
आज के डिजिटल युग और तेजी से विकसित हो रहे AI टूल्स के माध्यम से पढ़ने का नजरिया बदल रहा है। किताबें अब सिर्फ पढ़ी नहीं जाएंगी, बल्कि पाठक से बात भी करेंगी। किसी उपन्यास का किरदार समझ न आए, इतिहास की कोई घटना उलझन में डाले या साहित्यिक दर्शन की कोई अवधारणा दिमाग की बत्ती गुल कर दे, तो ज्यादा मशक्कत की जरूरत नहीं है। अब AI के दौर में किताबों से संवाद करना आसान हो गया है। AI बुक कंपैनियन (AI Book Companion) टूल पाठकों को किताबों से सीधे संवाद करने का मौका देता है। आइए जानते हैं AI बुक कंपैनियन क्या है, कैसे काम करता है और कहां उपलब्ध है? इसके उपयोग में क्या चुनौतियां हैं और किसने इसे विकसित किया है।
AI बुक कंपैनियन टूल पाठकों को उसी किताब से सीधे सवाल पूछने और उसी के आधार पर जवाब पाने की सुविधा दे रहे हैं। यह तकनीक पढ़ने के अनुभव को अधिक संवादात्मक बना रही है। अब E-बुक या ऑडियोबुक पढ़ते-सुनते समय यदि पाठक किसी पात्र, कथानक या ऐतिहासिक संदर्भ को लेकर सवाल पूछे तो AI उसी पुस्तक के मूल पाठ का विश्लेषण कर जवाब देता है। मिस्र की कंपनी Sinai.ai के CEO अहमद कमेल कहते हैं कि इससे किताब एक जीवंत वस्तु जैसी बन जाती है। फ्रांसीसी स्टार्टअप 'My Smart Book' ने भी अप्रैल में ऐसा ही टूल लॉन्च किया, जो सिर्फ किताब के मूल पाठ पर आधारित उत्तर देता है, उसमे बाहरी जानकारी नहीं जोड़ता है।
AI बुक कंपैनियन एक ऐसा डिजिटल टूल है जो पाठकों को किताबों के साथ संवाद करने की सुविधा देता है। उदाहरण के लिए, Amazon ने दिसंबर 2025 में Kindle ऐप में 'Ask this Book' नामक AI चैटबॉट पेश किया, जो पाठक को किताब के प्लॉट, पात्रों और विषयों के बारे में 'स्पॉइलर-फ्री' जानकारी देता है। इसका मतलब है कि यह टूल केवल उस हिस्से तक ही जानकारी देता है, जो आपने पढ़ा है। इसी तरह, BookPal ऐप में पाठक अपनी किताब के उस पेज की फोटो लेकर AI से सवाल पूछ सकते हैं और AI केवल उस पढ़े गए हिस्से के आधार पर जवाब देता है।
BookIQ: PDF अपलोड करें, फिर AI से बातचीत करें। यह RAG (Retrieval-augmented generation) तकनीक का उपयोग करता है। इसके जवाब किताब के वास्तविक टेक्स्ट पर आधारित होते हैं।
Summio (iPhone के लिए): यह टूल किताब, वीडियो या PDF का सारांश तैयार करता है, जिसे पाठक पढ़ सकते हैं। इसके बाद उस सारांश से चैट कर सकते हैं। इस टूल पर मिलने वाले जवाब का हर दावा मूल स्रोत से जुड़ा होता है।
AskLibrary: E-पुस्तकों को अपलोड करके AI से सवाल पूछ सकते हैं। यह किताब की संरचना और विषयों को समझकर गहराई से जवाब देता है।
AI बुक कंपैनियन टूल तैयार करने वाली मिस्र की कंपनी Sinai.ai का दावा है कि वह केवल सार्वजनिक डोमेन की किताबों या लेखक-प्रकाशक की अनुमति वाली किताबों का उपयोग करती है। कंपनी ने AI राइट्स नाम की व्यवस्था बनाई है, जिसके तहत जब भी कोई चैटबॉट किसी किताब का उपयोग करता है तो लेखक-प्रकाशक को भुगतान होता है। कंपनी का कहना है कि वह दुनिया के 5 सबसे बड़े अमेरिकी प्रकाशकों- हैशेट, पेंगुइन रैंडम हाउस, साइमन एंड शूस्टर, हार्परकॉलिन्स और मैकमिलन में से लगभग 4 के साथ सक्रिय बातचीत में है। हालांकि, इन प्रकाशकों ने अपनी AI योजनाओं पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
कॉपीराइट और अधिकारों का सवाल: Amazon के टूल में लेखक और प्रकाशक AI मॉडल पर आधारित अधिकारों को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि वे इस सेवा से बाहर नहीं हो सकते।
स्पॉइलर-फ्री अनुभव बनाए रखना: AI को केवल पढ़े गए हिस्से तक सीमित रहना होता है। BookPal और Amazon ने इस पर विशेष ध्यान दिया है।
भाषा और स्थानीय सामग्री की उपलब्धता: अभी तक ये टूल मुख्यतः अंग्रेजी सामग्री के लिए हैं, भारतीय भाषाओं में सीमित समर्थन है। यह टूल्स पढ़ने का अनुभव बदल सकते हैं। किताबें अब सिर्फ पढ़ने की वस्तु नहीं, बल्कि संवाद का माध्यम बन रही हैं।
समझ में मदद: जटिल विचार, पात्रों के संबंध, विषयों की गहराई- AI तुरंत समझा सकता है। याददाश्त और जुड़ाव: BookPal जैसे टूल्स पढ़े गए हिस्से का सारांश और TV-style recaps देते हैं, जिससे पाठक को कहानी याद रहती है।
समय की बचत: Summio जैसे टूल्स किताब का सारांश 5 मिनट में तैयार करते हैं, जिससे जल्दी समझने में मदद मिलती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह तकनीक छात्रों, शोधकर्ताओं और जटिल विषय पढ़ने वालों के लिए खासतौर पर उपयोगी हो सकती है। कठिन किताबों को समझना आसान होगा और हर सवाल के लिए अलग स्रोत तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। Sinai.ai के कमेल का यह भी मानना है कि यह तकनीक पाठकों को पुरानी पसंदीदा किताबें दोबारा पढ़ने के लिए प्रेरित कर सकती है, क्योंकि अब जटिल हिस्सों को समझना पहले से कहीं आसान हो गया है। AI बुक कंपैनियन तकनीक पढ़ने के अनुभव को निश्चित रूप से समृद्ध कर रही है। जब तक लेखकों, प्रकाशकों और तकनीकी कंपनियों के बीच रॉयल्टी और अनुमति को लेकर स्पष्ट नियम नहीं बनते, यह बहस आने वाले समय में और तेज होने की संभावना है।