Patrika+

Kisan Credit Card: 4% ब्याज पर मिलता है खेती के लिए 5 लाख का लोन, जानिए पात्रता और पूरी प्रक्रिया

kisan credit card scheme : किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के तहत अब ₹5 लाख तक का कृषि ऋण केवल 4% प्रभावी ब्याज दर पर पाएं। जानिए KCC की पात्रता, ₹2 लाख की कोलैटरल-फ्री लिमिट, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की पूरी प्रक्रिया।
4 min read
Jul 27, 2026
kisan credit card scheme
kisan credit card scheme : किसान क्रेडिट कार्ड से 5 लाख तक का मिलता है लोन, PC- Patrika

Kisan Credit Card Scheme : खेती आज भी मौसम, बाजार और बढ़ती लागत के बीच एक बड़ा जोखिम भरा काम है। बीज खरीदने से लेकर खाद, सिंचाई और मजदूरी तक हर सीजन में किसानों को नकदी की जरूरत पड़ती है। ऐसे में कई किसान मजबूरी में साहूकारों या महंगे निजी कर्ज का सहारा लेते हैं, जिससे उन पर आर्थिक बोझ और बढ़ जाता है।

किसानों को इस चक्र से बाहर निकालने और कम ब्याज पर आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना शुरू की है। इस योजना के तहत किसान जरूरत के समय तुरंत कृषि ऋण प्राप्त कर सकते हैं और समय पर भुगतान करने पर ब्याज में अतिरिक्त राहत भी मिलती है। आखिर किसान क्रेडिट कार्ड क्या है, कौन इसे बनवा सकता है, कितना लोन मिलता है और आवेदन की प्रक्रिया क्या है, आइए विस्तार से समझते हैं।

कौन बनवा सकता है KCC?

  • भूमि के मालिक किसान
  • बटाईदार (Sharecropper)
  • पट्टेदार किसान (Tenant Farmer)
  • स्वयं सहायता समूह (SHG)
  • संयुक्त देयता समूह (JLG)
  • डेयरी, पशुपालन और मत्स्य पालन करने वाले किसान

कितनी भूमि जरूरी है?

KCC के लिए कोई न्यूनतम भूमि सीमा तय नहीं है। किसान के पास जितनी भूमि है, उसी के आधार पर बैंक और जिला स्तरीय तकनीकी समिति (DLTC) द्वारा तय "स्केल ऑफ फाइनेंस" के अनुसार ऋण सीमा निर्धारित की जाती है। पट्टेदार और बटाईदार किसान भी आवेदन कर सकते हैं।

कितना मिलता है लोन?

ऋण राशि खेती के क्षेत्रफल, फसल और खर्च के आधार पर तय होती है।

  • श्रेणी ऋण सीमा
  • फसल ऋण आवश्यकता के अनुसार
  • ब्याज सब्सिडी (7%/4%) वाली लिमिट ₹5 लाख तक
  • पशुपालन/मत्स्य पालन ब्याज लाभ ₹5 लाख तक
  • कोलैटरल-फ्री लोन ₹2 लाख तक प्रति उधारकर्ता
  • अधिकतम सीमा बैंक के मूल्यांकन के अनुसार

KCC की सीमा 5 वर्ष तक के लिए स्वीकृत की जाती है और हर साल समीक्षा होती है।

किसानों को दो तरह की मिलती हैं लिमिट

ब्याज सब्सिडी वाली लिमिट (₹5 लाख): बजट 2025-26 में सरकार ने घोषणा की थी कि MISS के तहत 7%/4% वाली ब्याज छूट अब ₹3 लाख की जगह ₹5 लाख तक के लोन पर मिलेगी। सरकार ने 28 जुलाई 2025 को संसद में लिखित जवाब देकर इसकी पुष्टि भी कर दी है।

कोलैटरल-फ्री (बिना गारंटी) लिमिट (₹2 लाख): यह बिल्कुल अलग सुविधा है। बिना कोई संपत्ति गिरवी रखे कितना लोन मिल सकता है। यह पहले ₹1.6 लाख थी, जिसे 1 जनवरी 2025 से बढ़ाकर ₹2 लाख किया जा चुका है।

KCC बनवाने से पहले आप अपनी नजदीकी बैंक शाखा जाएं। वहां पर जाकर बैंक कर्मी से पूरी जानकारी लें। भारत सरकार ने किसान कार्ड की लिमिट बढ़ाकर 3 से 5 लाख कर दी है। फिर भी, आवेदन से पहले अपनी बैंक शाखा में लिमिट एक बार जरूर कन्फर्म कर लें, क्योंकि बैंक-दर-बैंक इम्प्लीमेंटेशन में थोड़ा फर्क हो सकता है।

कितना ब्याज लगता है?

सरकार की ब्याज सहायता योजना (MISS) के तहत किसानों को ₹5 लाख तक का अल्पकालिक ऋण 7% वार्षिक ब्याज दर पर मिलता है (बजट 2025-26 में यह लिमिट ₹3 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख की गई थी)।

समय पर भुगतान करने पर

  • यदि किसान समय पर ऋण चुका देता है तो 3% अतिरिक्त प्रोत्साहन (Prompt Repayment Incentive - PRI) मिलता है।
  • इससे प्रभावी ब्याज दर घटकर केवल 4% सालाना रह जाती है।
  • नोट: PRI का लाभ लेने के लिए बैंक में आधार डिटेल्स जमा करना अनिवार्य है।

सरकार कितनी देती है सब्सिडी?

केंद्र सरकार बैंकों को 1.5% ब्याज सब्सिडी देती है ताकि किसानों को सस्ता ऋण मिल सके। इसके अलावा समय पर भुगतान करने वाले किसानों को 3% ब्याज प्रोत्साहन दिया जाता है।

प्राकृतिक आपदा की स्थिति में राहत

  • सामान्य आपदा की स्थिति में पहले साल ब्याज सब्सिडी जारी रहती है
  • गंभीर आपदा की स्थिति में यह लाभ 3 साल तक (अधिकतम 5 साल के लोन पीरियड तक) बढ़ाया जा सकता है
  • ऐसे मामलों में भी 3% का प्रॉम्प्ट रीपेमेंट इंसेंटिव मिलता है

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज

  • आधार कार्ड
  • पैन कार्ड (जहां आवश्यक हो)
  • बैंक पासबुक
  • मोबाइल नंबर
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • खतौनी/खसरा या भूमि रिकॉर्ड
  • पट्टे की भूमि होने पर संबंधित दस्तावेज
  • पशुपालन या मत्स्य पालन से जुड़े प्रमाण (यदि लागू हो)

KCC कैसे बनवाएं?

  • ऑफलाइन प्रक्रिया
  • नजदीकी बैंक शाखा जाएं।
  • KCC आवेदन पत्र लें।
  • आवश्यक दस्तावेज जमा करें।
  • बैंक भूमि और दस्तावेजों का सत्यापन करेगा।
  • पात्र पाए जाने पर KCC स्वीकृत कर दिया जाएगा।
  • किसान को KCC कार्ड और ऋण सीमा उपलब्ध करा दी जाएगी।

ऑनलाइन प्रक्रिया

कई बैंक अब डिजिटल KCC आवेदन की सुविधा भी दे रहे हैं। किसान बैंक की वेबसाइट या संबंधित पोर्टल (जैसे Kisan Rin Portal) पर आवेदन कर सकते हैं।

एक नजर में समझें

सवालजवाब
KCC क्या है?किसानों के लिए सस्ता कृषि ऋण
कौन बनवा सकता है?किसान, बटाईदार, पट्टेदार, पशुपालक
कितनी भूमि जरूरी है?न्यूनतम सीमा तय नहीं
कितना लोन मिलता है?ब्याज सब्सिडी के साथ ₹5 लाख तक
ब्याज दर7%
समय पर भुगतान पर ब्याज4%
सरकारी सहायता1.5% ब्याज सब्सिडी + 3% प्रोत्साहन
कोलैटरल-फ्री लोन₹2 लाख तक
आवेदन कहां करें?बैंक शाखा या ऑनलाइन
जरूरी दस्तावेजआधार, भूमि रिकॉर्ड, बैंक पासबुक, फोटो
Updated on:
27 Jul 2026 11:14 am
Published on:
27 Jul 2026 10:57 am