
कोलकाता । पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में अपने दो कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में बीजेपी ने आज बंगाल बंद का आह्वान किया है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं के मारे जाने की घटना की जांच राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से कराए जाने की मांग की है। वहीं इस मामले पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने सीआईडी को घटना की जांच सौंप दी है। लेकिन बीजेपी इस मामले को छोड़ने के मूड में नहीं है। इसलिए पार्टी ने रविवार को आज 12 घंटे का बंद बुलाया है।
बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जिस तरह से बीजेपी के लोगों को बंगाल में निशाना बनाया जा रहा है, वह खामोश नहीं बैठेंगे। बीजेपी के इस बंद को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गए हैं।
क्या है मामला
बता दें कि पुरुलिया में चार दिनों के कथित रूप से बीजेपी के दो कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। पहले 18 साल के दलित युवक त्रिलोचन महतो की पेड़ से लटकती लाश मिली थी, वहीं अब 30 साल के दुलाल कुमार को बिजली के एक हाई टेंशन पोल से लटका दिया गया है। दोनों युवक बीजेपी के कार्यकर्ता बताये जा रहे हैं। बीजेपी ने दोनों कार्यकर्ताओं की मौत को को राजनीतिक हत्या करार दिया है। मृत दुलाल कुमार के परिवार ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर उनकी हत्या का आरोप लगाया है।
बीजेपी नेताओं के तीखे तेवर
बीजेपी ने इन घटनाओं पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी का आरोप हैं कि पंचायत चुनावों के बाद से 19 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या की जा चुकी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मीडिया से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार जानबूझ कर बीजेपी से जुड़े लोगों की हत्या करा रही है। उन्होंने कहा कि तृणमूल पार्टी राज्य में कानून व्यवस्था को बनाए रखने में पूरी तरह असफल रही है। ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा है कि 'मैं शोकग्रस्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं लाखों बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ दुलाल कुमार के परिवार का दुःख साझा करता हूं। ईश्वर उनके परिवार को इस हानि का सामना करने की ताकत दें।'
वहीं केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने भी पश्चिमम बंगाल सरकार पर हमला करते हुए बीजेपी कार्यकताओं की हत्या को राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित बताया है। उन्होंने मुख्य मंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह मोदी सरकार की लोकप्रियता से भयभीत होकर ऐसी घटनाओं को बढ़ावा दे रही हैं।
केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इन मौतों को राजनीतिक हत्याएं बताया है। उन्होंने कहा है कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हत्याएं की जा रही हैं। दुलाल और त्रिलोचन महतो इसके ताजा शिकार हुए है| उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि 'हम इन राजनीतिक हत्याओं की निंदा करते है। पश्चिम बंगाल के लोग इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों को निश्चित रूप से सबक सिखायेंगे।’
राज्य सरकार ने सीआईडी को सौंपी जांच
ममता बनर्जी सरकार ने इस मामले में तेजी दिखते हुए पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही दोनों हत्याओं की जांच सीआईडी से कराने के आदेश दिए हैं। पुरुलिया के नए एसपी एसपी जॉय बिस्वास ने कहा कि शुरुआती जांच में त्रिलोचन महतो के हत्या का मामला आपसी दुश्मनी का लगता है। उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी बख्शे नहीं जायेंगे।