
रांची। झारखंड में 16 अप्रैल को 34 नगर निकाय की सीटों पर हुई वोटिंग के आज नतीजे आ रहे हैं। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। 34 सीटों में यहां पांच सीटें नगर निगमों की हैं और 16 नगरपालिका परिषद की हैं। इसके अलावा 13 नगर पंचायत की सीटें हैं।
बीजेपी-कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर
शुरूआती काउंटिंग में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। वहीं रांची नगर निगम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) प्रत्याशी वर्षा गढ़ी आगे चल रही हैं। इसके अलावा आदित्यपुर में बीजेपी प्रत्याशी मनोज श्रीवास्तव ने बढ़त ले ली है, जबकि रामगढ़ में ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन बीजेपी से से आगे है।
कहां से कौन आगे
कुल मिलाकर झारखंड में बीजेपी की बढ़त बरकरार है। आपको बता दें कि राज्य में भी भाजपा की सरकार है। गिरिडीह में बीजेपी के सुनील कुमार पासवान ने मेयर और प्रकाश राम ने डेप्युटी मेयर की सीट अपने नाम की है। हजारीबाग में भी मेयर की सीट बीजेपी का नाम रही है। लातेहार में मेयर की सीट पर बीजेपी आगे है। चिरकुंडा नगर परिषद (धनबाद) में भी बीजेपी ने बढ़त बना रखी है।
राज्य सरकार के कामकाज पर मुहर लगाएंगे नतीजे
रांची नगर निगम में 49.3 फीसद वोटिंग हुई थी। निकाय चुनाव में सबसे खास बात ये रही थी कि इस बार चुनाव दलीय आधार पर हुए थे। बीजेपी, कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और अन्य सभी पार्टियों ने मेयर और उप महापौर पदों के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों उतारे हैं। इस लिहाज से यह चुनाव राज्य की सियासत के लिए काफी अहम हो गए हैं। माना जा रहा है कि निकाय चुनाव के नतीजे एक तरह से मौजूदा राज्य सरकार के कामकाज पर मुहर के तौर पर काम करेंगे।
काउंटिंग के लिए खास तैयारियां
काउंटिंग के लिए प्रशासन की तरफ से खास तैयारियां भी की गई हैं। रांची नगर निगम के वोटों की गिनती के लिए 1274 पोलिंग ऑफिसर्स तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही 400 काउंटिंग असिस्टेंट, 400 रिटर्निंग ऑफिसर टेबल और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की फाइनल सीलिंग के लिए 386 अफसरों की तैनाती की गई है।
इस बार को वोटिंग प्रतिशत बेहतरीन रहा था। झारखंड निकाय चुनावों में 52.23 प्रतिशत वोट पड़े थे। राज्य की सबसे बड़ी शहरी लोकल बॉडी रांची नगर निगम में सबसे कम 49.3 प्रतिशत वोट ही पड़े थे जबकि पिछले साल यहां 34.13 प्रतिशत वोट पड़े थे।