
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर बीजेपी और शिवसेना के बीच गतिरोध जारी है। हालांकि शिवसेना ने एनसीपी और कांग्रेस के रुख को भांपते हुए नरम रुख अपनाया है। इस बीच देवेंद्र फडणवीस सरकार में कद्दावर मंत्री गिरेशी महाजन ने साफ शब्दों में कहा दिया कि बीजेपी सीएम पद को लेकर शिवसेना से समझौता नहीं करेगी। आगामी दो दिनों के अंदर हम अपनी सरकार बना लेंगेा
लिखित में आश्वासन देना संभव नहीं
गिरीश महाजन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बीजेपी ने शिवसेना से साफ कर दिया है कि वो शिवसेना की मांगों पर चर्चा करने को तैयार है, लेकिन उनका कहना है कि बातचीत के लिए शिवसेना को ही आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिवसेना को 50:50 के फार्मूले पर सीएम पद के लिए लिखित में आश्वान देने का सवाल ही पैदा नहीं होता। बीजेपी की ओर से विकल्प खुला है। दोनों पार्टियों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। दोनों मिलकर सरकार बनाएंगे।
सरकार गठन में देरी के शिवसेना जिम्मेदार
फडणवीस सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने शिवसेना नेता संजय राउत द्वारा दिए गए बयानों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इतना सब कहे जाने के बाद भी हमने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में समाधान निकाल लिया जाएगा और सरकार बन जाएगी। उन्होंने साफतौर पर कहा कि मुख्यमंत्री का पद बीजेपी के पास ही रहेगा। बातचीत में गिरीश महाजन ने सरकार बनाने में देरी के लिए शिवसेना को जिम्मेदार ठहराया।
शिवसेना से कोई प्रस्ताव नहीं
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि उसे महाराष्ट्र में अगली सरकार बनाने के लिए शिवसेना की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। बीजेपी महाराष्ट्र अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि हमें अब तक सरकार के गठन पर शिवसेना से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।
हम इंतजार कर रहे हैं और हमारे दरवाजे उनके लिए 24 घंटे खुले हैं।
महाजन ने दोहराया कि निवर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में शिवसेना और अन्य सहयोगी दलों के साथ बीजेपी की अगुवाई वाली सरकार ही शपथ लेगी।