
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी को छोड़कर जाने वाले नेताओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आशुतोष के बाद अब आशीष खेतान ने भी पार्टी छोड़ दी है। इसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर सवाल उठने लगे हैं। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी केजरीवाल को तानाशाह बताया जो अपने खिलाफ उठने वाली किसी आवाज को नहीं पचा पाते हैं।
'तुगलकी तानाशाह हैं केजरीवाल'
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि चाहे आशीष खेतान का पार्टी छोड़ना हो, आशुतोष का पार्टी छोड़ना हो या आप के ज्यादातर संस्थापक सदस्यों का पार्टी छोड़ना हो, अब यह स्पष्ट हो चुका है कि अरविंद केजरीवाल एक तुगलकी तानाशाह हैं जो अपने खिलाफ उठने वाली किसी भी आवाज को नहीं पचा सकते। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सिर्फ एक बार का चमत्कार हैं जिनका करिश्मा उनकी अपनी पार्टी तथा पार्टी के बाहर के लोगों में खोने लगा है।
2020 में अदृश्य हो जाएगी AAP: मनोज तिवारी
पूर्वोत्तर दिल्ली से बीजेपी के सांसद ने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है 2020 में अगला विधानसभा चुनाव आने तक आप पार्टी राजनीतिक परिदृश्य से पूरी तरह अदृश्य हो जाएगी। तिवारी ने कहा कि आप संयोजक अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए अन्य राजनीतिक महत्वाकांक्षी लोगों की भीड़ को अपने साथ लाए थे जिनकी कोई राजनीतिक विचारधारा नहीं थी। मनोज तिवारी ने कहा कि और समय के साथ इस भीड़ ने एक 'दंगल क्षेत्र' का रूप ले लिया है। धीरे-धीरे और व्यवस्थित रूप से, इस भीड़ में मौजूद आप के ज्यादातर सदस्यों ने केजरीवाल के असली रूप को पहचान लिया है। यह क्षेत्र टूटना शुरू हो गया है, जल्द ही यह पार्टी इतिहास बन जाएगी।
आशीष ने खोला इस्तीफे का राज
आप से इस्तीफे के बाद आशीष खेतान ने बुधवार को कहा कि वे लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारी के लिए नहीं बल्कि निजी कारणों से पार्टी से अलग होने का फैसला किया है। अपने फेसबुक पोस्ट में आशीष खेतान ने लिखा कि "इससे पहले इसी वर्ष मैंने परिजनों और करीबी मित्रों से सलाह लेकर और काफी सोच-समझ कर सक्रिय राजनीति से अलग होने का निर्णय लिया था। लेकिन, पार्टी और सरकार के विभिन्न परेशानियों में रहने के कारण मैं इसका ऐलान नहीं कर सका और इसकी औपचारिक घोषणा करने के लिए सही समय का इंतजार कर रहा था। मैंने पार्टी नेतृत्व को भी कई बार अपना निर्णय बताया था।'