राजनीति

त्रिपुरा के CM का एक और विवादित बयान, कहा- क्यों पड़े हो रोजगार के चक्कर में, खोलो पान की दुकान

सीएम बिप्लब ने ये बयान त्रिपुरा वेटरनरी काउंसिल के एक कार्यक्रम में दिया।
2 min read
• •
Updated: 29 Apr 2018, 12:25 PM IST
Biplab Deb comment on youth rojgaar says dont run for govt jobs

नई दिल्ली। महाभारत काल में इंटरनेट होने का दावा करने वाले त्रिपुरा के सीएम बिप्लब देब ने फिर एक विवादित बयान दिया है। इस बार उनके निशाने पर रोजगार की तलाश कर रहे देश के युवा हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि राज्य के युवा सरकारी नौकरी के चक्कर में सालों तक राजनैतिक पार्टियों के पीछे भागते रहते हैं और अपने जीवन के कई साल बर्बाद कर देते हैं। लेकिन अगर युवा इसकी बजाय पान की एक दुकान खोल लें तो अब तक उनके बैंक में 5 लाख का बैलेंस जमा हो सकता था। सीएम बिप्लब ने ये बयान त्रिपुरा वेटरनरी काउंसिल के एक कार्यक्रम में दिया।

खेती-बाड़ी और पॉल्ट्री का काम छोटा नहीं
इसके बाद बिप्लब देब ने राज्य के युवाओं को स्व-रोजगार के लिए प्रोतसाहित किया। उन्होंने पीएम मोदी की मुद्रा योजना का हवाला देते हुए कहा कि सरकार देश के युवाओं को बैंक लोन की सुविधा मुहैया करा रही है, जिसकी मदद से वे कोई रोजगार शुरू कर सम्मान के साथ अपनी जिंदगी बिता सकते हैं। देब ने इस संबंध में आगे कहा कि प्रत्येक बेरोजगार युवा को बैंक से 75000 तक के लोन की मदद मिल सकती है और अगर इसमें वे थोड़ा खुद से प्रयास करें तो आराम से महीने के 25000 रुपए तक की कमाई कर सकते हैं। उन्होंने इसके बाद वहां के लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि त्रिपुरा के लोगों में पिछले 25 सालों में एक भ्रम पैदा हो गया है कि ग्रैजुएट युवा अगर खेती-बाड़ी करेगा, पॉल्ट्री का काम शुरु करेगा तो ऐसा करने से उसको नीची श्रेणी का गिना जाएगा, जो कि सही नहीं है।

इस बयान के लिए भी बटोरी थीं सुर्खियां
बिप्लब देब हाल ही में अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आए थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत में लाखों साल पहले भी इंटरनेट था। दुनिया के दूसरे देश भले ही इंटरनेट और सैटेलाइट के अविष्कार का दावा करते हों पर इनका अविष्कार भारत में महाभारत काल में ही हो चुका था। इंटरनेट की वजह से ही धृतराष्ट्र घर बैठे महाभारत के युद्ध की पूरी जानकारी हासिल कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा थी कि मैं गर्व करता हूं कि मेरा जन्म इस देश में हुआ है, जो देश टेक्नोलॉजी में दुनिया में सबसे आगे चल रहा था। कुछ लोग ये बोल सकते हैं कि ये टेक्नोलॉजी हमारी है, यूएस बोल सकता है ये हमारा है। इनका नहीं है ये सब हमारा है। हमारे देश का है। सभ्यता हमारे देश की है और भी टेक्नोलॉजी हमारे देश की है। यही नहीं इसके बाद कुछ दिन पहले भी बिप्लब देब ने महिलाओं की खूबसूरती पर बातचीत करते हुए पूर्व मिस वर्ल्ड डायना हेडन के लिए एक विवादित बयान दे दिया था। उन्होंने 1997 में मिस वर्ल्ड बनी डायना हेडन के चुनाव पर हैरानी जताई थी। बाद में इस बयान पर डायना हेडन ने जब नाराजगी जाहिर की तो बिप्लब देब ने इस मामले में माफी मांग ली थी।

Published on: