
नई दिल्ली। एक ओर जहां मोदी सरकार अंतरिम बजट को अब तक सबसे बेहतर बजट बता रही है, वहीं आंध्रप्रदेश के सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को केंद्र सरकार पर आखिरी बजट में भी राज्य को धोखा देने का आरोप लगाया। संसद में शुक्रवार को पेश हुए मोदी सरकार के अंतरिम बजट पर नायडू ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। नायडू ने कहा कि बजट में आंध्र प्रदेश का कोई जिक्र नहीं किया गया है।
प्रतिदिन 16 रुपये से किसानों की स्थिति में सुधार कैसे?
एक टेलीकॉन्फ्रेंस के दौरान तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के कार्यकर्तार्ओं के साथ बातचीत करते हुए तेदेपा प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान योजना से किसानों को कोई लाभ नहीं होगा। नायडू ने कहा कि प्रतिदिन 16 रुपये से किसानों की स्थिति में सुधार कैसे हो सकता है? क्या आप उन्हें भीख दे रहे हैं?। तेदेपा सूत्रों के अनुसार, नायडू ने कहा कि 2019-20 के बजट में आम आदमी के लिए कुछ नहीं था।
आरक्षण के लिए आय सीमा आठ लाख रुपये
उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (ईबीसी) कोटे के तहत आरक्षण के लिए आय सीमा आठ लाख रुपये है लेकिन आयकर सीमा पांच लाख रुपये है। उन्होंने दावा किया कि बजट में ऐसे कई विरोधाभास हैं। वहीं, विपक्षी पार्टियों ने बजट को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने अंतरिम बजट की आलोचनाओं को खारिज करते हुए कहा कि किसानों के लिए आय योजना और प्रत्यक्ष कर में बदलाव की इस समय सख्त जरूरत थी। जेटली ने कहा कि इससे उपभोक्ताओं के खर्च में बढ़ोतरी होगी जिससे अर्थव्यवस्था में तेजी आएगी।