
Uttar Pradesh Crime News:पीलीभीत के अमरिया कस्बे में रामलीला कमेटी के चंदे को लेकर हुआ विवाद तीन लोगों की मौत की वजह बन गया। सोमवार रात दो गुटों के बीच हुई मारपीट और फायरिंग में एक ही परिवार के दो सगे कारोबारी भाइयों और सड़क से गुजर रहे एक युवक की जान चली गई। वहीं, परिवार का एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पिछले कई साल से रामलीला कमेटी के चंदे का हिसाब मांगने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया है।
अमरिया कस्बे में रहने वाले कौशल गुप्ता और चंद्र प्रकाश गुप्ता के परिवार के बीच रामलीला कमेटी के चंदे को लेकर लंबे समय से विवाद था। कौशल गुप्ता कमेटी के सदस्य हैं, जबकि चंद्र प्रकाश का बेटा सूरज गुप्ता कमेटी का अध्यक्ष है। पांच दिन पहले, 9 अक्टूबर को हुई बैठक में कौशल गुप्ता ने सूरज से पिछले चार साल के चंदे का हिसाब मांगा था। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई थी। उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।
सोमवार शाम करीब 6 बजे एक कार्यक्रम में दोनों पक्षों का फिर आमना-सामना हुआ। इसके बाद रात करीब 9:30 बजे कारोबारी भाई मोहित गुप्ता और अंकित गुप्ता अपने साथियों के साथ कौशल गुप्ता के घर पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद कौशल गुप्ता, उसके भाई हर्षित गुप्ता, चाचा संतोष गुप्ता और अन्य लोगों ने लाइसेंसी राइफल व तमंचे से फायरिंग कर दी। इस दौरान लाठी-डंडे भी चले।
फायरिंग में अंकित गुप्ता (30), मोहित गुप्ता (38), रोज गुप्ता (20) और वहां से गुजर रहे कुणाल श्रीवास्तव (18) को गोली लगी। पुलिस सभी घायलों को अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने अंकित और कुणाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित को बरेली रेफर किया गया, जहां रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। रोज गुप्ता का बरेली में इलाज चल रहा है। एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत से घर में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता, उसके भाई हर्षित गुप्ता, पिता नरेश गुप्ता, चाचा संतोष गुप्ता और चचेरे भाई रचित गुप्ता समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने संतोष गुप्ता की लाइसेंसी राइफल, एक अवैध तमंचा और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।