
नई दिल्ली। राहुल गांधी की कैलास मानसरोवर यात्रा को लेकर कांग्रेस का बड़ा बयान सामने आया है। कांग्रेस ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को भगवान शंकर ने बुलाया है। इसलिए वह मानसरोवर की यात्रा पर निकलते हैं। कांग्रेस ने यह भी कहा कि राहुल गांधी की एक निजी व धार्मिक यात्रा है। इसलिए इस पर किसी तरह की सियासी टिप्पणियां नहीं की जानी चाहिए। आपको बता दें कि कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह की ओर से यह बयान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने राहुल की मानसरोवर यात्रा की फोटो को फेक बताया था।
राहुल गांधी बेहद सौभाग्यशाली
कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने कहा कि राहुल गांधी बेहद सौभाग्यशाली हैं, जो उनको मानसरोवर यात्रा का असवर मिला। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने एक मनौती मानी थी। अब उसको पूरा करने के लिए चुनाव के बाद अब उसे पूरा करने के लिए वे कैलाश यात्रा पर गए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह एक दुर्गम और बेहद मुश्किल यात्रा है। यहां वहीं जाता है, जिसको भगवान शिव बुलाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी शीर्ष नेताओं में शायद ऐसे पहले नेता हैं जो खुद कैलाश यात्रा पर गए हैं। गिरिराज सिंह पर तंज कसते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठ मंत्री जैसे जिम्मेदार पद पर होने के बाद उनको सभी चीजों की पड़ताल करने के बाद ही कोई टिप्पणी करनी चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता सिंह ने यह भी कहा कि मोदी सरकार के मंत्री जानबूझकर ऐसे बयान दे रहे हैं, ताकि देश की जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटकर अन्य मसलों पर उलझाया जा सके। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज जबकि देश में पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। तब सरकार के बड़े मंत्री ऐसे बयान दे रहे हैं।