राजनीति

मोदी सरकार में मची है लूट , भ्रष्टाचारियों की मौज हो गई: कांग्रेस

कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में पारदर्शिता के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
2 min read
Feb 23, 2018
congress

नई दिल्ली: सत्ता के बाहर कांग्रेस हर रोज बीजेपी को अलग अलग मुद्दों पर घेरने की कोशिश में जुटी हुई है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पीएनबी स्कैम और विक्रम कोठारी के घोटाले ने कांग्रेस को बैठे बिठाए विरोध का एक मौका दे दिया है। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए आज आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व वाली सरकार में घोटालेबाज मौज कर रहे हैं, और सरकार के पारदर्शिता के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।

कब खुलेगी मोदी की नींद
कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कि मोदी सरकार में खुली लूट मची हुई है और भारत बड़े भ्रष्टाचारी देशों की सूची में शामिल है। पार्टी ने एक अखबार की खबर भी पोस्ट की है जिसमें एक सर्वेक्षण के हवाले कहा गया है कि 180 देशों की सूची में 2017 में भारत की रैंकिंग दो पायदान नीचे खिसकी है और हम 81वें स्थान पर आ गए हैं। पार्टी ने पीएम मोदी से सवाल किया कि भ्रष्टाचार को लेकर उनकी नींद कब खुलेगी।

घोटालेबाज कर रहे BJP का प्रचार
पार्टी ने एक अन्य ट्वीट में कर्नाटक के रेड्डी बंधुओं का जिक्र करते हुए कहा है कि देश में लगातार घोटाले सामने आ रहे हैं, लेकिन आश्चर्य की बात है कि बीजेपी कर्नाटक में प्रचार के लिए घोटालों के आरोपी रेड्डी बंधुओं की मदद ले रही है। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा है कि मोदी के आशीर्वाद से भ्रष्टाचारी बीजेपी सरकार में सत्ता का आनंद ले रहे हैं।

नोटबंदी ने अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया
कांग्रेस ने नोटबंदी को लेकर भी मोदी सरकार पर हमला किया और कहा कि नोटों की उपलब्धता नोटबंदी के पहले के स्तर के करीब पहुंच गयी है। पार्टी ने सवाल किया कि नोटबंदी से क्या हासिल हुआ और इसके जरिये लोगों के समक्ष संकट क्यों पैदा किया गया। पार्टी ने आरोप लगाया कि बेमतलब के इस फैसले से देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया गया है।

Published on:
23 Feb 2018 06:00 pm