
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के चंबी मैदान में जनसभा को संबोधित किया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के मॉडल का मतलब है ईमानदार सरकार। इस मॉडल को हमने ना सिर्फ राजधानी दिल्ली में बल्कि अब पंजाब में भी कारगर साबित किया है। इस मॉडल के जरिए आम जनता को उनका हक दिया जा रहा है। फ्री बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य का अधिकार जनता को दिया जा रहा है। यही अधिकार हम हिमाचल प्रदेश की जनता को भी देना चाहते हैं। इसके लिए आपको भी आम आदमी पार्टी की सरकार को चुनना होगा।
इससे पहले अरविंद केजरीवाल दोपहर 12 बजे के करीब गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डा पहुंचे। यहां पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। यहां वह सीधे चंबी मैदान के लिए रवाना हुए। केजरीवाल के दौरे के लिए पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से जुटे हुए हैं। जनसभा के दौरान आप के सीएम चेहरे की घोषणा हो सकती है।
यह भी पढ़ें - हिमाचल प्रदेश में AAP की तिरंगा यात्रा, केजरीवाल बोले- पंजाब की तरह बदलाव की ओर देख रहा हिमाचल
12 लाख नौकरी दी
अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि, हमने दिल्ली में पांच साल के अंदर 12 लाख बच्चों को नौकरी दी है। मुफ्त और गुणवत्ता आधारित शिक्षा मुहैया करवाई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में अप्रत्याशित कदम उठाए। लोगों को मुफ्त दवाइयों के साथ बेहतर इलाज मुहैया करवाया। ये सब आधारभूत सुविधाएं हर नागरिक का हक है, जिसे आम आदमी पार्टी दे रही है।
यह भी पढ़ें -
भगवान ने हिमाचल प्रदेश को देने में तो बीजेपी-कांग्रेस ने लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी
केजरीवाल ने कहा है कि, भगवान ने हिमाचल प्रदेश को सब कुछ देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जब वो सृष्टि की रचना कर रहा था तो सबसे अच्छी जगह हिमाचल प्रदेश बनाई। भगवान ने अपनी ओर से हिमाचल प्रदेश को देने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
लेकिन बीजेपी और कांग्रेस ने भी हिमाचल को लूटने में कोई कमी नहीं छोड़ी। तीस साल कांग्रेस और 17 साल बीजेपी ने राज किया, लेकिन सिर्फ जनता को लूटने का काम किया।
बीजेपी लगातार आम आदमी पार्टी पर लूटने का आरोप लगा रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा हों या फिर अनुराग ठाकुर हर भाषण में सिर्फ केजरीवाल को ही गाली देते नजर आ रहे हैं। लेकिन हिमाचल प्रदेश मैंने नहीं बीजेपी और कांग्रेस ने ही लूटा है।
यह भी पढ़ें - ईमानदार सरकार चाहिए तो हमें, दंगा चाहिए तो ‘उनको’ वोट देना: केजरीवाल