
नई दिल्ली: शुक्रवार को संसद में केंद्र सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव गिर गया। मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी के मुखिया चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि विपक्षी पार्टियों की ओर से 15 साल बाद संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। मुझे यह मालूम था कि उनके पास बहुमत है। लेकिन यह प्रस्ताव बहुमत बनाम नैतिकता के लिए था। इससे पहले चंद्रबाबू नायडू ने पीएम पर सत्ता का अहंकार दिखाने और ओछी बात करने का आरोप लगाया। नायडू ने कहा कि आंध्रप्रदेश के 5 करोड़ लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आंध्रप्रदेश के साथ किए गए वादे के साथ इंसाफ नहीं किया। देश को बताना चाह रहा हूं कि प्रदेश के साथ क्या हो रहा है। भाजपा ने एक बार फिर हमें धोखा दिया है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।
पीएम की बात से दुखी
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी तुलना 'भ्रष्ट राजनीतिज्ञ' से की और टीडीपी के अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देने के दौरान 'ओछी' बातें की, जिससे वह दुखी हैं। नायडू ने कहा, "इस देश के प्रधानमंत्री के रूप में आपको उस तरह से बातें नहीं करनी चाहिए थी। एक प्रधानमंत्री के रूप में आपको ओछी बातें नहीं करनी चाहिए।
संसद में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव धड़ाम
गौरतलब है कि शुक्रवार को संसद में अविश्वास प्रस्ताव धड़ाम से गिर गया। सत्ताधारी मादी सरकार को 325 वोट मिले और विपक्ष के खाते में मात्र 126 वोट ही गए। वोटिंग के बाद संसद में पीएम मोदी ने अविश्वास प्रस्ताव पर जीत हासिल की और विपक्ष को हार का मुंह देखना पडा़। बता दें कि मोदी सरकार को दो-तिहाई बहुमत यानी 325 वोट मिले जबकि विपक्ष को 126 वोट ही पड़े। गौरतलब है कि टीडीपी सांसद ने मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दिया था, जिसे लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने मंजूरी दी और पूरे दिन सदन में बहस चलती रही।
विपक्ष ने पीएम पर साधा निशाना
विपक्ष से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपना भाषण शुरू करते हुए केंद्र पर निशाना साधना शुरू कर दिया। राहुल ने सत्ताधारी मोदी सरकार के कामों और वादों को जुमला नाम दिया और खूब प्रहार किए। राहुल गांधी अपना भाषण खत्म करके पीएम मोदी के पास भी गए और उन्हें गले लगाया। यही नहीं राहुल ने सीट से आंख भी मारी, जिसे लेकर खूब हंसी-मजाक का माहौल बना रहा।