Patrika Special News

Unique Names of Bhagwan : चादरवाले, रेलेश्वर से टंकेश्वर तक… भक्तों ने भगवान को दिए अनूठे नाम

Unique Names of Bhagwan : कहीं तालाब के ओवरफ्लो से बने चादरवाले बालाजी, तो कहीं रेलवे स्टेशन के पास विराजे रेलेश्वर महादेव। राजस्थान में आस्था के मंदिरों या भगवानों के भक्तों को ऐसे उपनाम दिए, जिनमें लोकजीवन की दिलचस्प कहानी छिपी है। इस बारे में पढ़िए नागेश शर्मा की विशेष रिपोर्ट।
5 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 11:29 AM IST
Unique Names of bhagwan
भक्तों ने दिए भगवान को अनूठे नाम (Photo+Designed-Patrika+ChatGpt)

Unique Names of Bhagwan: राजस्थान की लोक संस्कृति में आस्था केवल मंदिरों, मूर्तियों और धार्मिक परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आसपास के परिवेश के साथ भी गहरे जुड़ी हुई है। यहां देवी-देवताओं के नामकरण में भी लोगों की कल्पनाशीलता, स्थानीय परिस्थितियों और जनमानस की भावनाओं की झलक मिलती है। कहीं तालाब के पानी की चादर से बालाजी का नाम चादरवाले बालाजी पड़ गया, तो कहीं रेलवे स्टेशन के नजदीक विराजे महादेव रेलेश्वर महादेव कहलाने लगे।

टंकी के पास मंदिर तो टंकेश्वर महादेव

ब्यावर जिले के रायपुर मारवाड़ में पानी की टंकी के पास स्थापित महादेव टंकेश्वर महादेव के नाम से पहचाने जाने लगे। जयपुर में महलेश्वर महादेव, खोले वाले हनुमान, पापड़ वाले हनुमान जी जैसे नाम भक्तों ने भगवान को दिए हैं। सुनने में ये नाम भले ही कुछ अलग और अनूठे लगें, लेकिन इनके पीछे स्थानीय इतिहास, लोकविश्वास और आस्था की दिलचस्प कहानियां जुड़ी हैं।

जहां जैसा परिवेश, वैसा नाम

पाली शहर में तालाब के ओवरफ्लो होने पर पानी की चादर बहती थी। पानी के इस खूबसूरत दृश्य के नजदीक ही बालाजी की स्थापना हुई। धीरे-धीरे लोगों ने उन्हें चादरवाले बालाजी कहना शुरू कर दिया। नाम इतना प्रचलित हुआ कि यही उनकी पहचान बन गया। आज भी यह नाम सुनते ही स्थानीय लोगों के जेहन में उस स्थान और उससे जुड़ी आस्था की तस्वीर उभर आती है।

नागौर में रेलेश्वर महादेव

इसी तरह नागौर में रेलवे स्टेशन के नजदीक महादेव की स्थापना हुई तो उनका नाम रेलेश्वर महादेव पड़ गया। नाम में रेलवे स्टेशन के आसपास के परिवेश की छाप साफ दिखाई देती है। ब्यावर जिले के रायपुर मारवाड़ में जलदाय विभाग की पेयजल सप्लाई टंकी के समीप महादेव विराजे तो भक्तों ने उन्हें टंकेश्वर महादेव नाम दे दिया। वहीं, दीपावास के पास रेलवे पुल के निकट स्थापित महादेव पुलेश्वर महादेव के नाम से प्रसिद्ध हो गए।

इन नामों में न तो कोई कठिन संस्कृतनिष्ठ शब्द है और न ही किसी लंबे धार्मिक आख्यान का सहारा। स्थानीय लोगों ने अपने आसपास की चीजों को ही देवी-देवताओं की पहचान से जोड़ दिया। यही वजह है कि ये नाम आम बोलचाल में आसानी से जगह बना लेते हैं।

पटक पछाड़ और घोड़ा पछाड़ बालाजी भी

प्रदेश में देवी-देवताओं के नामकरण की यह परंपरा केवल स्थानों और आसपास की संरचनाओं तक ही सीमित नहीं है। यहां पटक पछाड़ और घोड़ा पछाड़ बालाजी जैसे नाम भी सुनने को मिलते हैं। इन नामों के पीछे भी अलग-अलग लोककथाएं और चमत्कार से जुड़ी किंवदंतियां प्रचलित हैं। कहीं किसी घटना को भगवान की कृपा से जोड़कर नाम प्रचलित हुआ तो कहीं किसी विशेष मान्यता ने उस स्थान को अलग पहचान दे दी।

प्रशासन पछाड़ महादेव का नामकरण की क्या है कहानी?

ऐसे नाम पहली बार सुनने वाले व्यक्ति के मन में सहज ही जिज्ञासा पैदा करते हैं कि आखिर किसी देवस्थान का नाम ऐसा क्यों पड़ा होगा? यही जिज्ञासा लोगों को उन स्थानों की कहानी जानने के लिए प्रेरित करती है। लोकजीवन में प्रचलित ये नाम केवल धार्मिक पहचान नहीं हैं, बल्कि पीढ़ियों से सुनाई जाती रही कहानियों के वाहक भी हैं। ऐसा ही एक वाकया पाली शहर में हुआ। यहां वीडी नगर में सड़क के बीच महादेव की स्थापना कर दी। इस निर्णय पर प्रशासनिक अ​धिकारियों ने ऐतराज किया तो लोगों ने रातोंरात चबूतरा बनाकर नाम रख दिया प्रशासन पछाड़ महादेव। हालांकि बाद में यह नाम बदल दिया गया। सांडेराव गांव में नींबू बगीचे में विराजे महादेव का नाम रख दिया नींबों का नाथ।

श्री चादरवाले बालाजी मंदिर (Photo: Patrika)

जब नाम ही बन जाता था राहगीरों का गूगलमैप

बुजुर्गों के अनुसार, एक समय ऐसा भी था जब कई धार्मिक स्थल आबादी से दूर, जंगलों, पहाड़ियों और दुर्गम रास्तों के बीच हुआ करते थे। वहां तक पहुंचना आज की तरह आसान नहीं था। न मोबाइल फोन थे, न गूगल मैप और न ही रास्ता बताने वाले संकेतक। ऐसे में किसी धार्मिक स्थल तक पहुंचने के लिए आसपास की पहचान बताना ही सबसे बड़ा सहारा होता था।

किसी को बताना होता कि तालाब की चादर के पास बालाजी हैं, रेलवे स्टेशन के पास महादेव विराजे हैं या पानी की टंकी के पास मंदिर है। धीरे-धीरे यही पहचान देवस्थान के नाम में बदलती चली गई। इस तरह नामकरण ने धार्मिक स्थल की पहचान बनाने के साथ लोगों के लिए वहां तक पहुंचने का रास्ता भी आसान किया।

कई बार नामकरण के पीछे किसी खास घटना, चमत्कार या जनश्रुति का भी योगदान रहा। किसी स्थान पर श्रद्धालुओं की मन्नत पूरी होने की बात प्रचलित हुई तो उस घटना से जुड़ा नाम लोगों की जुबान पर चढ़ गया। समय के साथ वह नाम इतना लोकप्रिय हुआ कि मूल नाम पीछे छूट गया और लोकप्रचलित नाम ही स्थायी पहचान बन गया।

लोक संस्कृति का जीवंत दस्तावेज हैं ये नाम

राजस्थान में जगहों और धार्मिक स्थलों के नामकरण की परंपरा स्थानीय बोली, भौगोलिक परिस्थितियों और जनमानस की सोच से प्रभावित रही है। कहीं किसी पेड़ के कारण स्थान की पहचान बनी तो कहीं तालाब, कुएं, पहाड़ी, नदी, रास्ते या किसी पुरानी घटना ने नाम दे दिया। धार्मिक स्थलों के मामले में भी यही लोकपरंपरा दिखाई देती है। इन नामों की खासियत यह है कि इन्हें याद रखने के लिए किसी विशेष प्रयास की जरूरत नहीं पड़ती। चादरवाले बालाजी, रेलेश्वर महादेव, महलेश्वर महादेव, टंकेश्वर महादेव और पुलेश्वर महादेव जैसे नाम अपने आप में उस स्थान का परिचय दे देते हैं। नाम सुनते ही आसपास के परिवेश का अंदाजा लग जाता है। यही लोकभाषा की सबसे बड़ी खूबसूरती है कि वह जटिल बात को भी सहज और सरल बना देती है।

श्री खोड़िया बालाजी मंदिर (Photo: Patrika)

आज समय बदल गया है। धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिए पक्की सड़कें बन गई हैं। कई जगहों पर आबादी का विस्तार हो गया है। रेलवे स्टेशन, पुल और पानी की टंकियां भी रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बन चुकी हैं। तकनीक ने रास्ते ढूंढना आसान कर दिया है, लेकिन इन देवस्थानों के नाम आज भी अपनी पुरानी पहचान को संजोए हुए हैं।

भगवान के नाम में लोकजीवन की झांकी

दरअसल, ये नाम केवल किसी देवी-देवता को पुकारने का माध्यम नहीं हैं। इनमें किसी गांव या शहर का भूगोल, पुरानी पीढ़ियों की स्मृतियां, लोकविश्वास और आस्था एक साथ समाए हुए हैं। चादरवाले बालाजी से लेकर टंकेश्वर महादेव तक की यह नामकरण परंपरा बताती है कि राजस्थान में आस्था को व्यक्त करने का अंदाज भी कितना अनूठा है। यहां भगवान के नाम में लोकजीवन की झांकी दिखाई देती है और हर नाम अपने भीतर एक कहानी समेटे हुए है।

Updated on:
28 Nov 2026, 11:29 AM IST
Published on: