
नई दिल्ली। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर अपनी सरकार के सहयोगी दलों से 12 अक्टूबर शुक्रवार को दिल्ली के एम्स में मुलाकात करेंगे। पर्रिकर फिलहाल एम्स में भर्ती हैं। दरअसल पिछले लंबे समय से पर्रिकर की जगह नया मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर चर्चा चल रही है। भाजपा हाईकमान की ओऱ से भी संकेत दिए गए थे कि समय आने पर बदलाव किया जाएगा। आपको बता दें पिछले लंबे समय से मनोहर पर्रिकर पेन्क्रियाज की बीमारी के चलते अपना इलाज करवा रहे हैं। इससे सरकार के कामों पर सीधा असर पड़ रहा है।
अभी साफ नहीं बैठक का एजेंडा
सीएम पर्रिकर ने एम्स में अपने सहयोगी दलों के नेताओं को बैठक के लिए बुलाया है इसकी वजह राज्य के शासन से संबंधित मुद्दों पर चर्चा बताया जा रहा है, लेकिन आमंत्रित किए गए नेताओं की माने तो फिलहाल उन्हें बैठक के एजेंडे के बारे में जानकारी नहीं है। निर्दलीय विधायक गोविंद गावड़े ने बैठक के लिए बुलाए जाने की पुष्टि की और कहा कि उन्हें मीटिंग के एजेंडा के बारे में जानकारी नहीं है।
इन नेताओं को आया बुलावा
महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के नेता सुदीन धवलीकर, गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के नेता विजय सरदेसाई और गोवा में बीजेपी नीत गठबंधन सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक गोविंद गावड़े, रोहन खाउंते और प्रसाद गांवकर को बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है।
बैठक के दौरान मंत्रिमंडल में फेरबदल के आसार
पिछले महीने एम्स में भर्ती होने के बाद से पर्रिकर की अध्यक्षता में यह पहली औपचारिक बैठक होगी। सूत्रों की माने तो पर्रिकर इस हफ्ते अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों को अतिरिक्त विभाग सौंप सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने पिछले महीने इस बात के संकेत दे दिए थे कि समय आने पर सीएम के नाम पर चर्चा की जाएगी, यही नहीं उन्होंने ये भी कहा था कि फिलहाल पर्रिकर मुख्यमंत्री बने रहेंगे और उनके मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल होगा।