राजनीति

CG Election 2023 : विधानसभा चुनाव से पहले भरोसा यात्रा निकालकर कांग्रेस पहुंची जनता के बीच, सरकार की योजनाओं का किया प्रचार

CG Election : आगामी चुनाव से पहले गांधी जयंती पर कांग्रेस ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा यात्रा निकालकर जनता के बीच पहुंची।

2 min read
Oct 03, 2023

रायपुर। CG Election : आगामी चुनाव से पहले गांधी जयंती पर कांग्रेस ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा यात्रा निकालकर जनता के बीच पहुंची। इसके जरिए जनता को राज्य सरकार की उपलिब्धयों और केंद्र सरकार की नाकामियों को प्रमुखता से गिनाया गया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुलेट पर सवार होकर पाटन विधानसभा के सेलूद, गाड़ाडीह, जामगांव, रानीतराई में भरोसा यात्रा में शामिल हुए। प्रभारी कुमारी सैलजा और उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव अंबिकापुर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर की यात्रा में शामिल हुए। भरोसा यात्रा में हर विधानसभा क्षेत्रों में मोटर साइकिल रैली भी निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा का समापन हर विधानसभा क्षेत्रों में सभा के रूप में हुआ।

सरकार की योजनाओं का किया प्रचार

रायपुर की चारों विधानसभा सीट में भरोसा यात्रा निकाली गई। हर विधानसभा में बाइक रैली के माध्यम से लगभग 25 किलोमीटर का सफर कर हर गली मोहल्ले तक पहुंची। इस दौरान चौक-चौराहा में नुक्कड़ सभा की गई। साथ ही राज्य सरकार की योजनाओं का पंपलेट एवं पोस्टर भी आम जनता को बांटा गया। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की यात्रा विधायक विकास उपाध्याय, शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे व यात्रा प्रभारी महेंद्र गंगोत्री के नेतृत्व में निकाली गई।

इस यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। ग्रामीण विधानसभा की यात्रा विधायक सत्यनारायण शर्मा, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा और प्रतिमा चंद्राकर के नेतृत्व में निकाली गई। दक्षिण विधानसभा की यात्रा में महापौर एजाज ढेबर, प्रमोद दुबे, सन्नी अग्रवाल, कन्हैया अग्रवाल मौजूद रहे। उत्तर विधानसभा की यात्रा विधायक कुलदीप जुनेजा के नेतृत्व में निकाली गई।

भाजपा ने हर वर्ग को ठगा: बैज

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बस्तर में कहा, भाजपा हर वर्ग को सिर्फ ठगने का काम करती रही है। भाजपा के शासन काल में लाखों लोगों के राशन कार्ड कटवाए गए थे। कांग्रेस की सरकार ने सबके राशन कार्ड बनवाए। भाजपा की रमन सिंह सरकार ने जनता का भरोसा गंवा दिया था और कांग्रेस की भूपेश सरकार ने जनता का भरोसा जीता है।

यात्रा जन भावनाओं का प्रतीक : सीएम

पाटन में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, आज छत्तीसगढ़ के हर समाज का व्यक्ति कह रहा है कि उसे कांग्रेस पर भरोसा है, क्योंकि उसने जो कहा वो किया। दूसरी ओर जब रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व काल के 15 बरस पूरे होने जा रहे थे तो समाज का हर वर्ग उनसे दुखी था। भाजपा का हर नेता कमीशनखोरी में डूबा हुआ था।

Published on:
03 Oct 2023 03:20 pm
Also Read
View All