मोदी कैबिनेट में अमित शाह के शामिल होने से चर्चाओं का बाजार गरम। भाजपा के अगले अध्यक्ष के लिए दावेदारों में शामिल हुए कई नाम। दावेदारों में पूर्व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का नाम आया सबसे ऊपर
नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव में मिले भारी बहुमत के बाद नरेंद्र मोदी एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बन गए हैं। गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके बाद मोदी कैबिनेट में शामिल मंत्रियों को भी शपथ दिलवाई गई। मोदी कैबिनेट में शामिल जिस मंत्री के नाम पर सबसे अधिक चर्चा है, वो है अमित शाह। दरअसल, भाजपा के मुखिया रहे अमित शाह के मंत्रीमंडल में शामिल होने के बाद पार्टी प्रमुख का पद खाली माना जा रहा है। उनके मंत्री बनते ही सियासी गलियारों में भाजपा के अगले अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि भाजपा में अमित शाह की जगह लेने वाले कई संभावित नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं, लेकन सबसे मजबूत दावेदारी पूर्व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की मानी जा रही है।
यूं तो नड्डा के नाम को लेकर पहले से ही अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन नई कैबिनेट में नड्डा के शामिल न होने से भाजपा अध्यक्ष के लिए उनका नाम लगभग तय माना जा रहा है। राजजीतिक जानकारों की मानें तो शाह के मोदी कैबिनेट में शामिल होने के बाद ‘एक व्यक्ति, एक पद’ सिद्धांत के तहत उनको भाजपा अध्यक्ष का पद त्यागना पड़ सकता है। जेपी नड्डा की अगर बात करें तो वह हिमाचल प्रदेश के ब्राह्मण समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। साफ—सुथरी छवि होने साथ ही भाजपा शीर्ष नेतृत्व के भी वह काफी करीबी माने जाते हैं।
भाजपा सूत्रों के अनुसार नड्डा फिलहाल संसदीय बोर्ड के भी मेंबर है। इसी से पार्टी में उनके कद का अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं नड्डा के साथ ही भाजपा महासचिव भूपेन्द्र यादव और ओपी माथुर भी अध्यक्ष पद के लिए प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।