Patrika Special News

Success Formula: रायपुर के CA Champions, तीन युवाओं की मेहनत ने लिखी सफलता की नई कहानी

Success Formula: रायपुर के CA टॉपर्स ने मेहनत, अनुशासन और सही रणनीति से सफलता की मिसाल पेश की। अर्नव ने AIR-29, आयुष ने AIR-38 और मुस्कान ने पहले प्रयास में CA Final क्लियर किया।

2 min read
Jun 19, 2026
Success Formula
Success Formula: रायपुर के युवाओं का Success Formula(photo-patrika)

Success Formula: सफलता किसी शॉर्टकट से नहीं बल्कि लगातार मेहनत, सही रणनीति और आत्मविश्वास से मिलती है। सीए फाइनल के नतीजों में रायपुर के युवाओं ने अपनी मेहनत का शानदार उदाहरण पेश किया है। अवंति विहार निवासी अर्नव अग्रवाल ने 424 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 29 प्राप्त की, वहीं तेलीबांधा के आयुष सिंघानिया ने पहले ही प्रयास में AIR-38 हासिल कर शहर का नाम रोशन किया। इसके अलावा देवेंद्र नगर की मुस्कान जैन ने पहले प्रयास में दोनों ग्रुप क्लियर कर सफलता हासिल की।

CA Final Result: तीन रिवीजन और दो मॉक टेस्ट से मिली AIR-29

अर्नव अग्रवाल ने बताया कि सीए फाइनल जैसी चुनौतीपूर्ण परीक्षा के लिए निरंतरता सबसे जरूरी है। छह महीने की तैयारी के दौरान उन्होंने तीन बार रिवीजन किया और दो मूल्यांकित मॉक टेस्ट दिए। शुरुआत में वे देर रात तक पढ़ाई करते थे, लेकिन परीक्षा करीब आने पर अपनी दिनचर्या बदली और नियमित समय पर पढ़ाई शुरू की। अर्नव का कहना है कि रैंक के बारे में सोचने से ज्यादा जरूरी अच्छे पेपर पर फोकस करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और नियमित मेहनत को दिया।

जिस विषय में इंटर में कम अंक, फाइनल में उसी में 70 नंबर

देवेंद्र नगर की मुस्कान जैन ने पहले प्रयास में सीए फाइनल के दोनों ग्रुप पास किए। खास बात यह रही कि इंटरमीडिएट में जिस डायरेक्ट टैक्स विषय में उनके अंक कम थे, उसी विषय को उन्होंने फाइनल में अपनी ताकत बना लिया और 70 अंक हासिल किए। मुस्कान ने बताया कि छह महीने की तैयारी में उन्होंने क्लासेस के साथ लगातार रिवीजन और मॉक टेस्ट पर ध्यान दिया। उनका मानना है कि किसी भी विषय को सिर्फ याद करने के बजाय समझना जरूरी है।

रैंक नहीं, अच्छे पेपर पर रखें ध्यान

तेलीबांधा निवासी आयुष सिंघानिया ने पहले प्रयास में AIR-38 हासिल की। उन्होंने दो साल की आर्टिकलशिप के साथ ऑनलाइन क्लासेस कीं और करीब नौ महीने तक गंभीर तैयारी की। आयुष के अनुसार पढ़ाई के घंटों से ज्यादा जरूरी है कि रोज का लक्ष्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान रैंक के दबाव के बजाय बेहतर प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए।

रायपुर के इन युवाओं का Success Formula

रायपुर के CA सफल उम्मीदवारों की तैयारी का मंत्र स्पष्ट रहा- नियमित पढ़ाई, अनुशासन और निरंतर मेहनत। उन्होंने बार-बार रिवीजन, मॉक टेस्ट और विषयों को समझकर पढ़ने पर जोर दिया। उनका मानना है कि सिर्फ लंबे समय तक पढ़ना ही नहीं, बल्कि सही रणनीति के साथ लक्ष्य पर फोकस करना सफलता के लिए जरूरी है। CA फाइनल के इन परिणामों ने साबित कर दिया कि बेहतर योजना, आत्मविश्वास और लगातार प्रयास से कठिन से कठिन परीक्षा में भी सफलता हासिल की जा सकती है।

Published on:
19 Jun 2026 04:14 pm