
नई दिल्लीः दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने मीडिया में चल रही उस खबर का खंडन किया है जिसमें कहा गया था कि चार दिनों के अनशन के बाद उनका वजन एक किलो दो सौ ग्राम बढ़ गया है। सतेंद्र जैन ने ट्वीटर पर दावा किया है कि पिछले चार दिनों के अनशन के दौरान उनका वजन तीन किलो सात सौ ग्राम घट गया है और शुगर लेबल भी कम हो गया है। सतेंद्र जैन ने कहा कि अगर किसी को विश्वास न हो तो किसी भी डॉक्टर से वह जांच कराने को तैयार हैं।
इससे पहले वजन बढ़ने की थी खबरें
इससे पहले मीडिया में ऐसी खबरें थी कि दिल्ली के उप राज्यपाल के खिलाफ अनशन के दौरान दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन का वजन घटने की बजाय एक किलो 200 ग्राम बढ़ गया था। पत्रिका ने एक्सपर्ट से राय लेकर यह जानने की कोशिश की थी कि क्या वास्तव में ऐसा संभव है कि किसी शख्स ने कई दिनों से भोजन न किया हो और उसका वजन बढ़ जाए।
कैसे बढ़ा वजन?
पत्रिका डॉम कॉम ने यह जानने की कोशिश कि क्या यह संभव है कि अनशन के दौरान किसी भी शख्स का वजन बढ़ सकता है। यह जानने के लिए हमने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन संचालित दिल्ली के म्यूर विहार फेस वन में स्थित सीजीएचएस वेलनेस सेंटर के डॉ. देशराज से बात की। डॉ. देशराज ने बताया कि अनशन के दौरान किसी भी शख्स का वजन अचानक बढ़ जाए, यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अनशन में एक किलो 200 ग्राम वजन बढ़ना निश्चित रुप से हैरान करने वाली बात है।
डॉ. देश राज ने दिया ये तर्क
केंद्रीय स्वास्थ्य योजना के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देशराज ने पत्रिका को बताया कि जब भी हम लोग खाना खाते हैं तो उसमें तीन तरह के तत्व कार्बोहाइड्रेट, फैट और प्रोटीन मौजूद होते हैं। फैट और प्रोटीन शरीर में इकट्ठे होकर हमारे शरीर का वजन बढ़ाते हैं। जबकि कार्बोहाइड्रेट हमारे शरीर को नॉर्मल रुटीन के लिए और मेटाबॉलिज्म के लिए ऊर्जा देते हैं। डॉक्टर देशराज के अनुसार, कार्बोहाइड्रेट जब ऊर्जा देने के बाद भी बच जाते हैं तो वे हमारे शरीर में फैट के रूप में बदल जाते हैं। जिसकी वजह से वजन बढ़ने लगता है।
अनशन से होता है ये फर्क
डॉ. देश राज ने बताया कि जब इन्सान भोजन करना छोड़ा देता है तो उसके शरीर में सबसे पहले जो कार्बोहाइड्रेट पहले से बचा होता है वह दैनिक कार्यों के लिए ऊर्जा देने लगता है। उसके बाद हमारे शरीर का फैट ऊर्जा देना शुरू कर देता है। डॉक्टर के अनुसार, सबसे बाद में हमारे शरीर का प्रोटीन टूटना शुरू कर देता है, जो ऊर्जा देने लगता है। भूखे शरीर में फैट और प्रोटीन जलने की वजह से शरीर का वजन कम होने लगता है। अगर भूखे होने के बाद भी कुछ काम न करो तो भी हमारे शरीर के मेटाबॉलिज्म के लिए ऊर्जा की आवश्यकता होती है। जो प्रोटीन और फैट टूटने से मिलती है। जिससे वजन कम होता है। डॉक्टर देश राज के अनुसार मेडिकली ऐसा संभव ही नही है कि कोई भूख हड़ताल पर हो और उसका वजन घटने के बजाय बढ़ जाए।
तो क्या भोजन करके कर रहे हैं अनशन
डॉक्टर के दावों को अगर सही मानें तो ऐसा संभव नहीं है कि दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन अनशन पर बैठे हों और उनका वजन बढ़ जाए। ऐसा अक्सर नियमित तौर पर भोजन करने पर ही होता है। ऐसे में अब कई तरह के सवाल उठ रहे हैं कि सतेंद्र जैन के वजन कैसे बढ़े?