हिमाचल के पूर्व सीएम की अचानक बिगड़ी तबीयत IGMC अस्पताल में किया गया भर्ती सांस लेने में आ रही है काफी दिक्कत, पत्नी भी मौजूद
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता वीरभद्र सिंह की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। तबीयत बिगड़ते हुए उन्हें तुरंत आइजीएमसी में भर्ती किया गया है। उनकी तबीयत अचानक खराब हुई और उन्हें सीधे आइजीएमसी शिमला लाया गया। बताया जा रहा है वीरभद्र सिंह के आइजीएमसी शिमला में टेस्ट हो रहे हैं।
88 वर्षीय वीरभद्र सिंह इससे पहले भी रूटीन चेकअप के लिए आइजीएमसी आते रहते हैं। लेकिन इस बार चिकित्सकों के मुताबिक हालात नाजुक बनी हुई है।
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को सांस लेने की दिक्कत हो रही थी। इसके बाद उन्हें तुरंत शिमला स्थित अस्पताल लाया गया। वीरभद्र सिंह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे आईजीएमसी पहुंचे।
इस दौरान डॉक्टरों की टीम ने उनका ईसीजी टेस्ट करवाया। उन्हें व्हील चेयर पर इमरजेंसी से स्पेशल वार्ड तक पहुंचाया गया, जहां उनके टेस्ट किए जा रहे हैं। इस दौरान वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहीं। चिकित्सकों ने चेकअप के बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल होने की सलाह दी।
आपको बता दें कि वीरभद्र सिंह 6 बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। यही नहीं प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के सबसे बड़े चेहरे हैं। उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, जबकि पत्नी प्रतिभा सिंह मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद रह चुकी हैं।
आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से वीरभद्र सिंह की तबीयत लगातार खराब रह रही है। उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही है। हालांकि पिछली बार भी वीरभद्र सिंह को कुछ समय के लिए भर्ती किया गया और उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
कोई चुनाव नहीं हारे
आठ बार विधायक, छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री और पांचवीं बार लोकसभा में बतौर सांसद रह चुके हैं और पिछले आधे दशक में वे कोई चुनाव नहीं हारे।