पीलीभीत

पीलीभीत में प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या, पत्नी ने पहले नशा दिया, फिर साड़ी से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट

UP Crime News: पीलीभीत में प्रेम संबंध के चलते पत्नी पर पति की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार नशा देकर गला घोंटने के बाद महिला फरार हुई, जिसे हिरासत में लिया गया।
2 min read
Aug 01, 2026
Pilibhit Murder
पीलीभीत में प्रेम संबंध के चलते पति की हत्या (X Photo Ashish Paswan)

Pilibhit Murder Case: पीलीभीत में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, महिला ने पहले पति को कोल्डड्रिंक में कुछ मिलाकर पिलाया और फिर साड़ी से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद महिला घर से फरार हो गई, लेकिन ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बच्चों ने पड़ोसियों को बताया कि मां ने पिता की जेब से पैसे भी निकाल लिए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बिस्तर पर पड़ा मिला पिता का शव

यह मामला माधोटांडा थाना क्षेत्र के लोहरपुरी गांव का है। घटना शनिवार रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। गांव निवासी उमाशंकर (45) खेती का काम करते थे। परिवार में पत्नी ममता (42), बेटा विकास (18) और बेटी गीता (12) हैं। पुलिस के मुताबिक, रात में घर से कुछ आवाजें आने पर बच्चों की नींद खुल गई। जब वे छत पर पहुंचे तो पिता को बिस्तर पर पड़ा देखा। बच्चों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को जानकारी दी।

कोल्डड्रिंक पिलाने का लगाया आरोप

मृतक की बेटी गीता ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मां ममता ने कोल्डड्रिंक मंगाई थी। उसने खुद पीने के बाद बच्चों को भी पीने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद ममता छत पर गई, जहां उमाशंकर सो रहे थे। गीता के मुताबिक, पिता ने भी कोल्डड्रिंक पी थी। रात में जब बच्चे ऊपर पहुंचे तो मां वहां नहीं थी और पिता अकेले पड़े थे।

जेब से पैसे निकालने का भी आरोप

बच्चों ने पड़ोसियों को बताया कि मां ने पिता की जेब से पैसे भी निकाल लिए थे। आरोप है कि कोल्डड्रिंक में कुछ मिलाकर उमाशंकर को पिलाया गया और फिर साड़ी से उनका गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी।

गांव में छिपी मिली महिला

पुलिस के अनुसार, देर रात गांव के ही एक व्यक्ति ने महिला को छिपा हुआ देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि ममता साल 2024 में पति उमाशंकर के साथ गुजरात गई थी। पुलिस के अनुसार, वहीं उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई और दोनों के बीच संबंध बन गए। पुलिस का कहना है कि महिला ने गुजरात में ही कोर्ट मैरिज भी की थी। माधोटांडा थाना अध्यक्ष अशोक पाल ने बताया कि महिला से पूछताछ जारी है। घटना की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जुटाए गए है।

Updated on:
01 Aug 2026 12:00 pm
Published on:
01 Aug 2026 12:00 pm