पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 93 में से 53 सीटों पर कब्जा किया था। वहीं कांग्रेस के खाते में 38 सीटों पर कब्जा किया था।
अहमदाबाद:गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए वोटिंग जारी है। सुबह-सुबह धीमी गति से चला मतदान अब रफ्तार पकड़ रहा है। दोपहर 2 बजे तक 50.29 फीसदी मतदान हो चुका है। इसके साथ पीएम मोदी ने भी साबरमती के राणिप पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाल दिया है। इस पोलिंग बूथ पर पीएम मोदी को देखने के लिए भारी संख्या में लोगों की तादात देखने को मिली। पीएम मोदी जब यहां पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले अपने बड़े भाई के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद आम लोगों के साथ लाइन में लगकर पोलिंग बूथ 115 पर प्रधानमंत्री ने अपना वोट डाला।
लोगों के बीच जाकर किया अभिवादन स्वीकार
वोट डालने के बाद पीएम मोदी ने लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया और वो पैदल ही आम लोगों के बीच पहुंच गए और उनसे हाथ मिलाया। पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए भारी संख्या में लोगों की भीड़ थी। इसके बाद पीएम मोदी काफी देर तक गाड़ी के गेट पर ही खड़े होकर लोगों की तरफ हाथ हिलाते रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने एक दिव्यांग बच्चे से मुलाकात की।
आपको बता दें कि इससे पहले सुबह 9 बजे तक 8 फीसदी मतदान हुआ था। हालांकि इस एक घंटे में राजनीति के कई बड़े चेहरे वोट डालने के लिए पहुंच चुके थे। सबसे पहले गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने अहमदाबाद की घटोलदिया सीट पर जाकर अपना वोट डाला। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन ने गांधीनगर में पोलिंग बूथ पर जाकर अपने मतदान का इस्तेमाल किया। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह , शंकर सिंह वाघेला और अरूण जेटली ने भी अपना वोट डाल दिया है।
93 सीटों पर डाले जा रहे हैं वोट
आपको बता दें कि नॉर्थ और सेंट्रल गुजरात के 14 जिलों की 93 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। आपको बता दें कि गुजरात में 182 विधानसभा सीटें हैं। इससे पहले प्रथम चरण में 89 सीटों पर मतदान हुआ था। गुजरात चुनाव के नतीजे 18 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। गुजरात के साथ-साथ इसी दिन हिमाचल प्रदेश के भी चुनावी नतीजे आएंगे।
14 जिलों में से अहमदाबाद, गांधीनगर, वड़ोदरा और बनासकांठा जैसे अहम जिले भी हैं, जिन पर वोटिंग शुरु हो गई है। 93 सीटों पर हो रही वोटिंग में 851 उम्मीदवार मैदान में हैं और 2.22 करोड़ वोटर अपने मत का इस्तेमाल करेंगे।
अहमदाबाद और वड़ोदरा है बीजेपी का गढ़
जिन 93 सीटों पर आज मतदान हो रहा है, पिछले चुनाव में बीजेपी ने इन 93 सीटों में 53 सीटों पर कब्जा किया था। वहीं कांग्रेस के पास 38 सीटें हैं। इनमें अहमदाबाद और वड़ोदरा की 31 सीटों में से 26 बीजेपी के खाते में गई थी, जिससे साफ है कि ये 2 जिले बीजेपी का गढ़ है और इन्हीं जिलों पर सभी की नजरें होंगी कि आखिर बीजेपी अपना गढ़ बचा पाती है या नहीं।
इन बड़े चेहरों की किस्मत होगी EVM में कैद
आज के मतदान में कई बड़े चेहरों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। कई सीटों पर काफी दिलचस्प मुक़ाबले की उम्मीद है। मेहसाणा से उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल का मुकाबला कांग्रेस के जीवाभाई पटेल से है। राधनपुर से कांग्रेस के अल्पेश ठाकुर का मुकाबला बीजेपी के लविंगजी ठाकोर से है। वहीं वडगाम सीट से कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार जिग्नेश मेवाणी का मुकाबला बीजेपी के विजय चक्रवर्ती से है।
Live Update-
-बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अहमदाबाद के जमालपुर खाड़िया में अपना वोट डाला
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साबरमती के राणिप पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। पीएम मोदी ने आम लोगों के साथ लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पीएम मोदी को देखने के लिए भारी संख्या में लोगों की भीड़ नजर आई। पीएम मोदी ने भी लोगों के बीच जाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
- सुपह 11:30 बजे तक 16.2 प्रतिशत मतदान हो गया है। सबसे ज्यादा वोटिंग दाभोई 15% में पड़ी है।
- डिप्टी सीएम नितिन पटेल ने मेहसाणा में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यहीं से नितिन पटेल कांग्रेस के जीवाभाई पटेल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
- पाटीदार नेता हार्दिक पटेल विरामगाम में अपने वोट का इस्तेमाल किया।
- क्रिकेटर युसूफ पठान ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
-वित्त मंत्री अरूण जेटली ने अहमदाबाद के वेजलपुर में अपना वोट डाला। जेटली ने कहा कि मैं गुजरात की जनता से अपील करता हूं कि भारी मात्रा में आकर वोट डालें।
-बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने नरनपुरा में डाला अपना वोट।
- पूर्व बीजेपी नेता शंकर सिंह वाघेला ने भी गांधीनगर के वसन गांव में डाला वोट
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन गांधीनगर में अपना वोट डालने के लिए पहुंची हैं।
- गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने भी अहमदाबाद में अपना वोट डाला।