
Ajrakh Print : कपड़े पर उभरते नीले, लाल, काले और पीले रंगों के बीच छिपी है पीढ़ियों की मेहनत, परंपरा और हुनर की कहानी। यह कहानी है बाड़मेर की पहचान अजरख प्रिंट की। कभी यहां के कई परिवारों की आजीविका का आधार रही यह पारंपरिक छपाई आज सिमटती जा रही है।
बदलते फैशन, मशीनों से होने वाली छपाई और नई पीढ़ी की घटती रुचि के बीच कुछ लोग ऐसे हैं, जो इस विरासत को बचाने में जुटे हैं। इन्हीं में एक नाम है 57 वर्षीय नेशनल अवॉर्डी राणामल खत्री का। दादी और पिता से मिले हुनर को उन्होंने केवल संभालकर नहीं रखा, बल्कि उसे नए बाजार तक पहुंचाने का काम भी किया है।
अजरख छापते-छापते राणामल अब रंगाई-छपाई के व्यवसाय में ट्रेडिंग और मार्केटिंग का काम भी कुशलता से कर रहे हैं। उनकी तैयार सामग्री देश के बड़े शहरों तक पहुंच रही है। करीब तीन लाख मीटर कपड़ा तैयार होता है, जिसमें लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा अजरख का है। कला के प्रति लगाव और नए प्रयोग करने की प्रवृत्ति ने उन्हें इस क्षेत्र में अलग पहचान दिलाई है। प्रयोगों के दौरान कई बार रंग बिगड़े तो पिता की डांट भी खानी पड़ी, लेकिन उन्होंने सीखना और नए प्रयोग करना नहीं छोड़ा। इसी हुनर के लिए उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
अजरख शब्द का संबंध अरबी या पश्तो भाषा के नीले रंग से माना जाता है। इसकी पृष्ठभूमि मुख्य रूप से नीली होती थी। डिजाइन में ग्रह-नक्षत्र और ब्रह्मांड की कल्पना दिखाई देती है। अजरख सिंध क्षेत्र के पारंपरिक पहनावे का हिस्सा रहा है। समय के साथ इसमें मुगल शैली के डिजाइन भी शामिल होते गए। पाकिस्तान के हैदराबाद के मुख्य द्वार की डिजाइन से लेकर मध्य पूर्व के अलहाम्ब्रा महल और उज्बेकिस्तान की राजधानी के भवनों तथा चौराहों तक अजरख शैली की छाप देखने को मिलती है।
राणामल के अनुसार उनके पूर्वज बलूचिस्तान से सिंध पहुंचे थे। आजादी के बाद अनेक परिवार राजस्थान सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में आकर बस गए। इसी के साथ अजरख की परंपरा भी यहां पहुंची और बाड़मेर में इसका काम विकसित हुआ।
बाड़मेर में अजरख के अलावा मलीर, धोनासर, हालारी और मेणसार जैसी छपाई की परंपराएं भी रही हैं। इनकी पहचान रंगों और छपाई की तकनीक से होती है। अजरख की पृष्ठभूमि नीली यानी इंडिगो होती है, जबकि मलीर में लाल रंग की पृष्ठभूमि प्रमुख रहती है। धोनासर में हरड़ के आधार पर जंग का पेस्ट लगाकर काला रंग उभारा जाता है। मेणसार में मोम से डिजाइन बनाई जाती थी। इसके लिए मिट्टी के बर्तन में मोम गर्म कर पिघलाया जाता और कपड़े पर रेखाएं बनाई जाती थीं। बाद में कपड़े को रंगने के बाद गर्म पानी में डालने पर मोम हट जाता और उसके स्थान पर सफेद डिजाइन उभर आती थी।
अजरख की छपाई में पल्लांध, मोरड़ी, हांसो, नागण, ठठाई, गिनी, रियाल, खारक, दाणो खारक, इश्कपेच और मोतीचूर जैसी भांतों का उपयोग होता है। इनके ब्लॉक सागवान, शीशम और रोहिड़े की लकड़ी से तैयार किए जाते हैं। हर भांत की अपनी बनावट और पहचान होती है।
पारंपरिक अजरख छपाई में रंग बनाने के लिए वनस्पतियों और प्राकृतिक सामग्री का इस्तेमाल किया जाता था। अनार के छिलके से पीला, मजीठ से लाल, लोहे की जंग से काला और इंडिगो से नीला रंग तैयार होता था। इंडिगो और अनार के मिश्रण से हरा, बबूल की छाल से भूरा तथा मसाक और काट के मिश्रण से गहरा भूरा रंग बनाया जाता था। इस प्रक्रिया में हरड़, अरंडी का तेल, सरसों और तिल का तेल, सोडा खार, चूना, बबूल और धावड़ी का गोंद, इमली का आटा, गुड़, मुल्तानी मिट्टी, फिटकरी, अनार का छिलका, मजीठ, टेसू और धावड़ी के फूल सहित कई सामग्रियों का उपयोग होता था।
पहले कपड़े की छपाई के बाद उसे लंबे समय तक रखा जाता था। कई बार कपड़े की गठरी छह महीने तक भखारी या जमीन के नीचे ऊनी कपड़ों में लपेटकर रखी जाती थी। इसके बाद सर्दियों में नदी पर धुलाई की जाती। कपड़े को नदी के आसपास घास पर फैलाकर सुखाया जाता और उस पर पानी के छींटे दिए जाते थे। इस प्रक्रिया से रंग निखरकर सामने आते थे। समय के साथ छपाई और सफाई की तकनीक में बदलाव आया। वर्ष 1970 से 2000 के बीच सफाई के लिए ब्लीचिंग पाउडर का उपयोग बढ़ा। अब घाण, सुखाने और सोडा खार में धुलाई की प्रक्रिया अपनाई जाती है।
पहले हाथ से बने कपड़े यानी पिछौड़ी और रेजा (खादी) पर अजरख छापी जाती थी। पुरुषों और महिलाओं के पारंपरिक परिधान लूंगी और ओढ़ना तैयार किए जाते थे। अलग-अलग समुदायों के लिए अलग भांत निर्धारित थी। खत्रियों के लिए कोटिबड़ा, जाटों के लिए कटार, माली के लिए चंदनहार, जोशियों के लिए राईदाणा, भीलों के लिए टीकड़ा, मेघवालों के लिए चाबी छाप, रबारियों के लिए बावलिया छाप और विश्नोई समाज के लिए सांडा छाप का उपयोग होता था।
अब अजरख की पहुंच सलवार-कमीज, दुपट्टे, साड़ी, स्टॉल और बेडशीट तक हो गई है। हाथ से छपाई में प्रति मीटर करीब 250 से 450 रुपए लागत आती है, जिसमें कपड़ा, रंग, मसाले और श्रम शामिल हैं। इसके मुकाबले स्क्रीन प्रिंट की लागत 35 से 50 रुपए प्रति मीटर तक रहती है। कपड़ा ईरोड, तिरुपुर और भिवंडी से आता है। कम लागत और तेज उत्पादन के कारण स्क्रीन प्रिंट ने पारंपरिक हस्तछपाई के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
राणामल के अनुसार वर्ष 1950 से 1970 के बीच बाड़मेर में करीब 30 से 40 परिवार अजरख का काम करते थे। अब इनकी संख्या घटकर महज 8 से 10 रह गई है। मलीर, धोनासर, हालारी, मेणसार, बंधेज और सिरक पथरने जैसे कामों से जुड़े परिवार भी तेजी से कम हुए हैं। बंधेज का काम करने वाले कुछ परिवार आज भी इस परंपरा को बचाए हुए हैं।
अब अजरख में स्क्रीन प्रिंट और सिंथेटिक रंगों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। बड़े ब्रांडों की मशीन आधारित छपाई ने भी पारंपरिक कारीगरों के सामने बाजार की चुनौती खड़ी की है। पहले प्राकृतिक रंगों और हाथ की छपाई से तैयार होने वाले कपड़े की अपनी अलग पहचान थी, लेकिन अब कम कीमत में उपलब्ध मशीन प्रिंट के कारण हस्तनिर्मित कपड़े को प्रतिस्पर्धा करनी पड़ रही है।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) तथा नेहरू युवा केंद्र संगठन (NYKS) से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी रहे डॉ. भुवनेश जैन ने पत्रिका से बातचीत में कहा, 'अब इस काम में खत्री समाज के अलावा रावणा राजपूत, मेघवाल और जाट समाज के लोग भी अलग-अलग स्तर पर जुड़े हैं। हाथ से छपाई में खत्री कारीगर, स्क्रीन प्रिंट में जाट और सहायक कार्यों में मेघवाल व रावणा राजपूत परिवारों की भागीदारी है। इसके बावजूद नई पीढ़ी इस हुनर को अपनाने में रुचि नहीं दिखा रही है। राणामल और उनके जैसे दूसरे कारीगरों की चिंता है कि यदि समय रहते इस कला को संरक्षण नहीं मिला तो आने वाले समय में यह परंपरा केवल पुराने कपड़ों और यादों तक सिमट सकती है। उनका मानना है कि गुजरात में जिस तरह अजरखपुर विकसित कर इस कला को दुनिया से जोड़ा गया, उसी तर्ज पर बाड़मेर में भी अजरख के लिए विशेष केंद्र विकसित होना चाहिए। इससे कारीगरों को बाजार, प्रशिक्षण और पहचान मिलेगी। साथ ही नई पीढ़ी भी इस पारंपरिक शिल्प से जुड़ सकेगी।'