Patrika Special News

Banda hooch tragedy : मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी शराब त्रासदी में मौतों का आंकड़ा छुपाया, 40 से ज्यादा मौतों का दावा, देखें पूरी सूची

Banda hooch tragedy : मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के शराब माफियाओं ने मिलकर जहरीली शराब बनाई थी, जिसके पीने से दर्जनों लोगों की मौत हो गई थी। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन सिर्फ 20 मौतों की बात कह रही है जबकि कांग्रेस 40 से ज्यादा मौतों के दावे कर रही है। न्यायिक आयोग मामले की जांच करेगा, जिसकी रिपोर्ट तीन महीने में आएगी। इस बारे में विस्तार से पढ़िए अभिलाष तिवारी की रिपोर्ट।
6 min read
• •
Oct 03, 2026
liquor death in MP
जहरीली शराब से मौत (Photo: Rajasthan Patrika, Designed: ChatGpt)

Banda hooch tragedy : बंडा शराब त्रासदी में प्रशासन के अधिकृत मौके के आंकड़े किसी को भी हजम नहीं हो रहे हैं। प्रशासन जहरीली शराब त्रासदी में सिर्फ 20 लोगों की मौत ही मान रहा है। इधर बंडा विधानसभा के पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी का कहना है कि त्रासदी में कम से कम 45 मौतें हुईं हैं। 40 मृतकों के तो पीएम भी हुए, जो जहरीली शराब सेवन से हताहत हुए थे। इसके बावजूद प्रशासन और सरकार मौत का आंकड़ा छुपा रही है।

मक्के के खेत में बनी थी जहरीली शराब

वर्तमान विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने मृतकों के नाम तय किए हैं। कुछ मृतकों की बिसरा रिपोर्ट आना शेष है, यदि उनमें ऐसा कुछ निकलता है तो बात सामने आएगी। दरअसल पूरा मामला सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ तहसील का मामला है, जहां पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद मक्का के खेत में अवैध शराब बनाई गई थी। अवैध शराब को इथेनॉल की जगह मेथेनॉल से बनाया गया था। मेथेनॉल की मात्रा ज्यादा होने के कारण शराब जहरीली हो गई। शराब माफियाओं ने शराब को क्षेत्र में कम कीमत में सप्लाई कर दिया, जिससे 5 सितंबर से मौतों का सिलसिला शुरू हो गया और 11 व 12 सितंबर तक तीन दर्जन से ज्यादा लोग जहरीली शराब सेवन से मौत के आगोश में चले गए।  

चार मृतकों का पीएम नहीं हुआ, चार अन्य मृतक कानपुर के

कांग्रेस के पूर्व विधायक तरवर सिंह का आरोप है कि शुरुआत में चार लोगों की मौत हुई थी, लेकिन प्रशासन ने उनके पीएम तक नहीं करवाए, ताकि मामला दबाया जा सके। लेकिन सिलसिलेवार मौतों के कारण प्रशासन मामले को दबा नहीं पाया। चार मृतक ऐसे भी थे, जो उत्तर प्रदेश कानपुर के रहने वाले थे, जिनमें तीन शहरी क्षेत्र के थे, एक कानपुर के ग्रामीण क्षेत्र से आता था। सागर जिले के गूगरा, नौराज जैसे गांवों में जहरीली शराब से सबसे ज्यादा मौतें हुईं थीं।

19-20 मृतकों के परिजन को न कोई मुआवजा, न ही अन्य मदद

कांग्रेस का आरोप है कि प्रशासन ने जिन 20 लोगों को जहरीली शराब से मृत होना माना है, उन्हें मुआवजा वितरण में भी लापरवाही की जा रही है। तरवर सिंह ने कहा कि मृतकों के कुछ परिजन को चार लाख का मुआवजा दिया है, तो किसी को दो लाख ही बस दिए हैं। शेष 19-20 मृतकों के परिजन को कोई भी आर्थिक सहायता प्रशासन व सरकार की ओर से उपलब्ध नहीं कराई गई है। यह मामला जितना तेजी से देश भर में चर्चा का विषय बना था, शासन-प्रशासन ने मौतों का आंकड़ा छुपा उसको उतनी ही तेजी से दबा दिया।

इन 20 लोगों की मौत जहरीली शराब से हुई, प्रशासन ने स्वीकारा

  1. उजयार पुत्र विजय सिंह लोधी ग्राम गूगराखुर्द शाहगढ़
  2. गोलू उर्फ चमन पुत्र साहब सिंह लोधी ग्राम गूगराखुर्द शाहगढ़
  3. दिग्विजय पुत्र देवेंद्र सिंह लोधी ग्राम नौराज शाहगढ़
  4. राजकुमार पुत्र नन्नेभाई लोधी ग्राम बमूराभेड़ा बंडा
  5. कम्मू पुत्र सुरु अहिरवार ग्राम नौराज शाहगढ़
  6. सुम्मेर पुत्र पूरन दांगी ग्राम बमूराभेड़ा बंडा
  7. करतार सिंह पुत्र जोधन सिंह लोधी ग्राम नौराज शाहगढ़
  8. राजेंद्र पुत्र मूरत सिंह लोधी ग्राम नौराज शाहगढ़
  9. देशकुमार पुत्र इंदर सिंह लोधी ग्राम बुढऩा शाहगढ़
  10. गोंविद पुत्र कुंजी आठिया ग्राम रवारा शाहगढ़
  11. धनसिंह पुत्र अजीत सिंह ग्राम गूगराखुर्द शाहगढ़
  12. अरविंद पुत्र मुकुंदी विश्वकर्मा ग्राम छापरी बंडा
  13. रुपसिंह पुत्र प्रभु अहिरवार ग्राम पिपरिया इल्लाई बंडा
  14. रोशन पुत्र जगन्नाथ लोधी ग्राम पाटन बंडा
  15. कुलदीप पुत्र कलू सिंह दांगी ग्राम छापरी बंडा
  16. सचिन उर्फ सत्येंद्र पुत्र थानसिंह लोधी ग्राम गूगराखुर्द शाहगढ़
  17. धनसिंह पुत्र परमलाल आदिवासी ग्राम चौकाभेड़ा बंडा
  18. अजय पुत्र गनपत लोधी ग्राम जगथर बंडा
  19. रामस्वरुप पुत्र मलखान अहिरवार ग्राम धुरमार शाहगढ़
  20. विनोद पुत्र कलू रजक ग्राम गूगराखुर्द शाहगढ़

प्रशासन ने इन 19 लोगों की मौत जहरीली शराब से हुई, नहीं स्वीकारा

बंडा शराब त्रासदी का मामला मध्य प्रदेश हाई कोर्ट पहुंचने के बाद सागर जिला प्रशासन को मजबूरी में जहरीली शराब से हताहत हुए मृतकों की सूची जारी करनी पड़ी थी। प्रशासन ने सिर्फ 20 लोगों की मौत ही जहरीली शराब के सेवन से होना माना है। त्रासदी में कुल 40 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें एक शराब बनाने वाले दिनेश शिवहरे का भी नाम शामिल था। लेकिन शेष 19 लोगों की मौत का कारण जहरीली शराब नहीं माना गया है, जबकि ये मृतक भी उन्हीं गांवों के हैं, जहां अन्य लोगों की मौत हुई थी। शेष 19 मृतकों के परिजन ने भी बताया था कि उनकी तबीयत शराब पीने के बाद बिगड़ी थी।

ये हैं 19 मृतकों के नाम, जो प्रशासन ने छिपाए

आनंद रावत
भगवान सिंह
भोपाली आदिवासी
गब्बर लोधी
गोविंद व.छेदीलाल
हरनाम राय
कैलाश अहिरवार
कृष्ण कुमार
नर्मदा पटेल
रमेश सिंह
श्यामा बाई
सुरेंद्र अहिरवार
महेंद्र सिंह
मुकेश सिंह
नर्मदा
नीलेश लोधी
महेश रावत
शंकर आदिवासी
राजधर सेन

मौत के कई दिनों बाद भी शुरू नहीं हो पाई न्यायिक जांच

शराब त्रासदी की न्यायिक जांच के लिए आयोग के गठन को लगभग तीन हफ्ते का समय बीत चुका है। लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक जांच शुरू नहीं हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले की न्यायिक जांच के निर्देश दिए थे, जिसके बाद अधिसूचना जारी की गई थी। जांच मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के रिटायर जस्टिस विष्णु प्रताप सिंह चौहान की अध्यक्षता में होनी है। आयोग का मुख्यालय सागर की तय किया है।

जहरीली शराब के चार सरगना, जिन्होंने दर्जनों लोगों को दे दी मौत

जहरीली शराब के मामले में सागर पुलिस ने कुल 52 लोगों को आरोपी बनाया है, जिसमें अब तक 39 की गिरफ्तार हो चुकी है। इसमें रवि लखेरा, मनीष लोधी उर्फ यशवंत सिंह, चंद्रभान उर्फ चंदू राजपूत और शिवान्जय राजपूत वारदात के मुख्य सरगना थे। इन्होंने सागर के साथ ग्वालियर, मुरैना, दिल्ली और ललितपुर तक अवैध शराब बनाने के लिए तिगड़म बैठाई और फिर ऐसी शराब बनाई, जिसे पीते ही करीब 40 लोगों की मौत हो गई।

रवि लखेरा के फॉमूर्ले से तैयार की गई जहरीली शराब

पुलिस के मुताबिक छत्तरपुर के महोबा का मूल निवासी और ललितपुर में रहने वाला रवि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार था। उसे जहरीली शराब बनाने और उसमें प्रयुक्त होने वाले रसायनों की पूरी जानकारी थी। जांच में खुलासा हुआ है कि उसका संपर्क लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी से था, जिसे उसने अवैध शराब तैयार करने की तकनीक सिखाई थी।

 
मनीष लोधी खुद अपने हाथों से परोसता था जहरीली शराब

मनीष लोधी उर्फ यशवंत सिंह (लाइसेंसी ठेकेदार) का नेटवर्क जहरीली शराब तैयार करने में जुटा हुआ था। यह आरोपी बरेठी शराब दुकान का ठेकेदार था। पुलिस का का कहना है कि उसने वैध कारोबार की आड़ में अवैध शराब का सिंडिकेट चलाया। उसके खिलाफ 11 प्रकरण दर्ज हैं। मामले के खुलासे के बाद सागर रोड स्थित उसके बार को सील कर दिया गया है। दुकान व बार की में लोगों को जहर परोसता था।

 
चंद्रभान उर्फ चंदू : इसी के खेत में बनती थी शराब

सतरवारा निवासी जिला सागर चंदू का नाम इस अवैध धंधे में प्रमुखता से आया है। पुलिस के अनुसार बह शिवान्जय राजपूत के माध्यम से मनीष लोधी के संपर्क में था और उसके मक्के के खेत में ही जहरीली शराब तैयार चंद्रमान की जाती थी। चंदू पर पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

शिवांजय राजपूत के पास थी सप्लाई की जिम्मेदारी

छापरी निवासी शिवान्जय इस पूरे नेटवर्क में अहम भूमिका निभा रहा था। पुलिसिया जांच बताती है कि वह चंदू का रिश्तेदार है और उसने तैयार हुई जहरीली शराब को आसपास के शिवान्जय ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाने में मुख्य भूमिका निभाई।

सागर पुलिस ने तीन आरोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर कर पकड़ा

सागर पुलिस ने इतिहास में पहली बार 12 दिनों में तीन शॉर्ट एनकाउंटर किए। बंडा शराब त्रासदी में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्त में लेने के लिए सागर पुलिस शॉर्ट एनकाउंटर से भी पीछे नहीं हट रही है। सागर पुलिस ने इतिहास में पहली बार 12 दिनों के कम समय में तीन शॉर्ट एनकाउंटर किए। दिलचस्प बात यह है कि इन सभी कार्रवाइयों की टाइमिंग, घटनास्थल, हमलावर रुख और पुलिस की जवाबी कार्रवाई के तरीकों में एक जैसी समानताएं देखने को मिलीं। पुलिस ने 11 से 23 सितंबर के बीच रवि लखेरा, शिवांजय राजपूत और मनीष लोधी का शॉर्ट एनकाउंटर किया। तीनों ही एनकाउंटर रात के सन्नाटे को चीरते हुए 4 बजे से आसपास किए गए। इसके अलावा सभी कार्रवाइयां या तो जिले की यूपी सीमा से लगे जंगलों में हुईं या फिर आरोपी सागर से बाहर जाते हुए या फिर बाहर से सागर में प्रवेश करते हुए हुईं। तीनों ही शॉर्ट एनकाउंटर में पुलिस का मुखबिर तंत्र बहुत सटीक रहा, जिससे दो-दो थानों की पुलिस को संयुक्त कार्रवाई करने का मौका मिल गया।

Updated on:
03 Oct 2026 12:53 pm
Published on:
03 Oct 2026 12:53 pm