राजनीति

हिमाचल प्रदेश में AAP की तिरंगा यात्रा, केजरीवाल बोले- पंजाब की तरह बदलाव की ओर देख रहा हिमाचल

पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद अब आम आदमी पार्टी अपने विस्तार में जुटी है। इसी कड़ी में संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार अन्य राज्यों की ओर से कदम बढ़ा रहे हैं। गुजरात के बाद अब अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल प्रदेश में एंट्री की। बुधवार को केजरीवाल ने मंडी में तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया।

2 min read
Apr 06, 2022
AAP Rally In Mandi Himachal Pradesh Arvind Kejriwal Says It's Time To Change
AAP Rally In Mandi Himachal Pradesh Arvind Kejriwal Says It's Time To Change

आम आदमी पार्टी दिल्ली और पंजाब के बाद अब अन्य राज्यों पर अपनी पकड़ बनाने में जुटी है। इसी कड़ी में पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने कदम बढ़ा रहे हैं। पहले गुजरात और अब हिमाचल प्रदेश में अरविंद केजरीवाल ने पार्टी की जमीन मजबूत करने की कोशिश की। बुधवार को हिमाचल के मंडी में आम आदमी पार्टी ने तिरंग यात्रा निकाली। इस यात्रा में अरविंद केजरीवाल ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, पंजाब की तरह अब हिमाचल प्रदेश भी बदलाव चाहता है। इस दौरान अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद थे।


एक मौक हमें दीजिए

रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल प्रदेश के लोगों से आप को मौके देने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब के मॉडल की तरह हिमाचल प्रदेश के विकास और लोगों के सेवा के लिए हमें मौका दें।

यह भी पढ़ें - पंजाब में कानून-व्‍यवस्‍था पर सीएम भगवंत मान का बड़ा कदम, राज्‍य में बनेगी एंटी गैंगस्‍टर सेल

भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की जोड़ी ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मंडी में तिरंगा यात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान तिरंगा लहराए गए। रोड शो में 'मेरा रंग दे बसंती चोला' गीत भी बजाया गया।


अब हिमाचल से भ्रष्टाचार मिटाने का वक्त

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, अब हिमाचल प्रदेश में भी बदलाव का वक्त आ गया है। यहां से भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकना है। केजरीवाल ने कहा कि, 'पहले हमने दिल्ली में और फिर पंजाब में भ्रष्टाचार मिटाया, अब हिमाचल प्रदेश से भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।'

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। यहां सीएम जयराम ठाकुर की अगुवाई में बीजेपी की सरकार है। हिमाचल प्रदेश की 68 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के 43, कांग्रेस के 22, सीपीआईएम के 1 और 2 सदस्य निर्दलीय है।


गुजरात में भी किया था रोड शो

बता दें कि इससे पहले आम आदमी पार्टी की ओर से गुजरात में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। अहमदाबार में निकाली गई इस यात्रा में भी अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान शामिल हुए। हालांकि गुजरात में केजरीवाल ने दो दिन गुजारे, लेकिन वहां से लौटने के बाद कई नेताओं ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।

यह भी पढ़ें - AAP नेता सत्येंद्र जैन और शिवसेना सांसद संजय राउत के खिलाफ ED का बड़ा एक्शन, सील की करोड़ों की संपत्ति

Published on:
06 Apr 2022 03:39 pm