राजनीति

कर्नाटक: 21 को नहीं 23 मई को शपथ लेंगें एचडी कुमारस्वामी, उप मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस ने की दावेदारी

एचडी कुमारस्वामी ने बताया कि राज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन करने के लिए आमंत्रित किया है।

2 min read
May 20, 2018
एचडी कुमारस्वामी
21 को नहीं 23 मई को शपथ लेंगें एच.डी. कुमारस्वामी, उप मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस ने की दावेदारी

नई दिल्ली। कर्नाटक का सियासी खेल लगता है अभी बाकी है। शनिवार को फ्लोर टेस्ट से पहले बीएस येदियुरप्पा ने अपना इस्तीफा राज्यपाल वजूभाई वाला को सौंप दिया जिसके बाद से इंतजार किया जा रहा था कि राज्यपाल कब कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के अगुवा कुमारस्वामी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करते हैं। हालांकि शाम को एचडी कुमारस्वामी ने बताया कि राज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन करने के लिए आमंत्रित किया है।

21 मई को राजीव गांधी की पुण्य तिथि

आपको बता दें कि पहले तय कार्यक्रम के अनुसार 21 मई सोमवार को शपथ ग्रहण होना था लेकिन अब बुधवार 23 मई को 12 से 1 बजे के बीच होगा। एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि चूंकि 21 मई सोमवार को दिवंगत नेता राजीव गांधी की पुण्य तिथि है इसलिए शपथ ग्रहण समारोह को आगे बढ़ाते हुए 23 मई बुधवार को किया जाएगा। कुमारस्वामी ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि राज्यपाल के न्यौते के बाद शपथ ग्रहण समारोह के लिए समय निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी , आंध्र प्रदेश के मुख्यमंभी चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के सीएम केसी राव ने बधाई दी, साथ हीं बहन मायावती ने मुझे आशीर्वाद दिया है। कुमारस्वामी ने कहा कि वे शपथ ग्रहण समारोह में इन सभी नेताओं को बुलाएंगे साथ ही यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी बुलाएंगे।

कांग्रेस-जेडीएस के बीच दावेदारी

आपको बता दें कि चुनाव परिणाम के बाद भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस ने बड़ा दांव खेलते हुए जेडीएस को समर्थन करने का फैसला किया। जिसके बाद कुमार स्वामी को मुख्यमंत्र बनना तय हो गया। चूंकि भाजपा के पास बड़ी पार्टी बनने के बावजूद बहुमत का आंकड़ा नहीं था। कांग्रेस और जेडीएस के बीच मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर खींचातानी नहीं हुई क्योंकि जेडीएस ने इसी शर्त पर कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया कि कुमारस्वामी कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे। लेकिन इन सबके बीच सियासत में कोई भी किसी को कुछ यूं ही नहीं दे देता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने उप मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारी कर दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या कुमारस्वामी उप मुख्यमंत्री का पद रखते भी हैं या नहीं।

Updated on:
20 May 2018 01:07 am
Published on:
20 May 2018 10:51 am