
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) से पहले भाजपा ने मनोज तिवारी (Manoj tiwari) का वीडियो इस्तेमाल करने के लिए आम आदमी पार्टी के संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) के खिलाफ मानहानि का नोटिस भेजकर 500 करोड़ रुपए का हर्जाना मांगा है। साथ ही चुनाव आयोग से भी शिकायत की है। आम आदमी पार्टी पर आरोप है कि चुनावी विज्ञापन में उसने भाजपा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी का वीडियो उपयोग किया है।
बिना अनुमति फोटो-वीडियो इस्तेमाल करने का हक किसने दिया- मनोज तिवारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे फिल्में और गाने की क्लीपिंग और तस्वीरों को एडिट करके आम आदमी पार्टी ने अपने विज्ञापन में उसका इस्तेमाल कर लिया। आखिर केजरीवाल को बिना अनुमति हमारी फोटो और वीडियो इस्तेमाल करने का अधिकार किसने दिया। क्या आपको यह नहीं पता कि किसी की इजाजत के बगैर हम किसी की फोटो उपयोग नहीं कर सकते हैं।
मनोज तिवार ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि आप के नेता चुनाव में अपनी हार देखते हुए इतने बौखला गए हैं कि विज्ञापन के लिए अब वह बच्चों, मजदूरों, महिलाओं की फोटो और वीडियो का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
मनोज तिवारी केजरीवाल से ज्यादा लोकप्रिय-बक्शी
बीजेपी प्रदेश मीडिया कन्वीनर नीलकांत बक्शी ने बताया कि मनोज तिवारी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार हैं। उनकी फिल्मों और गानों की क्लीपिंग का राजनीतिक इस्तेमाल किया और उसका वीडियो बनाकर पार्टी के ट्विटर हैंडल से ट्वीट भी किया गया। बक्शी ने बताया कि फिल्मों और म्यूजिक वीडियो के निर्माता और निर्देशकों से भी इसकी अनुमति नहीं ली गई। जो कि प्रोपराइटर राइट्स नियम का उल्लंघन है। इससे साफ जाहिर है कि मनोज तिवारी अरविंद केजरीवाल से ज्यादा लोकप्रिय नेता हैं।