Patrika Special News

Mamata Banerjee की तृणमूल कांग्रेस की दरकी जमीन: ‘मां माटी मानुष’ से ‘मट्टी पलीद’ तक! जानें सबकुछ

Mamata Banerjee TMC Lost: ममता बनर्जी ने 2011 के विधानसभा चुनाव में वामपंथी सरकार को ​सत्ता से बेदखल किया था। राज्य की मुख्यमंत्री बनने के बाद ममता ने वामपंथी सरकार के 34 वर्षों के शासन की ऑडिटिंग कराई थी। उन्हें एक भी घपला और घोटाला नहीं मिला। राज्य में ममता की जमीन खिसकती रही, लेकिन क्या ममता ने अपनी राजनीति, रणनीति की ऑडिटिंग कराई? पढ़िए विस्तृत रिपोर्ट।

5 min read
May 05, 2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी को बीजेपी ने दी करारी शिकस्त (Photo: IANS)

Mamata Banerjee Lost Election: पश्चिम बंगाल में तृणमूल को विधानसभा की 294 सीटों में से सिर्फ 81 ही सीटों पर जीत मिली। ममता बनर्जी भी भवानीपुर सीट से 15 हजार से ज्यादा के मतों के अंतर से हार गईं। पश्चिम बंगाल में 34 वर्ष वामपंथी सरकार को ममता बनर्जी ने वर्ष 2011 में कांग्रेस के साथ मिलकर उखाड़ फेंका था। वर्ष 2026 के चुनाव में बीजेपी ने ममता सरकार को उखाड़ फेंका। बंगाल में वामपंथ सरकार के समय महिलाओं की सुरक्षा और नेताओं के स्तर पर भ्रष्टाचार के मामले नहीं सुने गए। ममता बनर्जी जब पहली बार सीएम बनीं तब उन्होंने वामपंथ सरकार के 34 वर्ष के शासनकाल की ऑडिटिंग करवाई थी, उनके हाथ एक भी मामला नहीं आया। वहीं ममता के शासन में उनकी सरकार के कई मंत्रियों और नेताओं के नाम भ्रष्टाचार के मामले में लिप्त पाए गए।

ममता ने कभी अपनी पार्टी की नहीं कराई ऑडिटिंग

ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ने खुद को 'मां, माटी और मानुष' की पार्टी के रूप में स्थापित किया और लगातार कई चुनावों में सफलता हासिल की। हालांकि, समय-समय पर हुए कुछ चुनावों विशेषकर लोकसभा, पंचायत या नगर निकाय स्तर पर हुए इलेक्शन में टीएमसी को झटके भी लगे हैं, लेकिन टीएमसी सत्ता के मद में चूर रही और कभी भी अपनी हार की ऑडिटिंग ढंग से नहीं कराई। आइए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरे देश की नजर थी, उसमें तृणमूल के हार की वजहों को समझने की कोशिश करते हैं।

सिंगूर में लड़कर ममता बनर्जी ने छीनी वामपंथ से सत्ता

ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के साथ मिलकर वर्ष 2011 में विधानसभा चुनावी जंग में भाग लिया। विधानसभा की कुल 294 सीटों पर चुनाव लड़ा और 227 सीटें अपनी झोली में करने में सफलता हासिल की। इस चुनाव में गठबंधन का वोट शेयर लगभग 39% था। वर्ष 2006 विधानसभा चुनाव में 294 में वाम मोर्चा को 235 सीटें मिली। माकपा को अकेले 176, सीपीआई को 23, फॉरवर्ड ब्लॉक को 21 और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी को 20 सीटें मिली थीं। यह वाम मोर्चा की पश्चिम बंगाल राज्य में लगातार 7वीं जीत थी, लेकिन 2011 में वामपंथी दल सिर्फ 62 सीटों पर ही सिमट गई। दरअसल, ममता बनर्जी ने सिंगूर और नंदीग्राम में टाटा मोटर्स के नैनो कार की फैक्ट्री लगाने के खिलाफ जोरदार आंदोलन किया और वामपंथी पार्टियों की मजदूरों और सर्वहारा की राजनीति का पर्दाफाश कर दिया। नतीजा यह हुआ कि वामपंथी पार्टी के हाथ से सत्ता छिटक गई।

राज्य में ममता की स्वीकार्यता बढ़ती चली गई

तृणमूल कांग्रेस ने 2011 का चुनाव जीतने के बाद राज्य के विकास के लिए कई काम किए। उनकी लोकप्रियता और स्वीकार्यता पश्चिम बंगाल में बढ़ती चली गई। इसका नतीजा यह हुआ तृणमूल ने वर्ष 2016 में अकेले चुनाव लड़ा और 211 सीटें जीतीं। पार्टी के वोट शेयर में 5.9 फीसदी की बढ़ोतरी हुआ। इस बार पार्टी की झोली में लगभग 44.9% वोट गिरे। यह पार्टी की राज्य में मजबूत पकड़ को दर्शाता है। तृणमूल ने अगले विधानसभा चुनाव यानी 2021 में 213 सीटें जीतीं। इस बार वोट प्रतिशत पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले 3 फीसदी यानी 47.9% का इजाफा हुआ। हालांकि, राज्य में विपक्षी पार्टी बीजेपी भी अपना जनाधार मजबूत करने में पूरे जोरशोर से लगी रही और 2016 में उसे जहां सिर्फ 10% वोट मिला था, वह 2021 में बढ़कर 38% तक पहुंच गया।

लोकसभा चुनावों में फिसलती चली गई तृणमूल

तृणमूल कांग्रेस ने वर्ष 2011 में विधानसभा का चुनाव जीतकर राज्य में सरकार बनाने के बाद वर्ष 2014 में पहला लोकसभा चुनाव अकेल ही लड़ा और मोदी लहर में भी कुल 42 सीटों में से 34 सीटें जीतने में कामयाबी हासिल की। ममता बनर्जी की पार्टी ने इस चुनाव में 39 फीसदी वोट हासिल किए। हालांकि, अगले लोकसभा चुनाव 2019 में तृणमूल को तगड़ा झटका लगा। इस बार वोट शेयर में 4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, लेकिन 2014 के मुकाबले 2019 में सीटें काफी कम रह गई। इस बार वह मोदी लहर के आगे टिक नहीं पाईं। तृणमूल कांग्रेस के सांसद 34 से कम होकर सिर्फ 22 रह गए। बीजेपी ने 40 फीसदी वोट शेयर के साथ 18 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की। बीजेपी ने 2014 में सिर्फ दो लोकसभा सीट जीतने में कामयाबी पाई थी। तृणमूल कांग्रेस की छवि कमजोर होती चली गई। इसके अलावा 2018 और 2023 में पंचायत चुनावों में तृणमूल ने बाजी मारी लेकिन इसमें हुई चुनावी हिंसा को लेकर बीजेपी ने ममता की पार्टी पर हिंसा और गुंडागर्दी के आरोप लगाए। चुनावी हिंसा की खबरों ने राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की छवि को प्रभावित किया।

सिंगूर में 'मां, माटी और मानुष' का गढ़ा नया नारा

किसी भी नए राजनीतिक दल के लिए सत्ता की सीढ़ी चढ़ना जितना कठिन है, उससे कहीं ज्यादा खुद को सत्ता में बनाए रखना है। दरअसल, सत्ता में बैठी पार्टी को बदलते हुए वक्त और जनता की अपेक्षाओं को समझना और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना बहुत मुश्किल काम होता है। तृणमूल की नेता ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की वामपंथी सरकार द्वारा सिंगूर में टाटा को दी गई हजारों एकड़ खेती की जमीन को मुद्दा बनाया और राज्य के साथ पूरे राष्ट्र का ध्यान अपनी ओर खींचने में कामयाबी हासिल की। ममता ने 'मां, माटी और मानुष' का नया नारा गढ़ा और टाटा मोटर्स को बंगाल से खदेड़कर दम लिया। लेकिन जनता वोट देती है तो उन्हें रोजी चाहिए, रोटी चाहिए, कपड़ा चाहिए और खुद की सुरक्षा का भरोसा चाहिए। ममता ने अपने शुरुआती वर्षों में विकास, कल्याणकारी योजनाओं और करिश्माई नेतृत्व के दम पर जनता का विश्वास जीता, लेकिन समय के साथ कई ऐसी परिस्थितियां बनीं, जिन्होंने पार्टी के प्रदर्शन को प्रभावित किया।

ममता राज में भ्रष्टाचार: शिक्षक भर्ती घोटाले में मंत्री की गिरफ्तारी

  • वर्ष 2022 में शिक्षक भर्ती घोटाला (SSC Scam) सामने आया। तृणमूल सरकार में मंत्री पार्थ चटर्जी पर घोटाले का आरोप लगा।
  • इस घोटाले में पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार किया गया।
  • ईडी और सीबीआई के छापे में पार्थ के करीबी के घर से 50 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद हुई।

ममता के राज हुआ कोयला घोटाला

  • 2018–2019 में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की खदानों से अवैध कोयला खनन की शिकायतें बढ़ीं।
  • यह आरोप लगा कि खदानों से कोयला चोरी कर काले बाजार में बेचा जा रहा है
  • कई टीएमसी नेताओं के नाम जांच में सामने आए।
  • 2020 में सीबीआई (CBI) ने आधिकारिक जांच शुरू की। इस मामले में अनूप माझी उर्फ 'लाला' को मुख्य आरोपी माना गया।
  • इन मामलों की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा की गई। अभी इस मामले में फैसला नहीं आया है।

मवेशी तस्करी के मामले में TMC नेता की हुई थी गिरफ्तारी

  • 2019 में भारत–बांग्लादेश सीमा (पश्चिम बंगाल बॉर्डर) पर मवेशी तस्करी की शिकायतें सामने आईं।
  • 2020 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने केस दर्ज किया। BSF कमांडेंट सतीश कुमार इस मामले में संलिप्तता का आरोप लगा।
  • 2021 में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की।
  • 2022 में इस मामले में टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार किया गया। इनपर तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने और आर्थिक लाभ लेने का आरोप लगाया गया।

पार्टी में फूट भी बनी हार की एक बड़ी वजह

लोकतंत्र की बात करने वाली राजनीतिक पार्टियों के अंदर लोकतंत्र की कमी देखी जाती है। इस मामले में टीएमसी फिट नजर आती है। टीएमसी में ममता का पूरा दबदबा बना हुआ था। एक व्यक्ति के दबदबे वाली पार्टी में संभावनाओं से भरे दूसरे लोगों का दम घुटने लगता है। असम में कांग्रेस से बाहर आए हिमंता बिस्वा शर्मा ने बीजेपी ज्वाइन किया। हिमंता ने राज्य में कांग्रेस पार्टी की कब्र खोद दी। ऐसा पश्चिम बंगाल में भी देखने को मिला। तृणमूल पार्टी के कई बड़े नेता समय-समय पर बीजेपी में शामिल होते चले गए। इसके सबसे बड़े उदाहरण रहे- मुकुल रॉय और शुभेंदु अधिकारी। दोनों राज्य में बीजेपी के बड़े चेहरे के तौर पर उभरकर आए। इस बात की पूरी संभावना है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री के बतौर शुभेंदु अधिकारी का नाम ही सामने आए।

Also Read
View All