हिंसा के बाद गुजरात में बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के खिलाफ नफरत भरे संदेश फैलाए जा रहे हैं। इन संदेशों की वजह से गैर गुजरातियों को मॉब लिचिंग का डर सताने लगा है।
नई दिल्ली। गुजरात में 14 महीने के बच्ची से रेप के बाद भड़की हिंसा के डार से यूपी और बिहार के लोगों को वहां से पलायन जारी है। तीन बाद भी गैर गुजरातियों को पलायन रुका नहीं है। अब इस घटना को लेकर प्रदेश के डीजी शिवानंद झा ने अजीब सफाई पेश की है। उन्होंने कहा कि यूपी-बिहार के लोग हिंसा की वजह से नहीं बल्कि त्योहारों की वजह से अपने घर जा रहे हैं। उन्होंने इस बात को खारिज किया है कि लोगों का पलायन गुजरातियों के हमले और मॉब लिंचिंग के डर से हो रहा है।
जाने वालों से सपंर्क करने का निर्देश
राज्य के कई हिस्सों से उत्तर भारतीयों के पलायन का कारण पूछने पर डीजी ने कहा कि बिहार और यूपी के लोग त्योहारों के कारण अपने घर जा रहे हैं। इस बात को गलत तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए। मैंने अपने अधिकारियों को रिहायशी इलाकों के दौरे के लिए कहा है। ज़रूरत पड़ी तो बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भी जाकर पूछताछ की जाएगी।
342 लोग हिरासत में
गुजरात के डीजीपी शिवानंद झा ने मीडिया को बताया कि इस मामले में अब तक 342 लोगों को हिरासत में लिया है जबकि 180 को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही जिन इलाकों से मारपीट की खबरें ज्यादा आ रही हैं, उन इलाकों में पुलिस ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। डीजीपी शिवानंद झा के मुताबिक गैर गुजरातियों-खासतौर पर उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले लोगों पर हमले पिछले एक हफ्ते में गांधीनगर, मेहसाना, साबरकांठा, पाटन और अहमदाबाद जिलों में हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
मॉब लिंचिंग का डर
आपको बता दें कि गुजरात के साबरकंठा जिले में 14 महीने की बच्ची से कथित तौर पर रेप के बाद वहां गैर गुजरातियों के खिलाफ हिंसा का माहौल बन गया है। इस घटना के बाद से वहां बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे गुजरात में रहने वाले बाहरी लोगों में भय का वातावरण व्याप्त हो गया है। वो गुजरात छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर गैर गुजरातियों, खासकर बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के खिलाफ नफरत भरे संदेश फैलाए जाने के बाद ये हमले हुए। ऐसे में इलाके में रह रहे गैर गुजरातियों को मॉब लिचिंग का डर है। लिहाजा जान बचाने के लिए बिहार, यूपी और मध्य प्रदेश के लोग गुजरात से पलायन कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर नफरत भरे मैसेज
डीजीपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर गैर गुजरातियों, खास कर बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के खिलाफ नफरत भरे संदेश फैलाए जाने के बाद ये हमले हुए। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के साइबर सेल ने सोशल मीडिया पर गैर-गुजराती लोगों के खिलाफ नफरत वाले संदेश फैलाने में संदिग्ध रूप से शामिल लोगों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया है।