राजनीति

महागठबंधन को झटका: मायावती को प्रधानमंत्री बनाने का ऐलान, तीसरे मोर्चे का गठन करेंगे चौटाला

शिक्षक भर्ती घोटाले में 10 साल की सजा काट रहे इनेलो अध्यक्ष ने कहा गरीब और दलित की बेटी को प्रधानमंत्री बनाएंगे
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2018, 10:14 AM IST
mayawati
महागठबंधन को झटका: मायावती को प्रधानमंत्री बनाने का ऐलान, तीसरे मोर्चे का गठन करेंगे चौटाला

नई दिल्ली।महागठबंधन की कोशिशों और राहुल गांधी के प्रधानमंत्री पद पर दावेदारी के बीच उत्तरप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का नाम इस पद के लिए मजबूती से बढ़ाया गया है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला ने कहा है कि वे 2019 में बसपा प्रमुख मायावती को बनाना चाहते हैं। इसके लिए उनकी पार्टी दूसरे विपक्षी दलों से बातचीत कर रही है।

शिक्षक भर्ती घोटाले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में 10 साल की सजा काट रहे चौटाला दो सप्ताह की पैरोल पर बाहर निकले हैं। पिता देवीलाल की 105वीं जयंती पर हरियाणा के गोहाना में आयोजित रैली में चौटाला ने कहा, प्रधानमंत्री पद के लिए मायावती सबसे मजबूत नाम हैं। उन्हें इस पद पर देखने के लिए हमारी पार्टी पूरे प्रयास कर रही है। चौटाला ने कहा, समय की मांग है कि प्रधानमंत्री पद पर गरीब और दलित की बेटी पहुंचे। मैं तीसरे मोर्चे के गठन की कोशिश करूंगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि अगले चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। चौटाला ने कहा कि बसपा से हमारा गठबंधन मजबूत है और हम मायावती को प्रधानमंत्री पद तक पहुंचाएंगे। इस मौके पर बसपा के हरियाण प्रभारी मेघराज सिंह ने मयावती का संदेश रैली में पढ़ा।

कांग्रेस को जवाब देगी जनता : शिक्षक भर्ती घोटाले में सजा के बाद पहली बार किसी बड़ी सभा को संबोधित करते हुए चौटाला ने कहा, शिक्षित बेरोजगारों को नौकरी देना अगर गुनाह है तो मैं ऐसा बार—बार करूंगा। कांग्रेस ने साजिश के तहत मेरे खिलाफ जांच की, मुझे जेल भिजवाया गया। जनता चुनावों में इसका जवाब देगी।

चौटाला की रैली में गुजरात से वाघेला

चौटाला की रैली में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला भी पहुंचे। देवीलाल परिवार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, जब से भाजपा सत्ता में आई देश बर्बादी की कगार पर आ गया है। भाजपा विपक्ष में थी तो कांग्रेस पर निशाना कसती थी, अब भाजपा को शर्म नहीं आ रही।

Published on:
Also Read
View All