राजनीति

चुनाव नतीजे 2017 : हिमाचल प्रदेश में दोहराई गई उत्तराखंड वाली कहानी

हिमाचल चुनाव नतीजों में प्रेम कुमार धूमल का हारना अपने आप में चौकाने वाला है। वे प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर उतारे गए थे।
2 min read
• •
Updated: 18 Dec 2017, 10:44 PM IST
Himachal Pradesh, election, CM candidate Prem Kumar Dhumal lost election, uttrakhand, khanduri, harish rawat

शिमला: हिमाचल में भाजपा जीती है, लेकिन मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल चुनाव हार गए हैं। भाजपा के लिए ये पहला मौका नहीं है, जब मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर उतारा गया उम्मीदवार हारा हो। इससे पहले भी भाजपा ऐसी स्थिति का सामना कर चुकी है। बता दें, हिमाचल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मोदी लहर के चलते पहले पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर चुनाव लड़ने का मन बनाया था। जानकारों के अनुसार- खुफिया रिपोर्टों के आधार पर बाद में भाजपा को प्रेम कुमार धूमल का नाम मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर घोषित करना पड़ा। हालांकि भाजपा को प्रदेश में पहले से ही अंतरविरोधों का सामना करना पड़ रहा था। नतीजा ये हुआ कि धुमल सुजानपुर सीट से चुनाव हार गए।

धूमल हमीरपुर से लड़ते थे चुनाव

जानकार बताते हैं कि पार्टी में भीतरघात के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार- उन्हें षड्यंत्र के तहत सुजानपुर सीट से चुनाव लड़वाया गया। इसका विरोधियों को तो कोई फायदा नहीं हुआ, लेकिन पार्टी के प्रचार को जरूर नुकसान पहुंचा। इससे पहले वे हमीरपुर से चुनाव लड़ते थे। बताया जा रहा है कि उन्हें सुजानपुर में उलझाने के लिए ही भेजा गया था। पार्टी की पहले से ही योजना थी कि जेपी नड्‌डा को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में उतारा जाए। इसी लिए टिकट आवंटित तक का सारा काम पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अपने पास रखा था। योजना थी कि धूमल के सुजानपुर में रहने पर जेपी नड्‌डा प्रदेश में स्टार प्रचारक के रूप में प्रचार करेंगे।

पहले से थी धूमल को हार की आशंका
पहले चरण तक नेतृत्व इस पर अडिग था। लेकिन बाद में फीडबैक नकारात्मक आने पर मजबूरन मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में धूमल का नाम आगे करना पड़ा। पार्टी ने इसका स्वागत तो किया, लेकिन इससे प्रचार प्रभावित हुआ। प्रचार को पूरा समय नहीं मिल पाया। उधर पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के क्षेत्र से भी टिकटों के बंटवारे पर विवाद था। यहां से एकमात्र नाम प्रवीण कुमार का भेजा गया था। लेकिन उनका टिकट काटकर इंदू गोस्वामी को दिया गया।

धूमल का हारना चौकाने वाला
हिमाचल चुनाव नतीजों में प्रेम कुमार धूमल का हारना अपने आप में चौकाने वाला है। वे प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर उतारे गए थे। बीजेपी को उम्मीद नहीं थी कि मुख्यमंत्री पद के लिए उतारे गए उम्मीदवार को ही जनता नकार देगी। हालांकि हिमाचल ने में जनता ने बीजेपी को बहुमत से जिताया है।

उत्तराखंड में खंडूरी को भी हार का सामना करना पड़ा

ऐसा ही इससे पहले उत्तराखंड में हो चुका है। वहां पर 2012 के विधानसभा चुनाव में सीएम पद के प्रत्याशी के तौर पर भुवन चंद्र खंडूरी को 'खंडूरी है जरूरी' नारे के साथ उतारा था। लेकिन वे हार गए और मुख्यमंत्री पद तक नहीं पहुंच पाए। हालांकि इन चुनावों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। खंडूरी के जीतने पर भाजपा का पलड़ा भारी हो सकता था। लेकिन इस हार ने भाजपा का जोड़-तोड़ करके सरकार बनाने का संतुलन भी बिगाड दिया था। खंडूरी को कोटद्वार से सीट दी गई थी। तब भी बिलकुल हिमाचल प्रदेश की तरह आरोप लगाए गए थे कि भीतरघात के कारण खंडूरी को हार का सामना करना पड़ा। इस पर खंडूरी ने कहा था कि वे इस बारे में पार्टी फोरम में ही कहेंगे। इसके बाद हाल ही में उत्तराखंड के विस चुनावों में भी हरीश रावत भी चुनाव हार गए थे। वे भी राज्य में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर उतारे गए थे।

Published on:
Also Read
View All