राजनीति

जम्मू-कश्मीर: निकाय चुनाव के लिए बुधवार को होगा दूसरे चरण का मतदान

जम्मू-कश्मीर में निकाय चुनाव में पहले चरण के मतदान के बाद अब दूसरे चरण के लिए बुधवार को वोटिंग होगी।
2 min read
Oct 09, 2018
जम्मू-कश्मीर: निकाय चुनाव के लिए बुधवार को होगा दूसरे चरण का मतदान
जम्मू-कश्मीर: निकाय चुनाव के लिए बुधवार को होगा दूसरे चरण का मतदान

श्रीनगर। आतंकियों की धमकी के बावजूद जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र का पर्व में नागरिक हर्ष के साथ हिस्सा ले रहे हैं। निकाय चुनाव में पहले चरण के मतदान के बाद अब दूसरे चरण के लिए बुधवार को वोटिंग होगी। बता दें कि दूसरे चरण में श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग और बड़गाम समेत अन्य जिले शामिल हैं जहां आतंकी सक्रिय हैं। राज्य के नगर निकाय चुनाव चार चरणों में हो रहे हैं। बुधवार को होने वाले मतदान में 13 जिलों के 384 वार्ड शामिल हैं, जिसमें से सात जिले संकटग्रस्त कश्मीर घाटी के हैं और छह जम्मू संभाग के हैं।

सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा

आपको बता दें कि घाटी में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के मकसद से अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया सुबह छह बजे से शुरू की है, जो शाम चार बजे समाप्त होगी। कठुआ, किश्तवाड़, रेसाई, रामबन, उधमपुर, डोडा, श्रीनगर, बारामूला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, कुलगाम, अनंतनाग और बड़गाम जिले में मतदान होना है। इन वार्डो से कुल 1,198 नामांकन दाखिल हुए हैं। जांच और नाम वापस लेने के बाद 1,095 उम्मीदवार मैदान में हैं। फिलहाल 1,095 में से 65 उम्मीदवार बिना लड़े जीत गए हैं, जिसमें से 61 कश्मीर घाटी से हैं, जहां आतंकियों ने चुनाव के खिलाफ धमकी दी हुई है और नेशनल कांफ्रेंस व पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने चुनावों का बहिष्कार किया हुआ है। इससे चुनावों में लोगों की भागीदारी प्रभावित हुई है।

70 वार्डों में नहीं होगा मतदान

आपको बता दें कि एक अधिकारी ने कहा कि घाटी के 70 वार्डो में कोई मतदान नहीं होगा क्योंकि यहां से कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। अधिकारी ने कहा कि कुलगाम जिले के फ्रीसाल म्यूनिसिपल समिति के 13 वार्डो में केवल एक उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल किया था। वहीं बड़गाम जिले की बीरवाह म्यूनिसिपल समिति के 13 वार्डो में भी एक उम्मीदवार ने ही नामांकन दाखिल किया है।

Updated on:
09 Oct 2018 09:12 pm
Published on:
09 Oct 2018 09:12 pm