राजनीति

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने केजरीवाल पर कसा तंज, कहा- मैं बोलूंगा तो बोलोगे कि बोलता है

भाजपा दिल्‍ली प्रदेश और सीएम केजरीवाल के बीच छत्तीस का आंकड़ा जगजाहिर है। दोनों एक-दूसरे पर प्रहार करने का मौका नहीं चूकते। इस बार मनोज तिवारी ने अरविंद के दुबई जाने पर सवाल उठाया है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2018, 9:41 AM IST
Manoj-kejriwal
भाजपा सांसद मनोज तिवारी का केजरीवाल पर कसा तंज, कहा- मैं बोलूंगा तो बोलोगे कि बोलता है

नई दिल्‍ली। सिग्‍नेचर ब्रिज विवाद के बाद एक बार फिर दिल्‍ली प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष मनोज तिवारी ने सीएम अरविंद केजरीवाल की विदेश यात्रा पर तंज कसा है। उन्‍होंने कहा है कि दिल्‍ली की जनता भयंकर प्रदूषण की चपेट में है। लोगों को यहां की आवोहवा में दम घुट रहा है। लेकिन सीएम साहब को इस बात की परवाह नहीं है। उन्‍होंने आगे लिखा है कि वो पार्टी के लिए चंदा वसूली करने और सैर सपाटे के लिए परिवार के साथ दुबई टूर पर निकल गए हैं। उन्‍होंने दिल्‍ली सरकार पर आरोप लगाया है कि ऐसे समय में उनका यूं विदेश जाना जनता के साथ मजाक है। जनता सबकुछ जानती है। समय आने पर यही जनता उन्‍हें बताएगी कि हम क्‍या कर सकते हैं।

उड़ लिए ब्‍लैक को व्‍हाइट करने
उन्‍होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि दिल्‍ली में प्रदूषण का स्‍तर एक बार फिर बढ़ गया है। लेकिन इसकी परवाह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नहीं है। वह सपरिवार दुबई की टूर पर निकल गए हैं। उन्‍होंने लिखा है कि मैं बोलूंगा तो बोलोगे कि बोलता है.. मालिक @ArvindKejriwal इ सही नाहीं हौ !! दिल्ली आंखों से बिलख रही है, सांसे थमी पड़ीं हैं, पर आप उड़ लिए सपरिवार दुबई.. चंदे के नाम पे black को white करने की सिग्‍नेचर डील चल रही है..!! जनता माफ नहीं करेगी आपको। उनका आरोप है कि दिवाली के चार दिन बाद भी दिल्ली की हवा जहरीली बनी हुई है। पटाखे फोड़ने और पराली जलाने और स्थानीय स्रोतों से निकले प्रदूषकों का असर दिल्ली-एनसीआर में अभी भी जारी है।

सोमवार तक सुधार के संकेत
आपको बता दें कि दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक शनिवार को शाम चार बजे 401 था, जबकि शाम छह बजे यह गिरकर 406 हो गया। इन दोनों स्तरों को गंभीर माना जाता है। दिल्ली का एक्यूआई शुक्रवार शाम चार बजे 423 था। हवा की मंद रफ्तार और कम तापमान जैसे प्रतिकूल मौसम स्थितियों के कारण पीएम 2.5 और पीएम 10 वायुमंडल में बने हुए हैं। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के निदेशक महेश पालावत ने कहा कि फिलहाल दिल्ली में पूरब और दक्षिण पूर्व दिशा से बहुत मंद हवा आ रही है, जो प्रदूषकों को उड़ा ले जाने के लिए पर्याप्त नहीं है। यह हवा रात को और शांत हो जा रही है। सोमवार से स्थिति सुधर सकती है।

Published on:
Also Read
View All