
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और सभी राजनीतिक दल इसमें अपनी पूरी ताकत झोंकने में लगे हैं। सोमवार को नई दिल्ली विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपना नामांकन भरने पहुंचे, लेकिन रोड शो में हुई देरी के चलते अब मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस अभी भी केजरीवाल के सामने मजबूत उम्मीदवार उतारने की तलाश में जुटे हैं।
दरअसल दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) सभी 70 सीटों के लिए सबसे पहले ही अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अभी भी अपनी पूरी सूची जारी नहीं की है। जहां भाजपा ने अभी तक अपने 57 उम्मीदवारों के नाम ही घोषित किए हैं, कांग्रेस ने 54 प्रत्याशियों के नाम की सूची जारी की है।
इस बीच सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली विधानसभा से अपना नामांकन दाखिल करने पहुंचे। लेकिन रोड शो में हुई देरी और तीन बजे कार्यालय बंद होने के चलते अब वह कल नामांकन भरेंगे। इसी निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे केजरीवाल ने नामांकन दाखिल करने से पहले दिल्ली में वाल्मीकि मंदिर से लेकर हनुमान मंदिर तक रोड शो भी किया।
केजरीवाल ने अपने रोड शो की शुरुआत ऐतिहासिक वाल्मीकि मंदिर में दर्शन करने और आशीर्वाद लेने के बाद की। केजरीवाल का रोड शो पंचकुइयां मार्ग से होकर कनॉट प्लेस और फिर बाबा खड़क सिंह मार्ग से गुजरा और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के पास समाप्त हुआ।
केजरीवाल ने वर्ष 2013 और 2015 के विधानसभा चुनावों में क्रमश: 53.46 और 64.34 प्रतिशत मत हासिल कर जीत दर्ज की थी। जहां पहली बार केजरीवाल ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को 25 हजार मतों से शिकस्त दी थी, वर्ष 2015 में उन्होंने 31 हजार वोटों से भाजपा की नूपुर शर्मा को हराया था।
दिल्ली में जहां आप अभी तक बिना किसी परेशानी के सबसे पहले अपने उम्मीदवार घोषित कर दमदार बहुमत हासिल करने की घोषणा कर चुकी है, भाजपा और कांग्रेस अभी भी बाकी बची सीटों पर किसका नाम फाइनल करें पर विचार में जुटी हुई हैं।
दिल्ली में सबसे ज्यादा दिलचस्प मुकाबला नई दिल्ली विधानसभा सीट से माना जा रहा है क्योंकि यहां से दो बार भारी अंतर से जीत हासिल करने वाले अरविंद केजरीवाल के सामने अभी तक दोनों पार्टियां अपना उम्मीदवार तय नहीं कर सकी हैं।
जहां भाजपा के सूत्रों के मुताबिक इस सीट से कुमार विश्वास या फिर सुषमा स्वराज की पुत्री बांसुरी के नाम पर चर्चा की जा रही है, कांग्रेस को अभी तक यहां कोई मजबूत विकल्प नहीं दिखाई पड़ रहा। बीच में यह चर्चा भी आई थी कांग्रेस शीला दीक्षित की बेटी लतिका को यहां पर अपना प्रत्याशी बना सकती है।
हालांकि दिल्ली में आठ फरवरी को मतदान होना है और मतगणना 11 फरवरी को होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 जनवरी है और अब इसके लिए एक दिन बचा है। यहां पर दोनों पार्टियां किसे अपना उम्मीदवार चुनती हैं, देखने वाली बात होगी।