
नई दिल्ली। माता-पिता, गुरु और भगवान के चरण धोकर चरणामृत पीने की बात तो आपने सुनी होगी लेकिन झारखंड में भाजपा सांसद का एक कारनामा सोशल मीडिया में छाया हुआ है। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता ने स्थानीय सांसद का न सिर्फ पैर धोया बल्कि इसके बाद वह पानी भी पी लिया। इससे भी बड़ी हैरानी की बात यह कि इसकी जानकारी खुद भाजपा सांसद ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर दी। भाजपा सांसद ने भले कार्यकर्ता के इस काम की जमकर तारीफ की हो लेकिन इसे लेकर सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है।
मामला झारखंड के गोड्डा संसदीय क्षेत्र का है। स्थानीय सांसद डॉ. निशिकांत दुबे एक पुल के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान मंच पर पहुंचे एक भाजपा कार्यकर्ता ने कुछ ऐसा किया कि लोग चौंक गए। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक पुल बनने से खुश कार्यकर्ता ने पहले तो पीतल के थाल में सांसद का पैर पानी से धोया फिर उसे अपने गमछे से पोछकर थाल में बचे पानी को पी लिया। इस दौरान सांसद ने न इसका विरोध किया न कार्यकर्ता को रोकने की कोशिश की। बाद में फेसबुक पोस्ट कर कार्यकर्ता की जमकर तारीफ की।
फेसबुक पर कार्यकर्ता की तारीफ
बता दें कि इसकी तस्वीर अपने फेसबुक पर साझा करते हुए सांसद ने लिखा, 'आज मैं खुद को बहुत छोटा कार्यकर्ता समझ रहा हूं। उन्होंने लिखा, भाजपा के महान कार्यकर्ता पवन साह ने पुल बनने की खुशी में हजारों लोगों के सामने मेरे पैर धोए। दूबे ने कहा, मेरी भी इच्छा है कि मुझे भी कभी ऐसा मौका मिले और मैं भी कार्यकर्ता के पैर धोकर चरणामृत लूं।
आलोचकों को दिया जवाब
सांसद द्वारा फेसबुक पोस्ट डालने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। आलोचना का जवाब देते हुए दूबे ने एक और पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा, अपनों में श्रेष्ठता बांटी नहीं जाती और कार्यकर्ता यदि खुशी का इजहार पैर धोकर कर रहा है तो क्या गजब हुआ? पैर धोना तो झारखंड में अतिथि के लिए होता ही है। कार्यक्रमों में आदिवासी महिलाएं क्या यह नहीं करती हैं? उन्होंने कहा कि इसे राजनीतिक रंग क्यों दिया जा रहा है? अतिथि का पैर धोना गलत है तो अपने पुरखों से पूछिए कि महाभारत में कृष्ण जी ने क्या पैर नहीं धोए थे?