तियों और घरों के आंगन तक पहुंच रहे हैं। इंसानों की सुरक्षा और मगरमच्छों के संरक्षण के बीच क्रोकोडाइल सेंचुरी का सपना अब भी अधूरा है। पढ़िए मयंक साहू की खास रिपोर्ट
3 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 11:19 AM IST
Crocodile Jabalpur Crocodile Sanctuary
15 वर्षों बाद भी मगरमच्छों की'सेंचुरी' का सपना पूरा नहीं हो पाया। (Photo+Design : Rajasthan Patrika+ChatGpt)

Crocodile Sanctuary : जबलपुर की नदियां, जलाशय और उनके आसपास का प्राकृतिक परिवेश मगरमच्छों के लिए किसी सुरक्षित प्राकृतिक घर से कम नहीं है। परियट नदी से लेकर खंदारी जलाशय और नर्मदा के विभिन्न हिस्सों तक बड़ी संख्या में मगरमच्छ मौजूद हैं।

क्रोकोडाइल सेंचुरी के निर्माण का सपना अधूरा

शहर और आसपास के जलस्रोतों में 1,300 से अधिक मगरमच्छ हैं। यही वजह है कि बारिश के मौसम में इनके खेतों, बस्तियों और कई बार घरों के आंगन तक पहुंचने की घटनाएं सामने आती हैं। इसके बावजूद इनके संरक्षण और सुरक्षित रहवास के लिए क्रोकोडाइल सेंचुरी या संरक्षित क्षेत्र विकसित करने की दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। जबकि वर्ष 2009 में चंबल क्रोकोडाइल सेंचुरी के विशेषज्ञों ने जबलपुर का सर्वे कर यहां सेंचुरी की अपार संभावनाएं बताई थीं। लेकिन यह सपना अब तक अधूरा बना हुआ है।

मटामर और रीठी में आमना-सामना

मटामर और रीटी गांव ऐसे इलाकों में शामिल हैं जहां ग्रामीणों और मगरमच्छों का आमना-सामना लगातार होता रहता है। परियट नदी और जलस्रोतों के नजदीक होने के कारण ग्रामीणों का खेतों और पानी वाले क्षेत्रों में आना-जाना रहता है। दूसरी ओर मगरमच्छ भी भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में इन क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। इन गांवों में मगरमच्छों की मौजूदगी अब ग्रामीणों के लिए असामान्य नहीं रह गई है। स्थानीय लोगों को भी इनके व्यवहार की इतनी जानकारी हो गई है कि कई मौकों पर वे वन विभाग को सूचना देने के साथ सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू में सहयोग करते हैं। बच्चों और ग्रामीणों में भी अब मगरमच्छों को लेकर पहले जैसी दहशत नहीं है।

परियट नदी है मगरमच्छों का गढ़

मगरमच्छों का गढ़ बनी परियट कई गांवों से होकर गुजरती है। इसमें सोनपुर, रीठी, घाना, रिठौरी, बाहरा, परसुराम, झुरझुरू, गुटरगोहरी, हिनौता, जैसे गांव शामिल हैं। नदी का मीठा पानी होने के साथ ही स्वच्छ भी है। साथ ही खाने के लिए मछलियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। मगरमच्छों ने इन गांवों के पास अपना अड्डा बना रखा है। नदी का तट रेतीला होने के कारण मगरमच्छों के रिहेबिटेशन के लिए बेहद अनुकूल है।

संरक्षण के नाम पर केवल फेसिंग

मगरमच्छों के सरंक्षण के नाम पर केवल फेसिंग कर छोड़ दी गई। यूएनडीपी के तहत पर्यावरण संरक्षण के तहत मगरमच्छों के संरक्षण की योजना बनाई गई थी। 13 साल पूर्व इसके तहत परियट नदी के दोनों और ऐसे संभावित हिस्से पर फेसिंग का काम कराया गया तो वहीं गांवों में लोगों को जागरूक किया गया। इसमें करीब 65 लाख रुपए की राशि खर्च की गई लेकिन अब यह फेंसिग भी गायब हो गई है। ऐसे में मानवीय दखल भी बढ रही है।

चंबल के विशेषज्ञों ने बताई थी सेंचुरी की संभावना

चंबल क्रोकोडाइल सेंचुरी से विशेषज्ञों की टीम वर्ष 2009 में जबलपुर आई थी। टीम ने परियट नदी और आसपास के गांवों का सर्वे किया था। सर्वे में जबलपुर की आबोहवा, जलवायु, भौगोलिक परिस्थितियां, पक्षियों की बहुतायत, मगरमच्छों के लिए पर्याप्त प्राकृतिक आहार और अंडे देने के लिए उपलब्ध नैसर्गिक स्थान को अनुकूल माना गया था। डॉ.आर. के. शर्मा ने यहां क्रोकोडाइल सेंचुरी विकसित किए जाने की अपूर्व संभावना जताई थी। इसके बाद प्रस्ताव की चर्चा हुई, लेकिन समय बीतने के साथ योजना आगे नहीं बढ़ सकी।

केस 01: पनागर के भरदा गांव में घुस आया मगरमच्छ

चार सितंबर को पनागर के भरदा गांव के पास खाली जगह पर करीब चार फीट का मगर आ गया। मगर को देखकर लोगों में दहशत मच गई। वन विभाग और पंचायत को इसकी सूचना दी गई।

केस 02: खंदारी नाले के पास निकल आया था मगरमच्छ

पांच अगस्त को खंदारी नाले के पास करीब 4 फीट लंबा मगरमच्छ मिलने की घटना प्रकाश में आई। नाले में जब मगरमच्छ लोगों को नजर आया तो वन विभाग को इसकी सूचना दी। जब विभाग की टीम रेस्क्यू के लिए पहुंची तो मगर नाले से गायब हो गया था।

केस 03 : मटामर के गांव में चहलकदमी कर रहा था मगरमच्छ

अगस्त के अंतिम सप्ताह में मटामर क्षेत्र में गांव के अंदर एक मगरमच्छ आ गया था। घर की बाड़ी में मगर पहुंच गया। क्षेत्रीय लोगों ने खुद ही मगर को पकड़कर परियट नदी मे छोड़ दिया गया।

वन्य जीव विशेषज्ञ शंकरेंद्रु नाथ मुखर्जी ने पत्रिका से बातचीत में कहा कि जबलपुर की आवोहवा, खाने के लिए भरपूर भोजन और प्रजनन के लिए अनुकूल जगह है। चंबल क्रोकोडाइल सेंचुरी के विशेषज्ञों ने भी क्षेत्र का सर्वे कर जबलपुर को बनाने की अनुशंसा की थी लेकिन वन विभाग प्रशासन ने इस दिशा में कोई ध्यान नहीं दिया।

Updated on:
19 Nov 2026, 11:19 AM IST
Published on: