
दवाई पर लिखी वैल्यू जैसे 100 mg, 200 mg, 500 mg का मतलब और इसका महत्व समझना हर मरीज के लिए जरूरी है। यह सिर्फ एक संख्या नहीं, बल्कि आपकी सेहत और इलाज की सफलता से जुड़ा अहम संकेत है। आइए इसे सरल भाषा में समझते हैं।
दवाई पर लिखे 'mg' का खास महत्व है। रैपर पर लिखा- 100, 200,500 mg उस दवाई में सक्रिय घटक (Active ingredient) की मात्रा बताता है। उदाहरण के लिए, अगर टैबलेट पर 500 mg लिखा है, तो उसमें 500 मिलीग्राम सक्रिय दवा है। यह मात्रा तय होती है, ताकि शरीर में दवा का असर ठीक से हो और सुरक्षित रहे। मिलीग्राम (mg) एक माप की इकाई है, जो ग्राम का 1000वां हिस्सा होता है।
दवा की मात्रा तय करने में कई वैज्ञानिक कारण शामिल होते हैं। सबसे पहले, दवा का असर (Therapeutic effect) और सुरक्षित सीमा (Toxic limit) के बीच का अंतर देखा जाता है। डॉक्टर या फार्मासिस्ट यह सुनिश्चित करते हैं कि दवा की मात्रा इतनी हो कि असर हो, लेकिन नुकसान न हो। इसके अलावा, दवा शरीर में कितनी जल्दी पहुंचती है, कितनी देर तक असर करती है और शरीर से कितनी जल्दी निकलती है? इन सभी बातों का अध्ययन करके दवा की सही मात्रा तय की जाती है।
मरीज को कितने mg की दवाई खानी चाहिए? यह पूरी तरह से बीमारी, दवा और मरीज की शारीरिक स्थिति पर निर्भर करता है। उदाहरण के लिए कुछ दवाएं वजन या किडनी/लिवर की स्थिति के अनुसार अलग-अलग मात्रा में दी जाती हैं। जैसे कि क्रोनिक किडनी फेल्योर वाले मरीजों को सिप्रोफ्लॉक्सासिन 400 mg हर 24 घंटे में दी जाती है, जबकि सामान्य मरीजों को 400 mg हर 12 घंटे में दी जाती है। इसलिए दवा की मात्रा डॉक्टर ही तय करते हैं। किसी भी दवाई का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर्स की सलाह लेना अनिवार्य है। डॉक्टर की सलाह के बिना किसी भी दवाई का इस्तेमाल न करें।
एक ही दवा के अलग-अलग मात्रा (Strengths) के होने के कई कारण हैं। कभी-कभी मरीज की उम्र, वजन या बीमारी की गंभीरता के अनुसार अलग मात्रा की जरूरत होती है। कई बार दवा की उपलब्धता या फार्मेसी की सुविधा के कारण भी अलग मात्रा लिखी जाती है। उदाहरण के लिए, बच्चों के लिए पैरासिटामॉल की तरल दवा 120 mg/5 ml और 125 mg/5 ml दोनों उपलब्ध होती हैं। इससे डॉक्टर और फार्मासिस्ट दोनों भ्रमित हो सकते हैं और गलत मात्रा देने का जोखिम बढ़ जाता है। इसके अलावा फार्मास्यूटिकल कंपनियां अलग-अलग मात्रा में दवा बनाती हैं, ताकि डॉक्टर और फार्मेसी उनके ब्रांड को प्राथमिकता दें।
दवाई का इस्तेमाल करने से पहले मरीजों को डॉक्टर की सलाह और लिखी हुई मात्रा का पालन करना चाहिए। खुद से मात्रा बदलना या दो दवाओं को मिलाना खतरनाक हो सकता है। दवा लेते समय पैकेट पर लिखी मात्रा (mg) और निर्देश ध्यान से पढ़ें। यदि तरल दवा हो, तो मापने के लिए सही माप का इस्तेमाल करें। चम्मच से मापने पर मात्रा में बड़ी गलती हो सकती है। यदि डॉक्टर ने अलग-अलग मात्रा की दवाएं लिखी हैं तो इसका मतलब यह हो सकता है कि इलाज धीरे-धीरे शुरू करके असर और साइड इफेक्ट्स को संतुलित करना है।
यह तरीका 'titration' कहलाता है, जिसमें धीरे-धीरे मात्रा बढ़ाकर सबसे सुरक्षित और असरदार स्तर तक पहुंचा जाता है। दवाई पर लिखी मिलीग्राम की संख्या सिर्फ एक तकनीकी जानकारी नहीं, बल्कि आपकी सेहत से जुड़ा अहम संकेत है। यह बताता है कि दवा कितनी मात्रा में असर करेगी और सुरक्षित रहेगी। डॉक्टर द्वारा तय की गई मात्रा का पालन करें और किसी भी संदेह पर तुरंत उनसे या फार्मासिस्ट से संपर्क करें। इससे इलाज सुरक्षित और असरदार बनेगा।