Patrika+

अमेरिका में विस्फोटक दस्त से हजारों लोग बीमार, कितनी खतरनाक है यह बीमारी और क्या हैं इसके लक्षण?

आपने कभी सोचा है कि आपके खाने में छिपा एक खतरनाक परजीवी गंभीर बीमारियों का शिकार बना सकता है? अमेरिका में ऐसे ही परजीवी की वजह से हजारों लोग गंभीर बीमारी का शिकार हुए हैं। जानिए क्या है 'विस्फोटक दस्त' जिसके प्रभाव से लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ गया है।
3 min read
Aug 05, 2026
Explosive diarrhea problem
सांकेतिक इमेज (सोर्स- ChatGpt)

अमेरिका में हाल ही में ‘विस्फोटक दस्त’ (Explosive diarrhea) से जुड़ा एक बड़ा स्वास्थ्य संकट सामने आया है, जिसमें हजारों लोग बीमार हुए हैं। अमेरिका में ‘विस्फोटक दस्त’ का कारण एक परजीवी (Cyclospora Cayetanensis) से होने वाली साइक्लोस्पोरियासिस (Cyclosporiasis) बीमारी है। यह बीमारी तेज और पानी जैसी दस्त के साथ होती है, जिसे अक्सर ‘विस्फोटक दस्त’ कहा जाता है। CDC (Centers for Disease Control and Prevention) के अनुसार, इस बीमारी के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आइए जानते हैं क्या है इस बीमारी की असलियत, कारण, लक्षण और भारत में इसका प्रभाव की स्थिति।

संक्रमण के आंकड़े

संयुक्त राज्य में इस बीमारी के कई मामले दर्ज किए गए हैं। CDC के अनुसार, इस वर्ष के गर्मियों में 'विस्फोटक दस्त' के मामलों में वृद्धि देखी गई है। मिशिगन, ओहायो, न्यूयॉर्क सिटी और इलिनॉय में इसके कई मामले दर्ज हुए हैं। मिशिगन में स्वास्थ्य अधिकारियों ने लेट्यूस (सलाद पत्ते) को संभावित कारण माना है।

CDC के मुताबिक, 1 मई से 27 जुलाई तक अमेरिका में साइक्लोस्पोरियासिस के कुल 6,707 मामले सामने आए। साइक्लोस्पोरियासिस से प्रभावित लगभग 423 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। CDC ने कहा कि ये मामले समूहों में सामने आ रहे हैं, जिनमें सलाद से जुड़ा प्रकोप भी शामिल है। इस बीमारी से 9 राज्यों के लोग प्रभावित हुए हैं।

विस्फोटक दस्त से अमेरिका में हजारों लोग बीमार

विस्फोटक दस्त क्या है?

यह सामान्य दस्त से तेज, पानी जैसा और अचानक होता है। इसमें मल बहुत जोर से निकलता है, अक्सर गैस के साथ, जिससे आवाज भी होती है। जब कोई व्यक्ति साइक्लोस्पोरा (Cyclospora) परजीवी से संक्रमित भोजन खाता है या पानी पीता है, तो वह विस्फोटक दस्त का शिकार हो जाता है। यह परजीवी आंत की परत में जाकर बढ़ता है और सूजन पैदा करता है। जिसकी वजह से शरीर पानी और पोषक तत्वों को ठीक से अवशोषित नहीं कर पाता और दस्त तेज हो जाता है।

विस्फोटक दस्त के लक्षण

  • दस्त (अक्सर पानी जैसा और तेज)।
  • पेट में ऐंठन, थकान, भूख में कमी, वजन घटना, कभी-कभी हल्का बुखार और मतली की दिक्कत।
  • आमतौर पर संक्रमित भोजन खाने या पानी पीने के 1 सप्ताह बाद विस्फोटक दस्त के लक्षण शुरू होते हैं।
  • बिना इलाज के बिना यह संक्रमण कई हफ्ते या महीने तक रह सकता है।

भारत में विस्फोटक दस्त की स्थिति

भारत में अभी तक ‘विस्फोटक दस्त’ का कोई बड़ा प्रकोप सामने नहीं आया है। यह बीमारी अमेरिका में गर्मियों में बढ़ती है। भारत में ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली हैं। यदि भविष्य में ऐसा कोई मामला सामने आता है तो स्वास्थ्य विभाग और CDC जैसे संस्थान इसकी जांच करेंगे।

इलाज और सावधानियां

  • विस्फोटक दस्त की बीमारी का इलाज आमतौर पर ट्राइमेथोप्रिम-सल्फामेथोक्साजोल (Bactrim) नामक एंटीबायोटिक से होता है।
  • इस संक्रमित से बचने के लिए फल और सब्जियों को अच्छी तरह धोएं।
  • कटे या छिले हुए उत्पादों को तुरंत फ्रिज में रखें।
  • दस्त तेज हो, बुखार हो या लक्षण लंबे समय तक बने रहें तो डॉक्टर से संपर्क करें।

क्या यह बीमारी खतरनाक है?

अधिकतर मामलों में यह जानलेवा नहीं होती, लेकिन छोटे बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग गंभीर रूप से प्रभावित हो सकते हैं। विस्फोटक दस्त की समस्या होने पर पानी की कमी और दुर्लभ मामलों में पित्त संबंधी दिक्कत (Biliary disease) हो सकती है।

अमेरिका में जांच और नियंत्रण

CDC ने बताया है कि अमेरिका में इस गर्मी में साइक्लोस्पोरियासिस नामक परजीवीजनित बीमारी ने विस्फोटक दस्त का रूप ले लिया है। कई लोग इससे प्रभावित हुए हैं। यह बीमारी आमतौर पर जानलेवा नहीं होती, लेकिन सावधानी और समय पर इलाज जरूरी है। ट्रैकिंग सिस्टम में कटौती के कारण साइक्लोस्पोरियासिस जैसी बीमारियों की निगरानी अब राज्य या स्थानीय स्तर पर ही होती है। जिससे राष्ट्रीय स्तर पर डेटा में देरी होती है। दस्त, बुखार या पेट दर्द जैसी समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और सुरक्षित रहें।

Updated on:
05 Aug 2026 04:31 pm
Published on:
05 Aug 2026 04:31 pm