
नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ट्वीट कर दावा किया था कि देश में अब ऐसा कोई गांव नहीं है जहां पर बिजली नहीं हो। पीएम के इस दावे को कांग्रेस ने झूठा करार दिया है। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम ने एक बार फिर देश से झूठ बोला। देश के सभी गांवों में बिजली पहुंचाए जाने से जुड़ी एक खबर को पोस्ट करते हुए उन्होंने ट्वीट किया कि एक और झूठ । इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने मोदी के इस घोषणा को जुमला करार दिया था।
बीजेपी पर कांग्रेस का हमला
भारतीय युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने कहा कि बीजेपी ने चार साल पहले कहा था कि देश के 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचा दी जाएगी। लेकिन पीएम मोदी ऐसा नहीं कर पाए। एक आंकड़ों के अनुसार, मई 2014 में मोदी के सत्ता संभालने के समय देश में 18,452 गांव बिना बिजली के थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता चिदंबरम ने कहा कि केंद्र सरकार से देश की जनता नाराज है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में बेरोजगारी ही सबसे बड़ी मुद्दा होगी।
मोदी ने किया था दावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ट्वीट कर कहा था कि मणिपुर का लीसांग में शनिवार को आखिरी था जहां पर बिजली नहीं पहुंची थी। मोदी ने ट्वीट कहा कि यह खबर हर भारतीय को गर्व और प्रसन्नता से भर देगी। केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार देश के सभी पांच लाख 97 हजार 464 गांवों में अब बिजली पहुंच चुकी है। लीसांग गांव मणिपुर के सेनापति जिले में स्थित है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत इस गांव में बिजली पहुंची है। मोदी ने बिजली कर्मचारियों की फोटो भी ट्वीटर पर शेयर की थी।